Bihar tableau to take part at Republic Day parade in Delhi on 26 January after eight years 8 साल बाद गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगी बिहार की झांकी, नालंदा से कनेक्शन, Bihar Hindi News - Hindustan
More

8 साल बाद गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगी बिहार की झांकी, नालंदा से कनेक्शन

26 जनवरी को दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में आठ साल बाद इस बार बिहार की झांकी भी देखने को मिलेगी। रक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में बिहार सरकार को सूचना दे दी है।

Thu, 26 Dec 2024 07:08 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान टाइम्स, पटना
share
8 साल बाद गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगी बिहार की झांकी, नालंदा से कनेक्शन

आगामी गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली परेड में इस बार बिहार की झांकी भी दिखाई देगी। लगभग 8 साल के बाद अंतराल के बाद बिहार की झांकी को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल किया गया है। इसमें प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय और भगवान बुद्ध के राजगीर में स्थित प्रतिमा की झलक दिखाई जाएगी। रक्षा मंत्रालय ने इसकी घोषणा करते हुए बिहार सरकार को सूचना दे दी है। 2025 की गणतंत्र दिवस परेड में 15 राज्य और केंद्र प्रदेश की झांकी का ही चयन किया गया है।

केंद्र सरकार की ओर से गुरुवार को जारी बयान में कहा गया कि गणतंत्र दिवस परेड में समय की कमी के चलते इस बार केवल 15 प्रदेशों की झांकी ही दिखाई जाएंगी। इसके लिए बिहार के अलावा आंध्र प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब, त्रिपुरा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली एवं और दमन और दीव का चयन किया गया है।

स्वर्णिम भारत है इस बार की थीम

रक्षा मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि गणतंत्र दिवस 2025 की झांकी का विषय "स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास" रखी गई है। नई दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर होने वाले इस आयोजन में विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों के अलावा केंद्रीय मंत्रालयों की रचनात्मक एवं सांस्कृतिक झलक वाली झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा।

इस संबंध में सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों से झांकी के प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे। कला, संस्कृति, संगीत, वास्तुकला और नृत्यकला के पेशेवरों की एक विशेषज्ञ समिति ने इन प्रस्तावों का मूल्यांकन किया। इसके बाद विभिन्न मानदंडों एवं रचनात्मकता को समेटे चुनिंदा झांकियों को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल करने का फैसला लिया गया।

आखिरी बार 2016 में दिखी थी बिहार की झांकी

दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में बिहार की झांकी आखिरी बार साल 2016 में नजर आई थी। इसके बाद आठ सालों तक बिहार की झांकी को गणतंत्र दिवस में हिस्सा नहीं ले सकती। इस साल बिहार के दोनों विषयों को चयनकर्ताओं ने सराहा और पसंद किया है।

नालंदा यूनिवर्सिटी और भगवान बुद्ध पर होगी झांकी

आगामी गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड में बिहार की झांकी को दो हिस्सों में बांटा गया है। इसमें भगवान बुद्ध के शांति संदेश और प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के विस्तृत ज्ञान की परंपरा को प्रदर्शित किया जाएगा। इस मामले से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि झांकी के पहले भाग में राजगीर की घोरा खटोरा झील में स्थित भगवान बुद्ध की प्रतिमा का प्रदर्शन किया जाएगा। 70 फीट ऊंची प्रतिमा को साल 2018 में एक ही पत्थर से बनाया गया था।

वहीं, झांकी के दूसरे हिस्से में प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहरों की झलक दिखाई जाएगी। यह नालंदा महाविहर यूनेस्को की विरासत सूची में शामिल है। इस प्राचीन विश्वविद्यालय को पुनर्जीवित करने के प्रयास में इसी साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में आधुनिक यूनिवर्सिटी का उद्घाटन राजगीर में किया था।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।