Bihar Weather report orange alert for rain storm in state by IMD heavy rain forecast in 20 districts Bihar Weather: पूरे बिहार में आंधी-पानी का ऑरेंज अलर्ट, 20 जिलों में झमाझम बारिश दिलाएगी गर्मी से राहत, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Weather: पूरे बिहार में आंधी-पानी का ऑरेंज अलर्ट, 20 जिलों में झमाझम बारिश दिलाएगी गर्मी से राहत

राज्य के सभी भागों में आज बारिश के साथ आंधी का ऑरेंज अलर्ट है वहीं, प्रदेश के 20 जिलों में मुसलाधार बारिश और हवा की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा रहने की संभावना जताई गई है।

Sat, 2 May 2026 06:32 AMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
Bihar Weather: पूरे बिहार में आंधी-पानी का ऑरेंज अलर्ट, 20 जिलों में झमाझम बारिश दिलाएगी गर्मी से राहत

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पिछले 3-4 दिनों से जारी मौसम का रुख आज भी बना रहेगा। राज्य के सभी भागों में आज बारिश के साथ आंधी का ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है वहीं, प्रदेश के 20 जिलों में मुसलाधार बारिश और हवा की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा रहने की संभावना जताई गई है। आज झुलसाने वाली गर्मी से राहत रहेगी। राज्य में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। 5 मई से फिर तापमान बढ़ने के आसार हैं। सूर्योदय का वक्त 05:14 AM बजे तो सूर्यास्त शाम 06:27 PM बजे होने की उम्मीद है। शनिवार को वातावरण में नमी का स्तर 46 % है तो वायुमंडलीय दबाव 1006 के स्तर पर कायम है।

आज पटना,मुजफ्फरपुर, भागलपुर समेत 20 जिलों में तेज बारिश हो सकती है। हवा की गति भी 50 किलो मीटर प्रति घंटा के आसपास रहेगी। कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 को पार कर सकती है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि राज्य के अन्य जिलों में भी बारिश हो सकती है लेकिन, इसकी मात्रा कम रहने के आसार हैं। राज्य के कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी जिससे झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलेगी। बताया जा रहा है कि आज से से 5 मई के बीच बिहार और झारखंड समेत देश के 15 राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। निचले स्तर की हवाओं और वायुमंडलीय पैटर्न के कारण मैदानी इलाकों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बात बताई गई है। बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।

शुक्रवार को भी कई जिलों में बारिश हुई। कहीं तेज तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश से शादी, विवाह के घरों में परेशानी हुई। बीते 24 घंटों के बीच मोतिहारी, बेतिया,मुजफ्फरपुर, शिवहर, रक्सौल, सीतामढ़ी के कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। राजधानी पटना,अररिया, किशनगंज समेत कई जिलों में हल्की बारिश के कारण मौसम सुहाना रहा। कैमूर में तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस की कमी पाई गई। रोहतास और जहानाबाद में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आज सुबह से कई जिलों में ठंडी हवा के प्रभाव से मौसम सुहाना देखा जा रहा है। मुजफ्फरपुर आसमान में बादल के बीच सूर्य दिखने लगा है लेकिन, तापमान सामान्य स्तर पर है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।