Bihar Weather: बिहार में मौसम खूब छका रहा, पटना में छाए रहेंगे बादल; जानिए अन्य जिलों का हाल
Bihar Weather: पटना का अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में पिछले एक सप्ताह से लगातार बढ़ोतरी होने के कारण अब लोगों को रात में भी गर्मी का एहसास होने लगा है। दिन में तो लोगों के पसीने छूट ही रहे हैं।
Bihar Weather: पटना में सोमवार की दोपहर बाद कई प्रखंडों में बूंदाबांदी हुई। वहीं दोपहर में सूरज के तेवर तल्ख थे। वहीं मंगलवार को पटना जिले के एक-दो स्थानों पर आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। इस कारण तापमान में विशेष बदलाव होने के आसार नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।
पटना का अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में पिछले एक सप्ताह से लगातार बढ़ोतरी होने के कारण अब लोगों को रात में भी गर्मी का एहसास होने लगा है। दिन में तो लोगों के पसीने छूट ही रहे हैं। सोमवार सुबह से आसमान साफ था। लेकिन, दोपहर बाद राजधानी में कई जगहों पर आंशिक बादल का प्रभाव देखा गया। इस दौरान दानापुर इलाके के कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई। इसी कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई।
गयाजी में कैसा है मौसम
एक दिन पहले रविवार का दिन गयाजी जिले में इस सीजन का सबसे गर्म रहा। लेकिन,दूसरे दिन सोमवार को बादल छाए और अधिकतम तापमान में दो डिग्री की कमी आयी गई। चक्रवाती संचरण के प्रभाव से रविवार की रात से बादल छाए। सोमवार की सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर बाद धूप निकली,लेकिन रविवार की तुलना में कमजोर रही। नतीजा बादल से अधिकतम तापमान घट गया तो न्यूनतम बढ़ गया। सोमवार को अधिकतम 31.6 व न्यनूतम 20.6 डिग्री रहा। रविवार को अधिकतम 33.5 व न्यनूतम 19.4 डिग्री रहा था। पिछले साल 2025 में 9 मार्च को अधिकतम 32.6 व न्यूनतम 13.6 रहा था।
मौसम विशेषज्ञ एसके पटेल ने बताया कि उड़ीसा के ऊपर एक चक्रवाती संचरण बना हुआ है। इसका मूवमेंट थोड़ा ऊपर है। इस वजह से सोमवार को बादल छाए। अधिकतम घटा और न्यनूतम तापमान बढ़ गया। मंगलवार की सुबह हल्के बादल का अनुमान है। घने बादल या बारिश की संभावना नहीं है। मालूम हो कि रविवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म रहा था। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक 33.5 डिग्री रहा। तीन दिनों से लगातार अधिकतम तापमान बढ़ रहा था। सोमवार को बादल छाए तो बढ़ते तापमान पर ब्रेक लग सकता है।
जहानाबाद में छाए रहे बादल
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को जहानाबाद में आसमान में हल्के बादल छाए रहे। हालांकि इस दौरान तेज हवा नहीं चली और न ही छिटपुट बारिश हुई। सोमवार की सुबह की शुरुआत धुंध से हुई। सूरज की रौशनी में भी उतनी चमक नहीं दिखी। मंद-मंद पूरवैईया हवा चलती रही, जिसने उमस को काफी बढ़ा दिया। इधर, आसमान में बादल छाए रहने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। उन्हें आशंका सता रही है कि अगर आंधी और बारिश का प्रकोप हुआ तो रबी फसलों पर संकट आ जाएगा। तेज हवा से आम के मंजर झड़ सकते हैं। गेहूं की जिस फसल में दाने लग रहे हैं, उसको भी नुकसान पहुंचने की आशंका जतायी जा रही है।
धरनई गांव के किसान मृत्युंजय शर्मा ने बताया कि आंधी और बारिश से सरसो तथा राई की फसल को काफी नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि खेत में चना और मसूर की फसल पक कर तैयार है। अगर बारिश हुई तो फसल की दौनी में काफी परेशानी होगी। मसूर और चना के दानों के काले पड़ जाने की संभावना है। वहीं आम के मंजर को भी नुकसान पहुंचेगा।
मौसम में बदलाव से बारिश की संभावना
मौसम में आए बदलाव के बीच सोमवार को बारिश होने की संभावना बनी रही। हालांकि देर रात तक बारिश की उम्मीद लगाए लोगों की हसरत पूरी नहीं हो सकी। बारिश होने से किसानों को काफी राहत मिल सकती है। मालूम हो कि पिछले दो दिनों से मौसम में बदलाव नजर आ रहा है। दो दिनों से बादल छाए रहने के साथ मौसम शुष्क रह रहा है। सोमवार को भी पूरे दिन बादल छाए रहने के बीच मौसम शुष्क बना रहा। मौसम के बदलते मिजाज से जिले में धूप-छांव की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग द्वारा बारिश के साथ तेज हवा की संभावना ने किसानों को चिंता में डाल दिया है।
सोमवार को भी धीरे-धीरे मौसम का रूख बदलने के कारण धूप-छांव के अलावे हल्की हवा चलती रही। खासकर आम व लीची के पौधे में मंजर के झड़ने की आशंका से किसान परेशान बने हुए है। किसान रविशंकर कुमार, भोला दास, रामचंद्र यादव आदि ने बताया कि बारिश होने पर फसल को फायदा ही होगा। लेकिन अगर तेज हवा बहती है तो फसल के खेतों में गिरने का डर सता रहा है। उन्होंने कहा कि खासकर मक्का, गेहूं की फसल गिरने से परेशानी हो सकती है। दूसरी तरफ कृषि विज्ञान केन्द्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. आरपी शर्मा ने बताया कि बारिश होने से सभी फसलों को फायदा होगा। आम व लीची के मंजर धूला जाएगा। हालांकि तेज हवा बहने पर परेशानी हो सकती है।
सीतामढ़ी में बारिश के आसार
मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। आसमान में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक जिले में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम में आए इस बदलाव से किसान भी चिंतित नजर आ रहे हैं।
विभाग के अनुसार मंगलवार से गुरुवार तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी के साथ तेज हवा चलने की भी संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवा के साथ वज्रपात होने की भी आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है।




साइन इन