BJP MP Sanjay Jaiswal lashes out at Prashant kishor for a viral photo चोर कितना भी शातिर हो, चोरी पकड़ी जाती है; प्रशांत किशोर पर क्यों बोले संजय जायसवाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

चोर कितना भी शातिर हो, चोरी पकड़ी जाती है; प्रशांत किशोर पर क्यों बोले संजय जायसवाल

प्रशांत किशोर को संजय जायसवाल ने राजनीतिक धंधेबाज करार दिया है। मामला एक वायरल फोटो का है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करके भाजपा सांसद ने पीके पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

Sat, 19 July 2025 09:52 AMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
चोर कितना भी शातिर हो, चोरी पकड़ी जाती है; प्रशांत किशोर पर क्यों बोले संजय जायसवाल

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के खिलाफ मोर्चा खोल रखे जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर पर भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने बड़ा हमला किया है। कहा है कि चोर कितना भी शातिर हो पर उसकी चोरी पकड़ी ही जाती है। पीके को जायसवाल ने राजनीतिक धंधेबाज करार दिया है। मामला एक वायरल फोटो का है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करके भाजपा सांसद ने पीके पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

फेसबुक पर संजय जायसवाल ने कहा है- "1994 से सार्वजनिक जीवन में प्रवेश पश्चात मेरी आदत रही है कि मैं कभी किसी विवाह अथवा श्राद्ध के आमंत्रण मिलने पर जरूर जाने का प्रयास करता हूं। दिल्ली में मेरे साथी सांसद रहे उदय सिंह जी की बेटी मालविका की शादी 2 फरवरी 2025 को थी। बच्चों को आशीर्वाद देने के बाद उदय जी से मिलाने मुझे बगल के हॉल में ले जाया गया जहां उदय सिंह जी के साथ प्रशांत किशोर बैठे थे। 2 मिनट रुक कर उनकी बेटी की शादी की शुभकामनाएं देकर मैं चला गया । प्रशांत जी से मेरी पहली और अभी तक की आखिरी मुलाकात है।"

संजय जायसवाल ने लिखा है - "दो दिनों से उदय सिंह जी की बेटी की शादी के समय की तस्वीर वायरल की जा रही है । कमरे में प्रशांत किशोर के कुछ चेलों के अलावा और कोई नहीं था। इसलिए जाहिर बात है यह तस्वीर प्रशांत किशोर ने ही थर्ड पार्टी से वायरल करवाया है। उदय सिंह जी मेरे साथी सांसद रहे हैं और उनकी श्रेणी मैं अच्छे से जानता हूं। परंतु प्रशांत किशोर एक राजनीतिक धंधेबाज है। उसने जानबूझकर इस तस्वीर को वायरल किया जिससे वह अपनी पहुंच बता सके।"

बीजेपी नेता ने कहा है- "चोर कितना भी शातिर क्यों ना हो परंतु उसकी चोरी पकड़ी जाती है। पीके ने यह नहीं सोचा कि तस्वीर में दो ग्लास भी आएंगे जिनका सेवन वह और उदय सिंह जी कर रहे थे। देश में बहुत सारे नेता हैं जो विभिन्न प्रकार के व्यवसाय करते हैं लेकिन प्रशांत किशोर एकमात्र व्यक्ति है जिसका धंधा राजनीति था और अब उसने अपने व्यवसाय को नेतागिरी का जरिया बना लिया है। प्रशांत किशोर ने अच्छा जनसुराज पार्टी बनाया है। दिनभर जनता के कल्याण की बातें करेंगे और रात में अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के साथ शराब पीकर उच्च व्यवहार का भाषण देंगे कि बिहार कैसे तरक्की करेगा।"

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।