Bihar will get another Vande Bharat train before elections Railway Minister tells the route चुनाव से पहले बिहार को मिलेगी एक और वंदे भारत ट्रेन, रेल मंत्री ने बताया रूट, Bihar Hindi News - Hindustan
More

चुनाव से पहले बिहार को मिलेगी एक और वंदे भारत ट्रेन, रेल मंत्री ने बताया रूट

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अगले 3-4 महीने के भीतर बिहार से एक और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन पटना-गोरखपुर रूट पर चलाई जाएगी।

Mon, 10 Feb 2025 08:25 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, हिटी, बेतिया/मुजफ्फरपुर
share
चुनाव से पहले बिहार को मिलेगी एक और वंदे भारत ट्रेन, रेल मंत्री ने बताया रूट

बिहार के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। बिहार को जल्द ही एक और वंदे भारत ट्रेन मिलने वाली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को बेतिया में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि बिहार की राजधानी पटना से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाई जाएगी। अगले 3-4 महीने के भीतर इसका परिचालन शुरू हो जाएगा। बता दें इस साल अक्टूबर-नवंबर में बिहार विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले ही पटना-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन दौड़ने लगेगी।

बिहार में फिलहाल 8 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें से पांच ट्रेनें पटना से ही खुलती हैं। पटना से अभी हावड़ा, रांची, लखनऊ, टाटानगर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं। जल्द ही पटना गोरखपुर रूट पर भी सेमी हाई स्पीड ट्रेन की सुविधा मिल जाएगी। पटना से छपरा, सीवान होते हुए गोरखपुर तक वंदे भारत चलाई जा सकती है। हालांकि, पूरा रूट अभी फाइनल नहीं हुआ है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना से मुजफ्फरपुर नमो भारत ट्रेन चलेगी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का ऐलान

मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए चलेगी अमृत भारत ट्रेन

जल्द ही मुजफ्फरपुर से देश की राजधानी दिल्ली के बीच अमृत भारत ट्रेन जल्द चलाई जाएगी। साथ ही पटना से मुजफ्फरपुर के बीच नमो भारत ट्रेन शुरू की जाएगी। ये घोषणाएं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को बिहार यात्रा के दौरान की। उन्होंने कहा कि नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा रेलवे लाइन का दोहरीकरण होने से उत्तर बिहार में ट्रेनों का नेटवर्क मजबूत हो जाएगा। इस इलाके में भी अमृत भारत, वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें फर्राटा मारने लगेंगी।

पटना से भागलपुर के बीच वंदे भारत की घोषणा जल्द

इसके अलावा पटना और भागलपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन भी जल्द शुरू की जा सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। वे भागलपुर से कृषि विभाग के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे भागलपुर से पटना के बीच नई वंदे भारत ट्रेन चलाने की घोषणा कर सकते हैं। रेलवे के अधिकारी इसकी तैयारी में जुटे हैं। हालांकि, आधिकारिक रूप से फिलहाल कुछ भी नहीं कहा गया है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।