अब गंगा किनारे गरजेगा बुलडोजर, पटना के कंगनघाट से लेकर दानापुर तक अतिक्रमण पर चलेगा पीला पंजा
डीएम ने बताया कि कंगनघाट से लेकर दानापुर तक गंगा किनारे की असर्वेक्षित भूमि पर अवैध रूप से सैकड़ों की संख्या में अस्थायी और स्थायी निर्माण करा लिए गए हैं। इस खाली भूमि पर कइयों की ओर से अपना दावा भी किया जा रहा है।

गंगा किनारे से अतिक्रमण हटाने के अभियान में और तेजी आएगी। इसके लिए पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने सभी संबंधित एसडीओ को निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि गंगा किनारे की असर्वेक्षित भूमि पर किसी की दावेदारी मान्य नहीं है। इस भूमि पर बड़ी संख्या में भूमाफिया ने अस्थायी और स्थायी निर्माण करा लिये हैं। ऐसे निर्माण को चिह्नित कर उसे ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बताया कि कंगनघाट से लेकर दानापुर तक गंगा किनारे की असर्वेक्षित भूमि पर अवैध रूप से सैकड़ों की संख्या में अस्थायी और स्थायी निर्माण करा लिए गए हैं। इस खाली भूमि पर कइयों की ओर से अपना दावा भी किया जा रहा है। इस क्षेत्र में सरकार की कई विकासात्मक योजनाएं संचालित होनी है। ऐसे में ये अवैध निर्माण इन योजनाओं में बाधा पहुंचाने के कार्य करेंगे। इस भूमि पर किसी का भी दावा मान्य नहीं है।
एसडीओ को अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी
सभी एसडीओ और पूलिस पदाधिकारियों को इस क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। कंगनघाट से दानापुर तक गंगा किनारे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई विशेष टीम द्वारा पिछले 15 दिनों से जारी है। इस दौरान कई स्थायी निर्माण को भी ध्वस्त किया गया है। इस कार्रवाई में और तेजी लाने के निर्देश विशेष टीम को दिया गया है।
गंगा की धारा बदलने से सैकड़ों एकड़ जमीन खाली
गंगा की धारा उत्तर की ओर बदलने से दक्षिणी किनारे पर सैकड़ों एकड़ जमीन खाली हुई है। डीएम ने बताया कि इस जमीन पर सरकार की कुछ योजनाएं संचालित होनी है। मानसून और बाढ़ के दिनों में इस खाली भूमि में पानी बढ़ने की प्रबल संभावना है। ऐसे में यहां बसे लोगों की जान-माल को क्षति हो सकती है। ऐसे में इस क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है।
मानसून में जलनिकासी को संप हाउस में 27 ट्रांसफार्मर लगेंगे
इधर मानसून में दानापुर और खगौल में जलजमाव से निजात को लगे 24 संप हाउस में अस्थाई 27 उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। पेसू इन संप हाउसों में 200 और 315 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाएगा। सभी जगहों को चिह्नित कर लिया गया। इनमें आरोही सिटी पीलर नंबर 221, घुड़दौड़ रोड पीलर नंबर 242, मिथिला कॉलोनी पीलर नंबर 262, नहर रोड पीलर नंबर 270, शक्ति मंदिर पीलर नंबर 285, रामजीचक पीलर नंबर 295 और पीलर नंबर 310 है। गोला रोड टी प्वाइंट, मुसहरी झकरी, बाजार समिति मोड़, सोनू मार्केट, संत करेंस स्कूल, पीजीएस मोड़ कोथवां शामिल है।
इसके अलावा रामासिस पथ देवलोक मंदिर रोड, न्यू मुबारकपुर आनंद बाजार, जतपतिया मंदिर करंजा रोड, हरिदासपुर पीलर नंबर 58, कोथमा मोड़ पीलर नंबर 90 के पास संप हाउस में लगाए जाएंगे। अभिमन्यु नगर पीलर नंबर 108, शिवाजी नगर पीलर नंबर 121, रुपसपुर नहर आरओबी नॉर्थ पीलर नंबर 155, रुपसपुर नहर आरओबी साउथ पीलर नंबर 155, जगदेव पथ पीलर नंबर 164, कुसुमपुरम पीलर नंबर 196, हाईटेक हॉस्पिटल के पास ट्रांसफार्मर लगेंगे।




साइन इन