छत्तीसगढ़ में गोल्ड लूट का मास्टरमाइंड बिहार में ढेर, एसटीएफ ने वैशाली में किया एनकाउंटर
बिहार के वैशाली जिले में पुलिस और एसटीएफ ने एनकाउंटर में छत्तीसगढ़ में गोल्ड लूटकांड को अंजाम देने वाले मास्टरमाइंड अरविंद सहनी को मार गिराया है। मौके पर एसपी समेत भारी पुलिस फोर्स तैनात है।

बिहार के वैशाली जिले में पुलिस और एसटीएफ ने एनकाउंटर में एक कुख्यात अपराधी को मार गिराया है। यह एनकाउंटर गुरुवार को वैशाली थाना क्षेत्र के चिंतामणिपुर हाई स्कूल के पीछे हुआ। एनकाउंटर में ढेर अपराधी का नाम अरविंद सहनी है। वह छत्तीसगढ़ में हुई सोना लूट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। वह वैशाली प्रखंड के ही धरमपुर गांव का रहने वाला है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार सूचना के आधार पर एसटीएफ और पुलिसकर्मी अपराधी को पकड़ने गए थे। तभी मुठभेड़ में अपराधी को ढेर कर दिया गया। वैशाली के एसपी ललित मोहन शर्मा, डीएसपी गोपाल मंडल समेत अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी भी पहुंचे हैं। मौके पर भारी फोर्स तैनात है।
लूट और मर्डर के मामलों में कुख्यात था अरविंद सहनी
बताया जा रहा है कि अरविंद सहनी पर लूट और हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर पुलिस ने इनाम भी रखा हुआ था। वैशाली पुलिस के अनुसार अरविंद पर हत्या और डकैती के कुल 22 मामले दर्ज थे।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने रखा था 50 हजार का इनाम
अरविंद सहनी वैशाली जिले के भगवानपुर प्रखंड के सहता वार्ड दो का रहना वाला था। उसके पिता का नाम शिवजी सहनी है। मुजफ्फरपुर पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसके खिलाफ पूर्वी चंपारण जिले में भी लूट के केस दर्ज थे। विभिन्न जिलों की पुलिस को उसकी तलाश थी, लेकिन वह लगातार फरारी काट रहा था।




साइन इन