Bihar Weather Report rain in gaya nalanda jamui and jahanabad lightning strike in other districts Bihar Weather Report: घर से छाता लेकर ही निकलें, बिहार के कई जिलों में भारी बारिश; आगे कैसा रहेगा मौसम, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Weather Report: घर से छाता लेकर ही निकलें, बिहार के कई जिलों में भारी बारिश; आगे कैसा रहेगा मौसम

Bihar Weather Report: बिहार के तीन जिलों गयाजी, नवादा और जमुई में बहुत भारी वर्षा, जबकि नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा में भारी बारिश के आसार हैं। अन्य जगहों पर 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने के साथ-साथ वज्रपात और मेघ गर्जन को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

Tue, 15 July 2025 05:55 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, प्रधान संवाददाता, पटना
share
Bihar Weather Report: घर से छाता लेकर ही निकलें, बिहार के कई जिलों में भारी बारिश; आगे कैसा रहेगा मौसम

Bihar Weather Report: बिहार में मानसून की गतिविधियां सक्रिय हुई हैं। इससे बादलों की आवाजाही बढ़ी है। मौसम में आए बदलाव की वजह से कई जिलों में लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसमविदों के अनुसार मंगलवार को पटना सहित आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ-साथ कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ छिटपुट वर्षा की भी संभावना है। बिहार के तीन जिलों गयाजी, नवादा और जमुई में बहुत भारी वर्षा, जबकि नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा में भारी बारिश के आसार हैं। अन्य जगहों पर 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने के साथ-साथ वज्रपात और मेघ गर्जन को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

सोमवार को पटना सहित आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही बने रहने के साथ छिटपुट बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इनके प्रभाव से बिहार में अगले चार दिनों के दौरान वर्षा के आसार हैं। सोमवार को पटना सहित 19 जिलों में बारिश दर्ज की गई।

सोमवार को मौसम विभाग की ओर से जारी आकंड़े के अनुसार वैशाली, बांका, समस्तीपुर, शिवहर, लखीसराय, नालंदा, पूर्वी चंपारण, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, मुंगेर, पूर्णिया और भागलपुर में झमाझम वर्षा दर्ज की गई है। वैशाली के भगवानपुर में 55.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री व 36.7 डिग्री वाल्मीकि नगर में दर्ज किया गया।

इन जगहों पर हुई बारिश

बांका में 53.8 मिमी, वैशाली के जनदाहा में 50.2 मिमी, समस्तीपुर के पूरा में 49.6 मिली, शिवहर में 48.6 मिमी, लखीसराय के बरहिया में 48.4 मिमी, शेखपुरा के घाट कुसुंबा में 45.2 मिमी, नालंदा के सरमेरा में 45.2 मिमी, बेगूसराय के नावकोठी में 41.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।