Bihar Vidhan Sabha cm nitish kumar vijay sinha rjd tejashwi yadav rabri devi Bihar Vidhan Sabha LIVE: पटना में रामविलास की मूर्ति लगाने की मांग, विधानसभा में फिर गर्माया मुद्दा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Vidhan Sabha LIVE: पटना में रामविलास की मूर्ति लगाने की मांग, विधानसभा में फिर गर्माया मुद्दा

बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सदन के अंदर हंगामा मच गया। एलजेपी के राजू तिवारी ने सदन के अंदर एक बार फिर रामविलास पासवान को बेचारा कहे जाने का मुद्दा उठाया। सदन के अंदर काफी शोर हुआ।

Tue, 17 Feb 2026 02:50 PMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
Bihar Vidhan Sabha LIVE: पटना में रामविलास की मूर्ति लगाने की मांग, विधानसभा में फिर गर्माया मुद्दा

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र चल रहा है। इस बजट सत्र के दौरान सदन के अंदर और बाहर दोनों ही जगहों पर विपक्ष भी अलग-अलग मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश में लगा हुआ है। मंगलवार को भी सदन में हंगामे के आसार हैं। सदन के अंदर और बाहर विपक्ष खास तौर से महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार पर हमलावर है।

इससे पहले सोमवार को बिहार विधान परिषद में उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कई बड़े ऐलान किए। डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य के सभी अंचलों में कम से कम दो-दो बड़े भूमाफिया की सूची तैयार होगी। इसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा, सरकार ने भूमाफियाओं की नकेल कसने की योजना पर काम प्रारंभ कर दिया है। अंचलाधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र से कम से कम दो और अधिक से अधिक कुछ भी संख्या हो, सबकी सूची बनाएं और उनपर प्राथमिकी दर्ज कराएं। उपमुख्यमंत्री ने शव वाहनों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिए जाने की घोषणा भी की और कहा कि तत्काल प्रभाव से यह व्यवस्था की जा रही है।

Bihar Vidhan Sabha LIVE Updates-:

14.25 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की प्रतिमा पटना में लगाने की मांग एक बार फिर विधानसभा में उठी। लोजपा-आर की विधायक बेबी कुमारी सहित अन्य ने शून्यकाल में यह मामला उठाया। इससे पहले आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत ने पिछले हफ्ते सदन में यह मांग की थी। मगर उनके द्वारा रामविलास को बेचारा कहे जाने पर चिराग की पार्टी भड़क गई और सदन में इस पर हंगामा जारी है।

14.07 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: पीएचईडी मंत्री संजय सिंह ने कहा कि दो विभागों को मिली जिम्मेदारी के कारण हर घर नल-जल योजना के संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने विधान परिषद में एक सवाल पर कहा कि इस योजना को किसी एक विभाग के अधीन पूरी तरह लाने के लिए आग्रह किया गया है। मालूम हो कि वर्तमान में पीएचईडी और पंचायती राज विभाग के बीच इस योजना में काम बांटे गए हैं।

13.58 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: अस्पताल की स्थिति को लेकर आए सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी के बीच विधान परिषद में कहासुनी हुई। मंत्री ने कहा कि पीएमसीएच को कांग्रेस और राजद की सरकार ने डूबा दिया था। वर्ष 2005 के बाद पीएमसीएच को बेहतर बनाने के लिए कई पहल किए गए हैं। वहीं, अब्दुल बारी सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि मंत्री आक्रोशित होकर मूल सवाल से ध्यान भटका रहे हैं।

13.48 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा है कि स्वास्थ्य संस्थानों के बायो मेडिकल कचरा के निष्पादन के लिए केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में राज्य को चार भागों में बांटकर चार एजेंसियों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। मंत्री ने मंगलवार को विधान परिषद में एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि बिहार में प्रतिदिन 28 किलोग्राम बायो मेडिकल कचरा निकलता है

13.44 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधान पार्षद व राजद नेता सौरभ कुमार ने विधान परिषद में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की धीमी प्रगति का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब तलब किया है। विधान पार्षद ने पूछा कि 12.20 लाख के लक्ष्य के विरुद्ध मात्र करीब 2.85 लाख आवास पूर्ण हुए हैं ।वही केंद्र द्वारा पांच माह से राशि भुगतान नहीं होने से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है।ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने अंशतः स्वीकार करते हुए बताया कि वर्ष 2016-17 से अब तक 49.20 लाख का लक्ष्य मिला, जिनमें 39.53 लाख (80.53ः) आवास पूर्ण हुए हैं। 9.95 लाख आवास लंबित हैं।मंत्री ने स्वीकार किया कि जुलाई 2025 के बाद केंद्र द्वारा एसएनए स्पर्श मॉड्यूल लागू करने से भुगतान बाधित हुआ। राज्य के अनुरोध पर वित्त मंत्रालय ने 31 जनवरी 2026 तक छूट दी है। राशि मिलते ही लाभुकों को भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

13.15 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बगहा के शास्त्री नगर से यूपी के बेलवानिया को जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल के निर्माण कार्य को निरस्त किए जाने परजदयू एमएलसी भीष्म साहनी ने विधान परिषद में कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उक्त पुल के लिए डीपीआर तैयार हो चुका था तथा जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में तीन-तीन बैठकें आयोजित कर इसकी स्वीकृति हेतु प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई थी। स्वयं उनके द्वारा भी पूल निर्माण को लेकर अनुमोदन प्रदान किया गया था।उन्होंने कहा कि कुछ दिनों बाद यह जानकारी मिली कि पुल निर्माण का प्रस्ताव निरस्त कर दिया गया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह पुल बनने से बिहार और उत्तर प्रदेश के किसानों को अपनी उपज के परिवहन में सहूलियत मिलती, व्यापार को बढ़ावा मिलता तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन की संभावनाएँ भी विकसित होतीं।

13.00 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

12.49 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास बैशाखी पर चलने वाली पार्टी है। अकेले लड़कर लोजपा मुखिया चुनाव भी नहीं जीत सकती है। यह लोग आंदोलन पर क्या बात करेंगे? लालू और तेजस्वी को यह लोग नहीं झुका सकते हैं। आज जितने लोग धरना पर बैठे हैं, उनमें से पूछिएगा कि क्या कभी रामविलास पासवान की पार्टी का झंडा उठाए हैं। आप बताइए कि अरुण जेटली का बिहार में क्या योगदान था जो उनकी मूर्ति लग गई। लेकिन, आज तक रामविलास पासवान की मूर्ति क्यों नहीं लगी बिहार में?

12.24 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा में जेडीयू विधायक जितेंद्र कुमार ने भ्रष्ट अधिकारी का मुद्दा उठाया। विधायक ने बेंच-डेस्क खरीद घोटाले का जिक्र किया है। जदयू विधायक ने कहा कि नालंदा के तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी पर गंभीर वित्तीय गड़बड़ी के आरोप सिद्ध होने के बावजूद उन्हें पटना प्रमंडल का आरडीडीई बना दिया गया।

12.10 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा है कि राज्य के हरेक 10 पंचायत पर एक सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी बहाल होंगे। इसके लिए 935 पदों का सृजन किया गया है। बिहार लोक सेवा आयोग को इसकी अधियाचना भेज दी गई है। वे गायत्री देवी के तारांकित सवाल का जवाब दे रहे थे।

11.57 AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: एक ही स्कूल में शिक्षकों की सैलरी और भत्ता अलग-अलग मिलने का मामला बिहार बिहार विधानसभा में उठा। वेतन विसंगति को लेकर सरकार से सवाल किए गए। इस पर शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बताया कि 90% वेतन विसंगतियां दूर कर दी गई हैं, जबकि शेष मामलों का जल्द समाधान किया जाएगा।

11.44 AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार के स्कूलों में जल्द ही प्राचार्य और क्लर्क की बहाली होगी। बिहार विधानसभा में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि लंबे समय से विद्यालयों में प्राचार्य के पद खाली हैं, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सरकार इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करेगी।

11.27 AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा में कैबिनेट विस्तार को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने सरकार को घेरते हुए मंत्रिमंडल विस्तार न होने पर सवाल उठाए। इस पर मंत्री अशोक चौधरी से उनकी तीखी बहस हो गई। बहस के दौरान विपक्षी सदस्य अपनी सीटों से खड़े होकर नारेबाजी करने लगे।

11.20 AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा के बाहर एलजेपी (आर) विधायकों ने प्रदर्शन किया है। रामविलास पासवान को 'बेचारे'कहे जाने पर एलजेपी के नेता काफी आक्रोशित हैं। बिहार विधानसभा परिसर में एलजेपी सदस्य बैनर लेकर आए थे और उन बैनरों पर लिखा था- राजद की पहचान दलितों का अपमान

11.06AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सदन के अंदर हंगामा मच गया है। एलजेपी के राजू तिवारी ने सदन के अंदर एक बार फिर रामविलास पासवान को बेचारा कहे जाने का मुद्दा उठाया। सदन के अंदर काफी शोर हुआ। लोजपा (आर) के राजू तिवारी रामविलास पासवान को अपमानित करने का आरोप लगा रहे हैँ। राजद के विधायक पासवान अमर रहें का नारा लगा रहे हैं। प्रश्नकाल चल रहा है।

11.00AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कार्यवाही शुरू करने का आदेश दिया है।

10.48AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि लालू प्रसाद और राजद कर्पूरी जी के अनुयायी नहीं हो सकते। जननायक के सपनों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरा कर रहे हैँ। अगर लालू प्रसाद वारिस होते तो वे घोटाला नहीं करते। आरक्षण की सीमा बढ़ाये जाने पर राजद अनर्गल प्रलाप कर रहा है। रामविलास जी को राजद के लोग जिस भाषा का उपयोग कर रहे हैँ, वो उचित नहीं है। दलित और पिछडों की चिंता राजद को नहीं है।

10.31AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: रामविलास पासवान को बेचारा कहे जाने पर लोजपाआर के विधायकों का प्रदर्शन आज भी जारी है। विधानसभा के सामने स्मृति स्तम्भ के समीप विधायक प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष और राजद माफ़ी मांगे। राजद दलितों का अपमान करता रहा है। पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता दुखी हैँ।

10.28AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: विजय सिन्हा ने विधान परिषद में बिहार में खुले में मांस बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और बगैर लाइसेंस के मांस ब्रिकी पर रोक लगाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि नियम का उल्लंधन करने वालों पर कार्रवाई होगी। अंचलों में सरकारी जमीन की पहचान करने और जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराने वाले नागरिकों का सम्मान किया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।