Bihar politics high over bidi Tejaswi reaction came Tariq Anwar gave peculiar explanation बीड़ी पर सुलगी बिहार की सियासत, तेजस्वी का रिएक्शन आया; तारिक अनवर ने दी गजब की सफाई, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बीड़ी पर सुलगी बिहार की सियासत, तेजस्वी का रिएक्शन आया; तारिक अनवर ने दी गजब की सफाई

तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने उस पोस्ट को नहीं देखा है। लेकिन, यह कहने से भी पीछे नहीं हटे कि बिहार के स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ करना किसी के लिए सही नहीं है।

Fri, 5 Sep 2025 02:26 PMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
बीड़ी पर सुलगी बिहार की सियासत, तेजस्वी का रिएक्शन आया; तारिक अनवर ने दी गजब की सफाई

B से बीड़ी और B से बिहार वाले केरल कांग्रेस के पोस्ट पर राज्य की का सियासी पारा हाई हो गया है। बीजेपी, जदयू और हम पार्टी की आलोचना के बाद कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने सफाई दी है तो नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी बिहारी अस्मिता से खिलवाड़ पर आपत्ति जताई है। बताया जा रहा है कि उस पोस्ट को पार्टी की ओर से डिलिट कर दिया गया है।

जीएसटी सुधार के बाद केरल कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक बीड़ी वाला पोस्ट क्या आया, चुनाव वाले बिहार में सियासत सुलग गई। एनडीए के सभी दल कांग्रेस पर हमलावर हो गए। जेडीयू ने बिहारी स्वाभिमान के बहाने तेजस्वी यादव को भी लपेटना शुरू कर दिया। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने भी प्रतिक्रिया दी है। पटना मे पत्रकारों ने उनसे कांग्रेस के पोस्ट पर सवाल पूछा तो अनभिज्ञता जता दी। कहा कि हमने उस पोस्ट को नहीं देखा है। लेकिन, यह कहने से भी पीछे नहीं हटे कि बिहार के स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ करना किसी के लिए सही नहीं है। अपने छोटे से बयान में तेजस्वी यादव ने कांग्रेस पार्टी को साफ संदेश दे दिया।

इधर पुराने कांग्रेसी तारिक अनवर ने कहा कि बिहार में चुनाव है। कांग्रेस की ओर से ऐसा बयान नहीं आ सकता। उन्होंने कहा कि केरल कांग्रेस का अकाउंट हैक किया गया है। कोई भी पॉलिटिकल आदमी ऐसा बयान नहीं दे सकता। उन्होंने यह भी कहा कि वे केरल कांग्रेस के नेताओं से इस बारे में बात करेंगे। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विवादित पोस्ट के लिए केरल कांग्रेस की ओर से माफी मांग ली गयी है।

दरअसल जीएसटी रिफॉर्म्स में बीड़ी पर टैक्स घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है जबकि सिगरेट और सिगार पर बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया है। इसे लेकर केरल कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल पर बी से बीड़ी और बी से बिहार वाला पोस्ट आया था।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।