Bihar Teacher suicide for not getting transfer school in forest daily climb mountain for attendance जंगल में स्कूल, हाजिरी के लिए रोजाना पहाड़ की चढ़ाई; ट्रांसफर न होने पर शिक्षक ने किया सुसाइड, Bihar Hindi News - Hindustan
More

जंगल में स्कूल, हाजिरी के लिए रोजाना पहाड़ की चढ़ाई; ट्रांसफर न होने पर शिक्षक ने किया सुसाइड

रोहतास जिले के नौहट्टा में कैमूर पहाड़ी पर स्थित पीपरडीह स्कूल के शिक्षक घनश्याम जायसवाल का शव मंगलवार को पेड़ से लटका हुआ मिला था। बताया जा रहा है कि दूरस्थ इलाके में पोस्टिंग से वह परेशान थे। इसी वजह से उन्होंने आत्महत्या कर ली।

Wed, 27 Nov 2024 09:05 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, सासाराम
share
जंगल में स्कूल, हाजिरी के लिए रोजाना पहाड़ की चढ़ाई; ट्रांसफर न होने पर शिक्षक ने किया सुसाइड

बिहार के रोहतास जिले में ट्रांसफर न होने पर एक सरकारी शिक्षक ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि शिक्षक अपनी पोस्टिंग से परेशान थे। कैमूर पहाड़ी के जंगली इलाके में स्थित स्कूल में उनकी पोस्टिंग थी। वहां मोबाइल नेटवर्क नहीं आने पर ऑनलाइन हाजिरी बनाने के लिए उन्हें रोजाना तीन किलोमीटर दूर पहाड़ चढ़कर जाना पड़ता था। शिक्षक का पूर्व में तबादला भी होने वाला था, लेकिन फिर ट्रांसफर रूक गया। इस कारण वह डिप्रेशन में था। मंगलवार को उन्होंने पेड़ पर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी।

मृतक शिक्षक की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी रहने वाले घनश्याम जायसवाल के रूप में हुई है। 30 वर्षीय जायसवाल अवविवाहित थे और अपने माता-पिता के अकेले बेटे थे। साल 2022 से उनकी पोस्टिंग कैमूर पहाड़ी पर स्थित पीपरडीह स्कूल में थी। नौहट्टा थानाध्यक्ष कलामुद्दीन ने बताया कि घनश्याम स्कूल में ही रहते थे। वह हाजिरी बनाने के लिए रोजाना तीन किलोमीटर दूर पहाड़ी पर चढ़कर डबुआ घाट जाते थे। उनके गांव के लोगों से संबंध भी काफी मधुर थे। मगर जंगल में रहने के कारण परेशान थे। प्रथमदृष्टया यह आत्महत्या का मामला नजर आ रहा है। जांच के बाद वजह स्पष्ट होगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तेल टैंकर से भिड़ा ऑटो, स्कूल जा रहे हेडमास्टर की दर्दनाक मौत; 3 टीचर घायल

बता दें कि शिक्षक घनश्याम जायसवाल का शव मंगलवार दोपहर करीब एक बजे डबुआ मोड़ के सामने पहाड़ पर स्थित एक पेड़ पर रस्सी से लटकता हुआ मिला था। पीपरडीह स्कूल में कार्यरत सभी शिक्षक उस दिन रोजाना की तरह ऑनलाइन हाजिरी बनाने पहाड़ पर गए थे। इधर-उधर घूमने पर जिसे जहां नेटवर्क मिला, बाकी शिक्षक हाजिरी बनाकर लौट आए। मगर घनश्याम जायसवाल नहीं लौटे। बहुत देर तक उनके स्कूल नहीं पहुंचने पर अन्य शिक्षक उनकी खोज में जंगल में निकले। फिर उनका शव पेड़ से लटका हुआ देखकर वे सन्न रह गए।

घनश्याम की मां नीलम देवी ने बुधवार को पुलिस को लिखित में आवेदन देते हुए कहा कि उनके बेटा यह नौकरी छोड़ना चाहता था। अक्सर फोन पर वह यही बात करता था। उसका ट्रांसफर होने वाला था, लेकिन नहीं हुआ। इस कारण वह परेशान चल रहा था। उन्होंने ट्रांसफर न होने से परेशान होकर बेटे की आत्महत्या की आशंका जताई।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।