गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में दिखेगी बिहार की झांकी, कर्तव्य पथ पर चमकेगा सुपरफूड मखाना
आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर नई दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर बिहार की झांकी नजर आएगी। इस बार की थीम सूपरफूड मखाना से जुड़ी हुई है।

दिल्ली में कर्तव्य पथ पर देश और पूरी दुनिया में धूम मचाने वाले बिहार के मखाने की चमक देखेगी। 77वें गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में आयोजित समारोह में बिहार की झांकी शामिल होगी। इस वर्ष बिहार की झांकी की थीम ‘मखाना : लोकल से ग्लोबल की थाली में सुपरफूड’ निर्धारित की गई है।
बिहार की झांकी में मिथिलांचल के तालाबों से निकलकर वैश्विक पहचान प्राप्त कर चुके मखाना की पूरी यात्रा को सजीव रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। झांकी में मखाना की परंपरागत खेती, प्रसंस्करण, भुनाई, फोड़ाई और पैकेजिंग की प्रक्रिया के साथ-साथ स्थानीय श्रम, महिला सहभागिता और पारंपरिक ज्ञान को दर्शाया गया है।
यह झांकी बताएगी कि कैसे बिहार का पारंपरिक कृषि उत्पाद आज पोषण समृद्ध सुपरफूड के रूप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
झांकी की दृश्य संरचना : बिहार की झांकी दो भागों में मखाना की पूरी यात्रा को दर्शाएगी। ट्रैक्टर खंड में कमल के पत्तों के बीच उभरा सफेद लावा मखाना, आगे जीआई टैग का प्रतीक और किनारों पर मिथिला पेंटिंग की बॉर्डर होगी।
इसमें एक ओर मिट्टी के चूल्हे पर लोहे की कढ़ाही में मखाना भूनती महिला, दूसरी ओर लकड़ी के मूसल से उसे फोड़ता पुरुष... का दृश्य पारंपरिक श्रम, महिला सहभागिता और स्थानीय कौशल को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा।
यह झांकी संदेश देगी कि मखाना केवल एक कृषि उत्पाद नहीं, बल्कि विरासत, श्रम, महिला भागीदारी और उद्यमिता का संगम है, जो बिहार को सीधे वैश्विक बाजारों से जोड़ता है।




साइन इन