Bihar Day 2025 latest updates cultural programs singing show rallies Gandhi Maidan Nitish Kumar CM नीतीश ने किया बिहार दिवस का शुभारंभ, बोले- मिलकर करेंगे विकास, 113 साल का हुआ, Bihar Hindi News - Hindustan
More

CM नीतीश ने किया बिहार दिवस का शुभारंभ, बोले- मिलकर करेंगे विकास, 113 साल का हुआ

Bihar Diwas LIVE: तीन दिवसीय बिहार दिवस के मुख्य समारोह की शुरुआत पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की। पटना समेत सभी जिलों में इस मौके पर रंगारंग कार्यक्रम हो रहे हैं।

Sat, 22 March 2025 09:31 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
CM नीतीश ने किया बिहार दिवस का शुभारंभ, बोले- मिलकर करेंगे विकास, 113 साल का हुआ

Bihar Diwas LIVE: बिहार शनिवार को 113 साल का हो गया है। वर्ष 1912 में 22 मार्च को बंगाल से अलग होकर बिहार प्रांत बना था। पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर और गुब्बारे उड़ाकर किया। मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर, मधेपुरा, गया समेत सभी शहरों में बिहार दिवस पर आयोजन रखे गए हैं। विदेश में भी प्रवासियों द्वारा बिहार दिवस मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य नेताओं ने प्रदेश वासियों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं दीं हैं।

पीएम मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'वीरों और महान विभूतियों की पावन धरती बिहार के सभी भाई-बहनों को बिहार दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। भारतीय इतिहास को गौरवान्वित करने वाला हमारा यह प्रदेश आज अपनी विकास यात्रा के जिस महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है, उसमें यहां के परिश्रमी और प्रतिभाशाली बिहारवासियों की अहम भागीदारी है। हमारी संस्कृति और परंपरा के केंद्र-बिंदु रहे अपने इस राज्य के चौतरफा विकास के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।'

सरकारी भवन जगमग, गांधी मैदान में आज अभिजीत बांधेंगे समा

बिहार दिवस के मौके पर अगले तीन दिनों तक राज्यभर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। सरकारी भवन नीली रोशनी से जगमग रहेंगे। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तीन दिवसीय मुख्य समारोह होगा। श्रीकृष्ण मेमोरियालय हॉल, रवींद्र भवन और प्रेमचंद रंगशाला में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक की प्रस्तुति है। गांधी मैदान में पहले दिन गायक अभिजीत भट्टाचार्य समां बांधेंगे। प्रेमचंद रंगशाला में विशेष रूप से महिला थीम पर आधारित नाट्य उत्सव होगा, जिसमें सभी पात्र महिलाएं होंगी। नुक्कड़ नाटकों का मंचन होगा।

बिहार दिवस समारोह से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें-

8:00 PM: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार दिवस के मौके पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि गांधी मैदान में आयोजित भव्य बिहार दिवस के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित हुआ। बिहार के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। एनडीए सरकार में बिहार विरासत को सहेजते हुए विकास की ओर अग्रसर है। सभी को बिहार दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध और महावीर की तपोस्थली, बिहार ने अपने ज्ञान, दर्शन और अध्यात्म के प्रकाश से पूरे विश्व को आलोकित किया है। बिहार, निरंतर प्रगति और समृद्धि के पथ पर बढ़ता रहे, यही कामना है। ज्ञान और संस्कृति का है आधार, ऐसा है हमारा बिहार।

8:15 PM: उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बिहार दिवस के मौके पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। शनिवार को गांधी मैदान में बिहार दिवस समारोह में शामिल होने के बाद उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान, प्रतिभा, ऐतिहासिक गौरव, विद्वता, साधना, अहिंसा, संस्कृति, शौर्य, पराक्रम, प्रेम की पुण्यधरा और लोकतंत्र की जननी- बिहार के स्थापना दिवस पर समस्त बिहारवासियों को हार्दिक बधाई व अशेष शुभकामनाएं।

8:20 PMबिहार दिवस के मौके पर गांधी मैदान में ग्रामीण कार्य विभाग का स्टॉल लगाया गया है। इसमें विभाग की ओर से क्रियान्वित की जा रही योजनाओं का सचित्र प्रदर्शनी लगाई गई है। स्टॉल का उद्घाटन शनिवार को ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने किया।

6:00 PM: बिहार दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों से आह्वान किया है, कि विकसित बिहार के सपने को साकार करने में भागीदार बनें। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।

5:45 PM: तीन दिनों तक चलने वाले बिहार दिवस का शुभारंभ गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर और गुब्बारे उड़ाकर किया।

4:52 PM: बिहार दिवस पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने ट्वीट करते हुए बिहारवासियों को बधाई दी। उन्होने लिखा कि बिहार दिवस पर राज्य के सभी निवासियों को मैं हार्दिक बधाई देती हूं। बिहार की धरती प्राचीन काल से ही ज्ञान और विकास का केंद्र रही है। मेरा विश्वास है कि बिहार के निवासी अपनी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प तथा परिश्रम के बल पर विकसित बिहार और विकसित भारत के निर्माण में अपना भरपूर योगदान देते रहेंगे।

4:50 PM: गांधी मैदान में आयोजित बिहार दिवस पर सूचना भवन की गैलरी का उद्घाटन मंत्री महेश्वर हजारी ने किया, इस दौरान निदेशक वैभव श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

12.32 PM: गांधी मैदान में भी बड़ी संख्या में लोग बिहार दिवस समारोह को देखने पहुंचे हैं। मंच पर कलाकार नृत्य की प्रस्तुति कर रहे हैं।

12.05 PM: पटना के एसकेएम हॉल में बिहार दिवस समारोह की शुरुआत हो गई है, कलाकार शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति कर रहे हैं।

11.30 AM: बांका जिले के शंभूगंज में बिहार दिवस के मौके पर स्कूली छात्रों ने झांकी निकाली।

11.10 AM: राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बिहार दिवस के मौके पर शुभकामनाएं देते हुए लोगों से राज्य एवं देश के समग्र विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।

11.07 AM: सुपौल के गांधी मैदान से स्कूली बच्चों ने बिहार दिवस के मौके पर प्रभातफेरी निकाली। आज जिले का 35वां स्थापना दिवस भी मनाया जा रहा है।

10.15 AM: किशनगंज में डुमरिया गर्ल्स हाई स्कूल से बिहार दिवस के मौके पर प्रभात फेरी निकाली गई। डीएम विशाल राज ने झंडी दिखाकर रवाना किया।

10.00 AM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार वासियों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं दीं

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।