Bihar Weather: बिहार के दक्षिण में गर्म दिन और लू की चेतावनी, उत्तर के इन जिलों में आंधी-बारिश; मौसम के दो रंग क्यों?
Bihar Weather: उत्तर बिहार के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार,सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर , पूर्वी एवं पश्चिम चंपारण, सीवान और सारण के कुछ भागों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर आंधी-पानी के आसार हैं।

Bihar Weather: पुरवा और पछुआ के अलग-अलग प्रभाव से बिहार में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी का प्रकोप है तो सीमांचल और आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही और आंधी-पानी के कारण लोगों को तपिश से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने दक्षिण बिहार के छह जिलों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद एवं गयाजी में सोमवार को गर्म दिन और लू चलने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
जबकि, उत्तर बिहार के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार,सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर , पूर्वी एवं पश्चिम चंपारण, सीवान और सारण के कुछ भागों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर आंधी-पानी के आसार हैं। 26 को दक्षिण- पश्चिम बिहार को छोड़कर राज्य भर में आंधी पानी की स्थिति बन सकती है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान तीन से चार डिग्री तक अधिकतम तापमान में कमी के आसार हैं।
रविवार को मधेपुरा जिले में 56 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली। इस दौरान कटिहार के प्राणपुर में सर्वाधिक 75.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री रहा जबकि 44.8 डिग्री के साथ डेहरी में प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। गया का 42.8 , छपरा का 41.2, शेखपुरा में 42.8 डिग्री, बक्सर में 43.9, औरंगाबाद में 43.1, नालंदा में 40.4, कैमूर में 43.7 और अरवल में 40.5 डिग्री अधिकतम तापमान रिकाॅर्ड किया गया।
मुजफ्फरपुर में 2 दिन राहत की उम्मीद
मुजफ्फरपुर जिले में मौसम दो दिन राहत दे सकता है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कुछ जगहों पर बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इधर, बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में दो और न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इसका कारण आसपास के कुछ जिलों मे बारिश होना बताया गया है।
पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि जिले में अभी जेट स्ट्रीम का असर बना हुआ है। इससे मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आगे भी यह दौर जारी रहने की संभावना है। बताया कि अगले दो दिनों तक जिले में कुछ स्थानों पर तेज हवा के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे 48 घंटे के बाद तापमान में औसतन दो से तीन डिग्री की कमी हो सकती है।
भागलपुर में बारिश का दौर
सोमवार को रोहिणी नक्षत्र में सूरज के प्रवेश करने के साथ ही नौतपा शुरू हो जाएगा। माना जाता है कि मानसून में अच्छी बारिश के लिए नौतपा में भीषण गर्मी पड़ना जरूरी होता है। लेकिन मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस बार नौतपा में भीषण गर्मी पड़ने के बजाय हल्की गर्मी व ज्यादा उमस वाले मौसम के बीच फुहारों का दौर चलेगा।
इन मौसमी कारकों के प्रभाव से सोमवार को जहां दिन में सूरज की तपिश रहेगी तो वहीं दोपहर बाद या फिर शाम से आंशिक रूप से बादल छाएंगे, जिससे लोग गर्मी व उमस का सामना करेंगे। वहीं मंगलवार से 30 मई तक आंधी संग हल्की बारिश या बूंदाबांदी होगा।
गया में लू से राहत नहीं
लगातार चार दिनों से तीखी धूप और गर्म हवा कहर बरपा रही है। सुबह से निकल रही बदन झुलसा देने वाली धूप और गर्म पछुआ के थपेड़ों से जनजीवन बेहद हलकान है। लगातार पांच दिनों से गर्मी बढ़ने के साथ-साथ तापमान भी बढ़ रहा है। रविवार को अधिकतम सामान्य से तीन डिग्री अधिक 42.8 और न्यूनतम नार्मल से दो डिग्री अधिक 27.4 रहा। मौसम विशेषज्ञ एस के पटेल ने बताया कि अगले दो दिनों में भी भीषण गर्मी व लू से राहत का अनुमान नहीं है।




साइन इन