कल का मौसम बिहार 18 मई: गर्मी से राहत नहीं, पटना, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में ठनका-बारिश के आसार
पटना आईएमडी के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी के कुछ हस्से, अंडमान द्वीप समूह एवं अंडमान सागर के कुछ भाग में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इसका असर बिहार के मौसम पर पड़ने की संभावना है।

Bihar Weather Update: बिहार इन दिनों चिलचिलाती गर्मी की चपेट में है। पटना समेत राज्य के सभी जिलों में उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। रविवार 17 मई को पटना, सीवान, गया, सासाराम, बक्सर समेत राज्य के कई जिलों में तापमान चालीस डिग्री के पार रहा। कल 18 मई को गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। पटना आईएमडी की ओर से बताया गया है कि अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी के कुछ हस्से, अंडमान द्वीप समूह एवं अंडमान सागर के बाकी भाग में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इसका असर बिहार, झारखंड, ओडिशा जैसे राज्यों के मौसम पर देखा जा सकता है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक आगामी 26 मई के आसपास दक्षिण पश्चिमी मानसून के केरल तट पर पहुंचने की संभावना है। यह समय सीमा 4 दिन आगे-पीछे हो सकती है। बिहार में तापमान पूर्वानुमान की बात करें तो अगले तीन चार दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। 18 को बिहार के मौसम के बारे में कहा गया है कि तापमान में कमी के आसार नहीं हैं। 18 मई को बक्सर, पूर्वी चंपारण, शेखपुरा, पटना के शहरी क्षेत्र, गया, औरंगाबाद जिलों में हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, नेपाल की तराई से सटे मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, चंपारण में गरज के साथ हल्के या मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
आज रविवार के तापमान की बात करें तो राज्य का सर्वाधिक तापमान 43.4 डिग्री सेंटीग्रेड रोहतास के देहरी में दर्ज किया गया। इसके अलावा बक्सर में 42.8 डिग्री सेल्सियस, शेखपुरा में 42 डिग्री सेल्सियस, कैमूर में 42.6 डिग्री सेल्सियस, सीवान में 40.3 डिग्री सेल्सियस, पटना में 40.6 डिग्री सेल्सियस, औरंगाबाद में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को राज्य के 20 शहरों में तापमान में बढ़ोतरी देखी गई जबकि राज्य के अन्य शहरों में टेंपरेचर स्थिर रहा या थोड़ा बहुत नीचे गिरा। रविवार के मधुबनी समेत कई जिलों में गरज से साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर की गति से तेज हवा बहने की अल्पकालीन चेतावनी दी गई। मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, मोतिहारी समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। इसका असर कल सोमवार के वेदर कंडीशन पर देखा जा सकता है।




साइन इन