Bihar Weather fog continue for three days cold in morning and evening said imd Bihar Weather: बिहार में तीन दिन तक कोहरे का कहर, सुबह-शाम पड़ेगी ठंड; मौसम का हाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Weather: बिहार में तीन दिन तक कोहरे का कहर, सुबह-शाम पड़ेगी ठंड; मौसम का हाल

Bihar Weather: पटना में मंगलवार को सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। सोमवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।

Tue, 16 Dec 2025 07:47 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share
Bihar Weather: बिहार में तीन दिन तक कोहरे का कहर, सुबह-शाम पड़ेगी ठंड; मौसम का हाल

Bihar Weather: बिहार के एक-दो स्थानों पर अगले तीन दिनों तक सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। हालांकि जैसे-जैसे दिन चढ़ता जाएगा, वैसे-वैसे आसमान साफ होता जाएगा। हालांकि सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड का अहसास होगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन-चार दिनों तक विशेष बदलाव होने का पूर्वानुमान नहीं है। इस कारण राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा।

सोमवार को राज्य के अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। प्रदेश का अधिकतम तापमान 24.3 से 28.6 और न्यूनतम तापमान 09.9 से 16.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। इस कारण प्रदेश का सबसे कम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस भागलपुर के सबौर में और सबसे अधिक तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस फारबिसगंज में दर्ज किया गया। सबसे कम दृश्यता 300 मीटर गयाजी में दर्ज हुआ।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्टार्ट करते ही कार में लगी आग, पास खड़ी 5 बाइक भी जलकर खाक; पटना में अफरातफरी

पटना का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा

पटना में मंगलवार को सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। सोमवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। पटना का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज से बढ़ सकती है ठंड

इधर मुजफ्फरपुर जिले में सर्दी का असर मंगलवार से बढ़ सकता है। कारण यह है कि हवा का रुख पछिया हो गया है। सोमवार दोपहर से हवा के रुख में बदलावा आया है। इससे पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवा का असर जिले में बढ़ सकता है। दिन में देर तक कोहरे और धुंध दिख सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से सूरज की तपिश में आई तेजी कम होने से कनकनी बढ़ने की संभावना जताई है। इस बीच पिछले 24 घंटों में मौसम में कोई विशेष बदलाव नहीं आया।

अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी 0.2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस ऊपर 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। जबकि दोपहर एक बजे तक पुरवा हवा चलने के बाद रुख बदलकर पछिया हो गया।

सुबह छाया रहेगा कुहासा

पूर्णिया जिले में मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक सुबह-सुबह हल्का कुहासा छाए रहने की संभावना है। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं होगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।