Elderly Woman Murdered During Robbery in Doudpur दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर में लूटपाट के दौरान वृद्धा की हत्या, संदिग्ध युवक पकड़ाया, Chapra Hindi News - Hindustan
More

दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर में लूटपाट के दौरान वृद्धा की हत्या, संदिग्ध युवक पकड़ाया

दाउदपुर के शीतलपुर गांव में लूटपाट के दौरान 80 वर्षीय रुक्मिणी देवी की हत्या कर दी गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा। पुलिस जांच कर रही है और घटनास्थल से सामान भी बरामद किया गया है।

Fri, 12 June 2026 10:45 AMUmesh Kumar Pathak हिन्दुस्तान, छपरा
share
दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर में लूटपाट के दौरान वृद्धा की हत्या, संदिग्ध युवक पकड़ाया

दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर में लूटपाट के दौरान वृद्धा की हत्या, संदिग्ध युवक पकड़ाया दाउदपुर (मांझी)।

हत्या का विवरण

दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव में गुरुवार की देर शाम लूटपाट के दौरान एक वृद्धा की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। मृतका गांव निवासी रामजन्म पंडित की 80 वर्षीय पत्नी रुक्मिणी देवी थीं।

घटना का समय और स्थान

परिजनों ने बताया कि रुक्मिणी देवी रात करीब साढ़े आठ बजे घर के बाहर स्थित एक कमरे में अकेली सो रही थीं। उनके पति भोजन करने के लिए दूसरे घर गए थे। इसी दौरान गांव का ही एक युवक कमरे में घुस गया। मृतका की पुत्रवधू रेखा देवी की नजर उस पर पड़ गई। पूछताछ करने पर युवक भागने लगा। शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। इधर, परिजन कमरे में पहुंचे तो रुक्मिणी देवी बिस्तर पर मृत पड़ी थीं। उनके चेहरे, आंख व नाक पर चोट के निशान थे, जबकि गले पर दबाव के चिह्न पाए गए।

आरोप और साक्ष्य

परिजनों का आरोप है कि बदमाश ने वृद्धा के नाक का गहना भी नोच लिया। घटनास्थल की तलाशी के दौरान कमरे से एक मोबाइल फोन व चप्पल बरामद हुई है, जिसे ग्रामीण संदिग्ध युवक का बता रहे हैं। सूचना पर पहुंची दाउदपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संदिग्ध युवक और सबूत

कमरे से मिला मोबाइल व चप्पल घटना के बाद ग्रामीणों ने जिस युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा, उसके संबंध में पुलिस जांच कर रही है। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और चप्पल बरामद हुई है। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों सामान संदिग्ध युवक के हैं। पुलिस बरामद मोबाइल की भी जांच कर रही है तथा फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

दाउदपुर से संजय कुमार पांडेय

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।