Bihar Vidhansabha: आज से बिहार विधानसभा का मानसून सत्र (Bihar Assembly Monsoon Session) शुरू हो चुका है। मानसून सत्र की शुरुआत काफी हंगामेदार रही। सदन के बाहर जहां विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर हंगामा करता नजर आया तो वहीं सदन के अंदर भी शोर शराबा हुआ। सदन के बाहर विपक्ष के सदस्य बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार को घेरते नजर आए। विपक्ष के नेताओं के हाथ में तख्ती नजर आया जिसमें बिहार में गुंडा राज की बातें लिखी गई थीं।
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया है कि भाजपा हत्या करवा रही है। भाजपा चाहे तो हत्या रुक सकती है। मंत्रिमंडल में दागी को शामिल किया गया है। समाज का कोई भी व्यक्ति अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है। अबकी बार महागठबंधन की सरकार बननी तय है। वहीं कांग्रेस और एआईएमआईएम के नेताओं ने बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण को लेकर सरकार को घेरा। फिलहाल सदन की कार्यवाही को मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
बता दें कि 17वीं विधानसभा का यह सत्र पांच दिनों का होगा। सोमवार से शुक्रवार तक चलने वाला यह सत्र छोटा जरुर है लेकिन काफी अहम है। इसी साल के अंत तक बिहार विधानसभा के चुनाव (Bihar Assembly Election) भी होंगे। ऐसे में नीतीश सरकार की यह कोशिश होगी कि इस विधानमंडल के मानसून सत्र में कई अहम विधेयकों को पास कराया जाए। जानकारी के मुताबिक, मानसून सत्र में नीतीश सरकार दर्जनभर विधेयक लाएगी। इनमें चार मूल जबकि आठ संशोधन विधेयक हैं। बिहार विधानसभा तथा बिहार विधान परिषद से इन्हें पारित करा सरकार शीघ्र ही विधेयकों को कानून की शक्ल में राज्य में लागू करेगी। इनमें से आधा दर्जन से अधिक विधेयक युवाओं, बेरोजगारों, कामगारों, रैयतों आदि के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
21 Jul 2025, 04:24:53 PM IST
Bihar Vidhansabha Live: सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर 8083 करोड़ खर्च करेगी सरकार, बोले सम्राट चौधरी
राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर 8083 करोड़ खर्च करेगी। सोमवार को राज्य सरकार ने इसकी मांग को लेकर विधानसभा में 57946.2541 करोड़ का प्रथम अनुपूरक बजट पेश किया। इसमें राज्य सरकार अपनी पेंशम योजनाओं के लिए 5168 करोड़ खर्च करेगी जबकि केन्द्रीय योजना के राज्यांश के रूप में 2915 करोड़ खर्च होंगे। इसके अलावा सम्ग्र शिक्षा अभियान के लिए 2127.10 करोड़, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए 1000 करोड़, औद्योगिक विकास के लिए भूअर्जन हेतप 1000 करोड़, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए 725 करोड़, बालक-बालिका साइकिल योजना के लिए 369 करोड़ खर्च होंगे। उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि प्रथम अनुपूरक बजट में वार्षिक योजना मद में 36169.3431 करोड़, स्थापनाा एवं प्रतिबद्ध व्यय मद में 21773.2755 करोड़, केन्द्रीय क्षेत्र योजना मद में 3.63 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव है।
21 Jul 2025, 04:23:29 PM IST
Bihar Vidhansabha Live: विधानसभा का अंतिम सत्र है, अधूरे काम पूरे करें; एनडीए विधायक दल की बैठक में बोले नीतीश कुमार
बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र के बीच एनडीए विधायक दल की बैठक हुई। जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधायकों से अपने-अपने क्षेत्र की लंबित योजनाओं को पूरा कराने को कहा, साथ ही विधायकों से क्षेत्र के विकास को लेकर भी काम करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि यह इस विधानसभा का अंतिम सत्र है, लिहाजा सारे अधूरे कार्य पूरे करें। सरकार के बेहतर कार्यों का संदेश आम लोगों के बीच पहुंचाने का भी टास्क भी मिला है। मुफ्त बिजली और पेंशन की राशि बढ़ने को लेकर विधायकों ने की सरकार की तारीफ की।
21 Jul 2025, 01:01:23 PM IST
Bihar Vidhansabha Live: मतदाता पुनरीक्षण पर चर्चा कराना जरूरी- तेजस्वी यादव
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन के विधायक दलों की अहम बैठक विधानसभा के परिसर में हुई। बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि विधानसभा में वोटर लिस्ट के मुद्दे पर हर हाल में चर्चा कराई जाए नहीं तो इसके गंभीर नतीजे होंगे। आज से सत्र शुरु हो गया है। अभी महागठबंधन के विधायक दलों की बैठक खत्म हुई है। उन्होंने बताया कि महागठबंधन के प्रतिनिधियों ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर स्पष्ट रूप से कहा है कि वोटर लिस्ट से नाम कटने की साजिश पर चर्चा कराना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विधानसभा में इस विषय को नजरअंदाज किया गया तो इसका राजनीतिक और लोकतांत्रिक जवाब दिया जाएगा।
21 Jul 2025, 12:22:46 PM IST
Bihar Vidhansabha Live: सदन की कार्यवाही स्थगित
सभापति अवधेश नारायण सिंह ने मानसून सत्र को लेकर डॉ संजीव कुमार सिंह, प्रो. नवल किशोर यादव, डॉ. मदन मोहन झा और महेश्वर सिंह को अध्यासी सदस्य मनोनीत किया। वही, सोमवार को बिहार विधान परिषद में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने हिन्दू धार्मिक न्यास संशोधन विधेयक, 2025 पेश किया। इसके बाद शोक प्रकाश के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
21 Jul 2025, 12:22:17 PM IST
Bihar Vidhansabha Live: पहले दिन विपक्ष के तेवर तल्ख
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन विपक्ष के तेवर काफी तल्ख नजर आए। सदन के बाहर विपक्षी नेताओं ने जमकर प्रदर्शन किया तो सदन के अंदर भी प्रदर्शन हुए। बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर मतदाता पुनरीक्षण का मुद्दा सदन में गूंजा।
21 Jul 2025, 11:58:07 AM IST
विधान परिषद में हिन्दू धार्मिक न्यास संशोधन विधेयक पेश
बिहार विधान परिषद में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने हिन्दू धार्मिक न्यास संशोधन विधेयक, 2025 पेश किया है।
21 Jul 2025, 11:30:37 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: अनुपूरक व्यय विवरणी को सदन में पेश
बिहार विधान परिषद में श्रम मंत्री संतोष सिंह ने 57,946.25 करोड़ रुपये का प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी को सदन में पेश किया। इसमें वार्षिक स्कीम मद में 36,169 करोड़,स्थापना मद में 21,773 करोड़ और केंद्रीय क्षेत्र स्कीम मद में 3.63 करोड़ करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे।
21 Jul 2025, 11:23:20 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: विधानसभा की कार्यवाही स्थगित
बिहार विधानसभा में 57946.2541 करोड़ का प्रथम अनुपूरक बजट पेश किया गया है। विधानसभा की कार्यवाही को मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
21 Jul 2025, 11:15:22 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: बेल में पहुंचे AIMIM विधायक
बिहार विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ है। AIMIM के विधायक अख्तर ऊल ईमान बेल में पहुंच गए थे। मतदाता पुनरीक्षण के माध्यम से लोगों का नाम मतदाता सूची से काटने का आऱोप लगा वो प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने बैनर दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया है।
21 Jul 2025, 11:09:51 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: बिहार विधान परिषद की भी कार्यवाही शुरू
बिहार विधान परिषद के मानसून सत्र की कार्यवाही भी सोमवार को शुरू हुई। सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने सदस्यों से जनहित से जुड़े सवालों को 5 दिवसीय सत्र के दौरान उठाने की उम्मीद जताई।
21 Jul 2025, 11:09:07 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: बिहार विधानसभा में नारेबाजी
बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सदन में नारेबाजी की। विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव के संबोधन के दौरान विपक्ष के कई नेता नारेबाजी करते नजर आए। विपक्ष के नेता लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगा रहे थे।
21 Jul 2025, 11:06:29 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू
बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने अपने संबोधन दिया। उन्होंने सदन में मौजूद विधायकों को धन्यवाद दिया और उम्मीद जताई कि सभी सदस्य विधानसभा की गरिमा बनाए रखेंगे। नंद किशोर यादव ने यह भी उम्मीद जताई की सदन की कार्यवाही में सभी सदस्य सहयोग करेंगे।
21 Jul 2025, 11:00:39 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: विधानसभा पहुंचीं राबड़ी देवी
बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी सदन की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंच चुकी हैं। सोमवार को उनके आते ही राजद के विधान पार्षदों ने उनकी आगवानी की है। बता दें कि सदन के बाहर पहले से ही विपक्ष के नेता जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
21 Jul 2025, 10:55:27 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: मतदाता पुनरीक्षण से गरीबों का नाम हटा रहे - राजेश राम
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण के नाम पर गरीबों का नाम हटाया जा रहा है। विधि व्यवस्था का बुरा हाल है। अपराधियों की मौज है। सरकार जवाब दे वरना हम सदन चलने नहीं देंगे। राजद विधायक मुकेश रौशन ने कहा कि बिहार की खराब विधि व्यवस्था पर हम चुप नहीं बैठेंगे।
21 Jul 2025, 10:47:20 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: काला कपड़ा पहन विधानसभा आए विधायक
भाकपा माले के विधायक काला कपड़ा पहनकर बिहार विधानसभा में आए हैं। वे मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण का विरोध कर रहे हैं। सत्यदेव राम ने कहा कि सरकार एन आर सी लागू कर रही है। वोटबंदी की जा रही है। गरीबों का नाम काटा जा रहा है। उनके लोकतान्त्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
21 Jul 2025, 10:40:28 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: संप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ हम महागठबंधन के साथ - AIMIM विधायक
एआईएमआइएम के अख्तरुल ईमान ने कहा कि संप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ हम महागठबंधन के साथ हैं। मतदाता पुनरीक्षण आम लोगों को वोट के अधिकार से वंचित करने की साजिश है। बाहरी का वोटर कार्ड नहीं बनना चाहिए। विदेशी को बाहर करने की जिम्मेवारी सरकार की ही है। अफवाह फैलाई जा रही है। समाज के सच्चे नागरिक और गरीबों का नाम हटाया जा रहा है।
21 Jul 2025, 10:33:35 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: बिहार विधानसभा के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आज पहला दिन है। पहले ही दिन विपक्ष ने जता दिया है कि यह सत्र हंगामेदार हो सकता है। विधानसभा के बाहर विपक्ष के नेताओं ने हाथ में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। विपक्ष ने इन तख्तियों के जरिए बिहार में गुंडाराज का आरोप लगाया और विधानसभा परिसर में नारे लगाए।
21 Jul 2025, 10:31:11 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: BJP हत्या करवा रही है - विधायक भाई वीरेंद्र
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया है कि भाजपा हत्या करवा रही है। भाजपा चाहे तो हत्या रुक सकती है। मंत्रिमंडल में दागी को शामिल किया गया है। समाज का कोई भी व्यक्ति अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है। अबकी बार महागठबंधन की सरकार बननी तय है।
21 Jul 2025, 10:25:40 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: विधानसभा पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आज पहला दिन है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानसभा पहुंच चुके हैं। नीतीश कुमार के साथ विजय चौधरी और कुछ अन्य नेता भी नजर आए हैं।
21 Jul 2025, 10:24:20 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: जमीन विवाद की प्रमंडल स्तर पर होगी सुनवाई
बिहार विधानसभा में भूमि राजस्व से जुड़े तीन अहम बिल पेश होंगे। विशेष भूमि सर्वेक्षण बिल में सेटलमेंट आफिसर का निर्णय अंतिम होता था। अब प्रमंडल स्तर पर अपीलीय प्राधिकार होगा। शहरी क्षेत्रों में भी सर्वे का प्रावधान होगा। कृषि भूमि को अन्य कार्यों में उपयोग के लिए डीसीएलआर और समकक्ष पदाधिकारी भी नामित होंगे। जमीन दर तय करने का प्रावधान अब नियमावली से होगी।
21 Jul 2025, 10:15:36 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: कामगारों की हितों की रक्षा के लिए बिल
विधेयक के जरिए प्रावधान किया जाएगा कि किस तरह इतनी बड़ी तादाद में युवाओं को कौशलयुक्त बना उन्हें रोजगार दिया जाएगा। छोटे दुकानों में काम करने वाले कामगारों के लिए भी सेवाशर्त तय होगी। स्वीगी और जोमैटो आदि में अंशकालिक (गीग) कामगारों के हितों की रक्षा के लिए भी बिल लाया जा रहा है। नगर निकायों के अधिकारों को बढ़ाने की तैयारी सरकार ने संशोधन विधेयक के जरिए की है। पिछले साल अधिकारों में कटौती को लेकर नगर निकायों के प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई थी। अब सरकार वर्तमान में लागू प्रावधानों की चार धाराओं में संशोधन करने जा रही है।
21 Jul 2025, 10:04:01 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: रोजगार को लेकर अहम विधेयक
बिहार विधानमंडल में 22 और 23 जुलाई को राजकीय विधेयक पेश किये जाएंगे। श्रम संसाधन विभाग के 4, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के 3, वित्त, पशु एवं मत्स्य संसाधन, नगर विकास एवं आवास, विधि और वाणिज्यकर विभागों के एक-एक विधेयक सरकार ला रही है। जो 12 विधेयक पेश होने हैं उनमें सबसे महत्वपूर्ण है जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय विधेयक 2025। इसके जरिए जहां राज्य में पहले कौशल विवि की स्थापना हो सकेगी वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्य के 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की घोषणा का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
21 Jul 2025, 09:57:04 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: क्या बोले संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी
बिहार विधानसभा के सत्र को लेकर संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि इसी सत्र की स्मृतियों के साथ हम सब जनता की अदालत में जाएंगे। हर दल से अपेक्षा है कि विधानमंडल की प्रक्रिया के तहत मुद्दा उठायेंगे। हर मुद्दे का जवाब दिया जाएगा। दर्जनभर विधेयक पेश होंगे।
21 Jul 2025, 09:41:56 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: बिहार विधानसभा में सिर्फ पास वाले वाहनों की एंट्री
जिला प्रशासन की ओर से परिसर में एक नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी संदिग्ध का परिसर में प्रवेश नहीं होना चाहिए। प्रत्येक गेट से आने-जाने वालों की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होगी। वैसे ही वाहनों का प्रवेश दिया जाएगा जिन्हें पास जारी किया गया है। डीएम डॉ त्यागराजन एसएम ने बताया कि सत्र को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
21 Jul 2025, 09:36:21 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: मानसून सत्र के दौरान सुरक्षा कड़ी
बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र को लेकर जिला प्रशासन की ओर से 42 दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। सत्र के दौरान विधानमंडल के आसपास त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सुबह से सत्र के समापन तक परिसर में मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। विधानसभा परिसर के चारों ओर निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इस दौरान धरना, प्रदर्शन, जुलूस आदि पर प्रतिबंध रहेगा। बगैर पास के कोई भी परिसर में प्रवेश नहीं करेगा।
21 Jul 2025, 09:32:40 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: बिहार विधानसभा में पेश होगा अनुपूरक बजट
इस सत्र के बाद प्रदेश की पार्टियां चुनावी मैदान में उतरेंगी। इस लिहाज से दोनों पक्ष मानसून सत्र को अपने पाले में करने की तैयारी में हैं। विपक्ष जहां मतदाता सत्यापन और विधि व्यवस्था के मसले पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है वहीं सत्ता पक्ष भी विरोधियों के हर सवाल का जवाब देने को तैयार है। 21 जुलाई को पहले दिन दोनों सदनों में लगभग 50 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।
21 Jul 2025, 09:31:17 AM IST
Bihar Vidhansabha Live: मानसून सत्र के हंगामेदार होने के आसार
बिहार विधानसभा का मानसून सत्र हंगामेदार रह सकता है। एक तरफ नीतीश सरकार इस सत्र के दौरान कई अहम विधेयकों को पारित कराने के लिए जोर लगाएगी तो दूसरी तरफ विपक्ष सदन के अंदर कई मुद्दों को लेकर आक्रामक नजर आ सकता है। राज्य में कानून व्यवस्था और वोटर लिस्ट रिवीजन के मुद्दे को विपक्ष सदन में जोरशोर से उठा सकता है।