महागठबंधन में बनी सीटों पर बात? तेजस्वी यादव के घर राजद, कांग्रेस, वीआईपी और लेफ्ट की बैठक
तेजस्वी यादव के पटना स्थित आवास पर मंगलवार को महागठबंधन की बैठक हुई। इसमें आरजेडी, कांग्रेस, वीआईपी और लेफ्ट पार्टियों के नेता मौजूद रहे। इस बैठक में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर महागठबंधन में सीट शेयरिंग फॉर्मूला पर बातचीत चल रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के पटना स्थित सरकारी आवास 1, पोलो रोड पर महागठबंधन के शीर्ष नेताओं की मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। इसमें राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सांसद संजय यादव, सीपीआई से कुणाल, कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावारु, वीआईपी से नूरुल होदा सहित अन्य नेता शामिल रहे।
सूत्रों के अनुसार बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के सभी दलों के बीच सीटों के समीकरण, मजबूत उम्मीदवारों का चयन और रणनीतिक मुद्दों पर एकजुट होने पर चर्चा की गई। विपक्षी गठबंधन ने इस बार सशक्त और व्यापक चुनावी रणनीति बनाने का प्रयास किया है ताकि विपक्षी दलों को कड़ी टक्कर दी जा सके। दरअसल, विभिन्न पार्टियों के सीटों पर अलग-अलग दावे और सीएम फेस को लेकर आरजेडी और कांग्रेस की बीच चल रही असहमति के चलते इस बैठक में एकराय बनाने की कोशिश की गई।
बता दें कि विभिन्न दलों ने की ओर से महागठबंधन की कोऑर्डिनेशन कमिटी के अध्यक्ष तेजस्वी यादव को अपनी-अपनी सीटों की मांग पेश कर दी है। कांग्रेस ने 76 और लेफ्ट पार्टियों ने 40 सीटों पर दावा करते हुए संभावित उम्मीदवारों के नाम भी तेजस्वी को सौंपे हैं। वहीं, मुकेश सहनी की वीआईपी ने लगभग 30 सीटों पर कैंडिडेट के नामों की सूची सौंपी है, हालांकि उनका दावा 60 सीटों का है। वहीं, राजद खुद भी कम से कम 130 सीटों पर अपनी दावेदारी कर रही है।
बिहार में अगले महीने यानी अक्टूबर में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज सकता है। महागठबंधन में आरजेडी, कांग्रेस, वीआईपी के अलावा तीनों वाम दल सीपीआई, सीपीएम और सीपीआई माले मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। इसके अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा और पशुपति पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के भी महागठबंधन में शामिल होने पर बात बन गई है। ये दोनों पार्टियां भी कुछ सीटों पर अपने कैंडिडेट उतार सकती हैं। सीट शेयरिंग फॉर्मूला जारी होने के बाद स्थिति पूरी साफ हो जाएगी।




साइन इन