Bihar Vidhan Sabha Highlights: विपक्ष के वॉकआउट के बाद विधानसभा से 6 बिल पारित, दोनों सदन स्थगित Bihar Vidhansabha Live monsoon session today tejaswhi yadav rabri devi cm nitish kumar - bihar news
More
Hindi NewsबिहारBihar Vidhan Sabha Highlights: विपक्ष के वॉकआउट के बाद विधानसभा से 6 बिल पारित, दोनों सदन स्थगित

Bihar Vidhan Sabha Highlights: विपक्ष के वॉकआउट के बाद विधानसभा से 6 बिल पारित, दोनों सदन स्थगित

Bihar Vidhan Sabha Highlights: बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों में बुधवार को वोटर लिस्ट रिवीजन पर जमकर हंगामा हुआ। दूसरी पाली में विपक्ष के वॉकआउट के बाद विधानसभा से 6 बिल पारित हुए। इसके बाद दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।

Bihar Vidhan Sabha Highlights: विपक्ष के वॉकआउट के बाद विधानसभा से 6 बिल पारित, दोनों सदन स्थगित

bihar vidhansabha live

Nishant Nandan| हिन्दुस्तान टीम,पटना | Wed, 23 Jul 2025 03:07 PM
हमें फॉलो करें

Bihar Vidhan sabha Highlights: बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र का आज तीसरा दिन भी काफी हंगामेदार रहा। सदन में मतदाता पुनरीक्षण पर तेजस्वी यादव ने अपनी बात रखी और मतदाता सूची पर कई सवाल खड़े किए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को जवाब दिया और कहा कि उन्हें अपने माता-पिता का कार्यकाल याद करना चाहिए। सीएम ने कहा कि पहले लोग पटना में भी रात में बाहर निकलने से डरते थे। सीएम ने कहा कि राज्य में महिलाओं और मुस्लिमों के लिए हमने काफी काम किया।

हालांकि, सदन में राजद विधायक भाई वीरेंद्र द्वारा यह कहे जाने पर कि सदन किसी के बाप का नहीं है को लेकर काफी हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष के कई विधायकों ने राजद विधायक की बातों पर एतराज जताया और फिर सदन में जमकर हंगामा हुआ। विधानसभा अध्यक्ष ने भी भाई वीरेंद्र की बातों पर खेद जताया औऱ कहा कि उन्हें माफी मांगनी चाहिए। हालांकि, भाई वीरेंद्र ने माफी नहीं मांगी और काफी देर तक हंगामा जारी रहा। इसके बाद अध्यक्ष ने कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। हालांकि, कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद विपक्षी सदस्य जल्द ही सदन वाक आउट कर गए।

23 Jul 2025, 03:05:05 PM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा से 6 विधेयक पारित, कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की दूसरी पाली में आज जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय विधेयक, कारखाना संशोधन विधेयक समेत कुल 6 बिल पारित हुए। विपक्ष के वॉकआउट के बीच विधानसभा की दूसरी पाली 58 मिनट चली। इसके बाद गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

23 Jul 2025, 02:55:09 PM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विपक्ष के हंगामे के बाद विधान परिषद की कार्यवाही स्थगित

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा के बाद विधान परिषद में भी दूसरी पाली में विपक्ष ने जबरदस्त हंगामा किया। द्वितीय पाली शुरू होते ही विपक्षी सदस्य मतदाता पुनरीक्षण का विरोध करते हुए वेल में आ गए। इसके पहले राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि सरकार एसआईआर के माध्यम से वोटबंदी करा रही है। सत्ता पक्ष की ओर से भाजपा के संजय मयूख, अनिल कुमार और प्रमोद कुमार ने विपक्ष के बयान का विरोध किया।

वेल में राजद, कांग्रेस, भाकपा और भाजपा माले के सदस्यों की नारेबाजी के बीच बिहार हिन्दू धार्मिक न्यास संशोधन विधेयक 2025 सहित 6 विधेयक पारित किया गया। हल्ला हंगामा के कारण सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सदन की गुरुवार को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। विधान परिषद में दूसरी पाली 15 मिनट तक ही चल सकी।

23 Jul 2025, 02:29:37 PM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विपक्ष के बिना ही विधेयकों पर चर्चा

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा में नीतीश सरकार द्वारा लाए गए विभिन्न विधेयकों पर चर्चा की जा रही है। विपक्ष सदन से वॉकआउट कर चुका है। ऐसे में बिना विपक्ष के ही विधेयकों पर चर्चा हो रही है।

23 Jul 2025, 02:07:24 PM IST

Bihar Vidhan sabha Live: सदन से विपक्ष का वाकआउट

विधानसभा की दूसरी पाली की कार्यवाही दो बजे शुरू होते ही विपक्ष हंगामा करने लगा। विपक्षी सदस्य वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। इसी बीच विधेयकों को पारित किया गया है। मतदाता पुनरीक्षण के विरोध में विपक्ष का हंगामा हो जारी रहा। बाद में विपक्ष के विधायक सदन से वाकआउट कर गए।

23 Jul 2025, 02:03:38 PM IST

Bihar Vidhan sabha Live: विधानसभा में वेल में आए विधायक

बिहार विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद भी सदन के अंदर विपक्षी विधायकों का शोर-शराब जारी था। कई विपक्षी विधायक लगातार शोर मचा रहे थे। कुछ विधायक बेल में चले आए तो विधानसभाध्यक्ष ने उन्हें अपने स्थान पर जाने के लिए कहा। विपक्षी विधायकों की नारेबाजी जारी रही।

23 Jul 2025, 02:01:37 PM IST

Bihar Vidhan sabha Live: बिहार विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू

बिहार विधानसभा की कार्यवाही 2 बजे दोबारा शुरू हुई है। विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया। इससे पहले सुबह जब कार्यवाही शुरू हुई तो भारी शोर-शराबे की वजह से विधानसभा की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया था। विधानसभा में मतदाता पुनरीक्षण को लेकर तेजस्वी यादव के संबोधन के दौरान ही हंगामा शुरू हुआ था। इसके बाद यह हंगामा इतना बढ़ा कि विधानसभा अध्यक्ष के बार-बार मना करने के बावजूद भी सदस्य हंगामा करते रहे। जिसके बाद नंद किशोर यादव ने कार्यवाही को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया था।

23 Jul 2025, 01:42:13 PM IST

Bihar Vidhansabha Live: डिप्टी सीएम ने कमेंट किया - तेजस्वी यादव

बिहार विधानसभा में जोरदार हंगामे के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हम तो अनुमति से बोले लेकिन डिप्टी सीएम का कमेंट आता है कि यही बोलता रहेगा खाली, कितना बोलेगा, क्यों बोलेगा। इस तरह का बयान कितना अमर्यादित है। सदन में अगर विपक्ष का नेता नहीं बोलेगा तो कौन बोलेगा? सदन में अगर सवाल नहीं पूछे जाएंगे तो जवाब कौन देगा? हम लोगों को लगता है कि अगर सभी पार्टी के लोग बोलते हैं तो इस विषय पर चर्चा होगी।

23 Jul 2025, 01:22:15 PM IST

Bihar Vidhansabha Live: डिप्टी सीएम हल्की राजनीति करते हैं - तेजस्वी यादव

राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हमलोगों ने एसआईआर की टाइमिंग को लेकर अपनी बात विधानसभा में रखी। चुनाव आयोग ने यह लगभग 55 लाख मतदाता नहीं है। मैं इसपर अपनी बात रख रहा था। तेजस्वी ने आगे कहा कि बहुत पीड़ा हुई देख कर सत्ता पक्ष में बड़े पद पर बैठ लोग फिर चाहे डिप्टी सीएम ही हो वो इतनी हल्की राजनीति करते हैं। सत्ता पक्ष में कुछ लोग हल्की राजनीतिक करने वाले लोग हैं। वो सदन की गरिमा को गिराने का काम करते हैं। अध्यक्ष महोदय ने डिप्टी सीएम और मंत्री को भी फटकार भी लगाई है। सदन के संचालन का काम बड़े पद पर बैठे नेता और उनके मंत्रियों का होता है।

23 Jul 2025, 12:56:46 PM IST

Bihar Vidhansabha Live: सीएम को चर्चा का विषय नहीं था मालूम- तेजस्वी यादव

बिहार विधानसभा में हुए हंगामे के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि हमलोगों ने एसआईआर की टाइमिंग को लेकर अपनी बात विधानसभा में रखी। फिर चाहे चुनाव आयोग ने कहा कि लगभग 55 लाख मतदाता नहीं है। बिहार में उल्टा हो रहा है। पहले वोटर्स सरकार चुनते थे अब सरकार वोटर्स को चुन रही है। तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को पता ही नहीं था कि सदन में किस विषय पर चर्चा हो रही है।

23 Jul 2025, 12:40:28 PM IST

Bihar Vidhansabha Live: बिहार विधान पार्षद में भी काले कपड़े में आए विधायक

मतदाता पुनरीक्षण के खिलाफ लेकर बिहार विधान परिषद में भी हंगामा हुआ है। विधान परिषद में भी ज्यादातर विधायक काले लिबास में आए थे। सदन के बाहर भी विपक्षी सदस्यों ने जमकर प्रदर्शन किया है। राबड़ी देवी के नेतृत्व में विपक्षी सदस्यों ने आवाज बुलंद किया।

23 Jul 2025, 12:13:41 PM IST

Bihar Vidhansabha Live: बिहार विधान परिषद में भी हंगामा

बिहार विधान परिषद में भी जमकर हंगामा बरपा है। विधान परिषद परिसर में विपक्षी सदस्यों ने मतदाता पुनरीक्षण के विरोध में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। आज भी विपक्ष के ज्यादातर विधान परिषद सदस्य काला कपड़ा पहनकर आए थे। विधान परिषद में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष अपनी सीट पर खड़े होकर एसाईआर वापस लेने की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। विपक्षी सदस्य वेल में आ गए। जिसके बाद विधान परिषद की कार्यवाही भी 2 बजकर 30 मिनट तक स्थगित कर दी गई।

23 Jul 2025, 11:47:09 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: मैंने कुछ गलत नहीं कहा- भाई वीरेंद्र

राजद विधायक भाई वीरेंद्र की बातों पर सदन में जमकर हंगामा हुआ है। सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद जब भाई वीरेंद्र सदन से बाहर आए तब उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की। भाई वीरेंद्र ने कहा कि उन्होंने सदन के अंदर सिर्फ इतना कहा कि सदन किसी की बपौती नहीं है। यह भाषा असंसदीय नहीं है। मैं इसके लिए माफी नहीं मांगूंगा।

23 Jul 2025, 11:27:11 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: क्या बोले राजद विधायक भाई वीरेंद्र, खूब हुआ हंगामा

बिहार विधानसभा में राजद विधायक ने भाई वीरेंद्र ने कहा कि यह सदन किसी के बाप का नहीं है। इस पर सत्ताधारी दल उग्र हो गया। विधानसभा में पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने जबरदस्त हंगामा किया। सभाध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने उन्हें खेद प्रकट करने को भी कहा। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के टोकने पर राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने टिप्पणी की थी। बाद में हंगामा होते देख विधानसभाध्यक्ष ने कार्यवाही को स्थगित कर दिया।

23 Jul 2025, 11:24:50 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: बिहार विधानसभा में जबरदस्त हंगामा, कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित

बिहार विधानसभा में जबरदस्त हंगामा हुआ है। सदन में सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हम सबका काम करते हैं। तीन दिन और है और फिर चुनाव होगा। लोग बोलेंगे क्या करना है। सीएम नीतीश ने कहा कि पहले का बजट क्या था। तीन लाख करोड़ से ज्यादा बजट है। हमलोग चारों तरफ घूम कर देखें हैं। एक-एक कम किए। चुनाव लड़ना है। पटना शहर में कोई घर से नहीं निकलता था। पहले क्या बुरा हालत था। जनता जिसे जिताएगी,वह यहां आएगी।

हालांकि, सीएम नीतीश के बोलने के बाद भी सदन में जबरदस्त हंगामा जारी रहा। विपक्षी विधायक भाई वीरेंद्र के बोलने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें डांट पिलाई और कहा कि इस तरह की अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल यहां ना करें। इस दौरान वहां काफी हंगामा होता रहा। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही को 2 बजे तक स्थगित कर दिया।

23 Jul 2025, 11:18:53 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: अपने माता-पिता का कार्यकाल देखें तेजस्वी- सीएम नीतीश

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मतदाता पुनरीक्षण पर अपनी बात रखी। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को जवाब दिया। सीएम नीतीश ने कहा कि अपने माता-पिता का कार्यकाल देखें तेजस्वी यादव। महिलाओं के लिए आपने क्या किया। पटना तक में कोई शाम को नहीं निकल रहा था।

सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार काफी मदद कर रही है। हमने मिलकर जहां कहीं भी कमी थी उसे पूरा कर दिया है। अब चुनाव लड़ना है तो चुनाव लड़िए। पहले किसी ने महिला के लिए कुछ किया। हम लोगों ने 50 फीसदी आरक्षण दिया। हमने महिलाओं के लिए काफी कुछ किया। हमने मुस्लिमों के लिए भी काफी कुछ काम किया है। आप जब बीच में थे तो कितना ज्यादा बड़ाई कर रहे थे। हमलोगों ने जितना काम किया है उसी को लेकर चुनाव में जाएंगे। तुम तो बहुत बच्चे थे। बच्चा ना हो।

23 Jul 2025, 11:11:48 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: विधानसभा में क्या बोले तेजस्वी यादव

बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने कल सदन में हुई घटना पर क्षोभ प्रकट किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का आचरण सही नहीं था। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विधानसभा में कहा कि चुनाव आयोग का काम निष्पक्ष चुनाव कराना है न कि नागरिकता साबित करना है।

23 Jul 2025, 11:06:03 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: बिहार विधानसभा के गेट पर जोरदार प्रदर्शन

बिहार विधानसभा के गेट पर विपक्ष के विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया है। काले लिबास में विधानसभा आए विधायक गेट पर ही बैठ गए हैं। उनके हाथ में पोस्टर नजर आ रहे हैं। विपक्षी विधायक मतदाता पुनरीक्षण का विरोध कर रहे हैं।

23 Jul 2025, 10:40:06 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: दूसरे दिन भी गेट पर बैठे विपक्षी विधायक

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान लगातार दूसरे दिन विपक्षी विधायक मुख्य प्रवेश द्वार को बाधित कर बैठ गए हैं। दूसरा दरवाजा खोल दिया गया है। सत्ताधारी दल के सदस्य दूसरे दरवाजे से ही सदन के भीतर जा रहे हैं।

23 Jul 2025, 10:37:47 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: राजद विधायक का चुनाव आयोग पर हमला

राजद विधायक मुकेश रौशन ने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा का एजेंट बनकर काम कर रहा है। वंचितों को वोट का हक छीनने की कोशिश हो रही है। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि जो देश के नागरिक हैं, वही वोट करेंगे। विपक्ष को क्या अपने लोगों पर भरोसा नहीं है।

23 Jul 2025, 10:35:54 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: तीसरे दिन भी विधानसभा में हंगामा, काले लिबास में विपक्षी विधायक

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान तीसरे दिन भी हंगामा जारी है। विपक्ष के विधायक आज भी काला कपड़ा पहनकर आए हैं। मतदाता सत्यापन के मसले पर हंगामा जारी है। विपक्षी विधायक विधानसभा के पोर्टिको में प्रदर्शन कर रहे हैं।

23 Jul 2025, 10:24:21 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: विधानसभा में फर्नीचर उलटने की कोशिश

बिहार विधानसभा में हंगामे के कारण मंगलवार को दोपहर 11 बजे कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों के भीतर सदन को भोजनावकाश तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। सदन की कार्यवाही पुनः शुरू होते ही विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव अपने स्थान पर खड़े होकर मांग करने लगे कि एसआईआर पर तुरंत चर्चा की अनुमति दी जाए, जिस पर अध्यक्ष सहमत नहीं हुए। इससे विपक्षी सदस्य अपनी सीटों से खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। उनमें से कई सदस्य आसन के सामने आ गए और रिपोर्टिंग स्टाफ के लिए रखे गए फर्नीचर को उलटने की कोशिश करने लगे।

23 Jul 2025, 10:13:22 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: स्थगित हो गई थी विधानसभा की कार्यवाही

बिहार विधानसभा में मंगलवार को विपक्षी विधायक मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में काले कपड़े पहनकर पहुंचे और इस मुद्दे पर हंगामा किया। उन्होंने आसन के समक्ष आकर फर्नीचर पलटने की कोशिश की और मार्शलों के साथ उनकी धक्का-मुक्की हुई। अपराह्न दो बजे सदन की कार्यवाही पुनः शुरू होने पर अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने जल्दबाजी में दिन का विधायी कार्य निपटाया और हंगामे के कारण लगभग आधे घंटे बाद कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी।

23 Jul 2025, 10:02:43 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: बिहार विधानसभा में यह सभी विधेयक पारित

बिहार विधानसभा से बिहार हिंदू धार्मिक न्यास (संशोधन) विधेयक, 2025 के अलावा बिहार वस्तु एवं सेवा कर (प्रथम संशोधन) विधेयक-2025, बिहार नगरपालिका (संशोधन) विधेयक 2025, बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त (संशोधन) विधेयक 2025 को भी पारित किया गया है।

23 Jul 2025, 10:01:09 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: विधेयक के कानून बनने के बाद भंग होगा मौजूदा मंदिर न्यास

विधेयक के कानून बनने बाद मौजूदा मंदिर न्यास भंग हो जाएगा और मंदिर के विकास तथा प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार द्वारा गठित एक नई समिति को सौंप दी जाएगी।राज्य सरकार ने पुनौरा धाम स्थित मां जानकी मंदिर’ के निर्माण और पुनर्विकास के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय न्याय का हाल में गठन किया है। मंदिर के वर्तमान महंत को भी इस नई समिति में शामिल किया गया है।

इसके अलावा, राज्य सरकार ने पुनौरा धाम जानकी मंदिर’ के समग्र विकास के लिए हाल में 882 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को मंजूरी दी है। इसमें से लगभग 137 करोड़ रुपये पुराने पुनौरा धाम जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार पर और 728 करोड़ रुपये मंदिर के आसपास पर्यटक आधारभूत संरचना के विकास पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि आधारभूत ढांचे के रखरखाव पर आगामी दस वर्षों में खर्च की जाएगी। विधेयक में कहा गया है कि ‘‘समग्र विकास अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की तर्ज पर किया जाएगा।’’

23 Jul 2025, 09:49:32 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: बिहार हिंदू धार्मिक न्यास (संशोधन) विधेयक, 2025 पास

बिहार विधानसभा ने ‘मां जानकी मंदिर’ के निर्माण और पुनर्विकास का मार्ग प्रशस्त करते हुए बिहार हिंदू धार्मिक न्यास (संशोधन) विधेयक, 2025 मंगलवार को पारित कर दिया। यह मंदिर सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में देवी सीता के जन्मस्थान पर स्थित है। राज्य के विधि मंत्री मंगल पांडेय ने विधेयक प्रस्तुत किया और इसे बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर विपक्ष द्वारा चर्चा की मांग को लेकर किए गए हंगामे के बीच ध्वनिमत से पारित किया गया।

23 Jul 2025, 09:46:06 AM IST

Bihar Vidhansabha Live: विधानसभा में तीसरे दिन भी हंगामे के आसार

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है और तीसरे दिन भी सदन के अंदर और बाहर हंगामा देखने को मिल सकता है। दरअसल बिहार चुनाव से पहले राज्य में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष आर-पार के मूड में है। मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे पर विधानसभा में चर्चा कराए जाने की मांग भी की थी। अब आज एक बार फिर इस मुद्दे को लेकर सदन का सत्र हंगामेदार रह सकता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।