Bihar CM LIVE Updates: बिहार में होली के बाद नेतृत्व परिवर्तन होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने को तैयार हो गए हैं। नीतीश की जगह भारतीय जनता पार्टी (BJP) से कोई सीएम बन सकता है। जेडीयू के वरीय नेता विजय चौधरी ने इसकी पुष्टि की है। नीतीश के बेटे निशांत गुरुवार को राजनीति में कदम रखेंगे और जेडीयू की सदस्यता लेंगे। बिहार सरकार में वे डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। नीतीश की राज्यसभा उम्मीदवारी पर औपचारिक ऐलान बाकी है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को वे एनडीए के अन्य प्रत्याशियों के साथ सुबह 11:30 बजे नामांकन करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी कल राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे, इसमें शामिल होने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पटना आ रहे हैं। इससे पहले पटना के सियासी गलियारों में आज पूरे दिन हलचल रही। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत पार्टी के वरीय नेता नीतीश को मनाने सीएम आवास पहुंचे। वहां लंबी मंत्रणा के बाद संजय झा के घर मंथन चला, जिसमें मंत्री विजय चौधरी भी शामिल रहे। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन का कल यानी गुरुवार को आखिरी दिन है। दूसरी ओर, अगर नीतीश राज्यसभा सांसद बनते हैं तो बिहार में भाजपा से मुख्यमंत्री कौन बनेगा इस पर भी चर्चाओं का दौर जारी है। इनमें मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय का नाम प्रमुख है। हालांकि, भाजपा कोई नया चेहरा लाकर सभी को चौंका भी सकती है।
ये भी पढ़ें-
बिहार में होली बाद राजनीति का नया रंग? नीतीश राज्यसभा में, भाजपा का सीएम, निशांत डिप्टी!
बिहार में भाजपा से सीएम कौन, नीतीश राज्यसभा गए तो सम्राट, नित्यानंद या कोई और मुख्यमंत्री?
4 Mar 2026, 09:54:41 PM IST
Bihar CM LIVE: नीतीश राज्यसभा जाएंगे, 16 मार्च के बाद बिहार में भाजपा का सीएम
Bihar CM LIVE: नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना तय हो गया है। नीतीश ने खुद राज्यसभा जाने का फैसला लिया है। वे कल सुबह राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे। नीतीश के सीएम पद से हटने के बाद बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव का रिजल्ट घोषित होने के बाद ही नीतीश सीएम पद से इस्तीफा देंगे और बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। जेडीयू के वरीय नेता विजय चौधरी ने हिन्दुस्तान से बातचीत में इसकी पुष्टि की है।
4 Mar 2026, 09:45:12 PM IST
Bihar CM LIVE: विजय चौधरी बोले- राज्यसभा जाने पर फैसला नीतीश ही लेंगे
Bihar CM LIVE: जेडीयू के वरीय नेता एवं बिहार के मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर पार्टी के अंदर चर्चा चल रही है। इस पर अंतिम फैसला खुद नीतीश कुमार ही लेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश जेडीयू के सर्वमान्य नेता हैं, उनका जो भी निर्देश होगा उसे सभी मानेंगे। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर बैठक के बाद विजय चौधरी ने यह बयान दिया।
4 Mar 2026, 09:14:04 PM IST
Bihar CM LIVE: सुबह 11:30 बजे नामांकन कर सकते हैं नीतीश
Bihar CM LIVE: बिहार विधानसभा के सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार सुबह 11:30 बजे राज्यसभा के लिए नामांकन कर सकते हैं। जेडीयू की ओर से अभी तक नीतीश के राज्यसभा जाने का औपचारिक ऐलान नहीं किया या है। सुबह तक स्थिति साफ होने की संभावना है।
4 Mar 2026, 09:10:18 PM IST
Bihar CM LIVE: सीएम आवास के बाहर नीतीश के समर्थन में नारेबाजी
Bihar CM LIVE: बिहार में राजनीतिक हलचल के बीच पटना स्थित सीएम आवास के बाहर जेडीयू के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया है। जेडीयू के कार्यकर्ता नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। नीतीश के राज्यसभा जाने की अटकलें तेज हैं, वे कल नामांकन कर सकते हैं।
4 Mar 2026, 08:59:45 PM IST
Bihar CM LIVE: नीतीश पर जल्दबाजी में फैसला उचित नहीं, बोले जेडीयू विधायक
Bihar CM LIVE: जेडीयू के विधायक सरयू राय ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों पर कहा कि एनडीए के साथ जेडीयू की सरकार है। इस तरह का घटनाक्रम होता रहता है। फिलहाल उचित समय नहीं है। जो भी नेतृत्व तय करता है, सोच समझकर करता है। सही निर्णय, सही समय पर होता है तो उसका अच्छा नतीजा निकलता है। अचानक नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं, यह उचित नहीं है। इस पर व्यापक विमर्श होना चाहिए। एनडीए के नेता नीतीश को राज्यसभा ही भेजना चाहते हैं और खुद नीतीश तैयार हैं तो क्या आपत्ति हो सकती है।
4 Mar 2026, 08:47:42 PM IST
Bihar CM LIVE: अमित शाह कल आ सकते हैं पटना
Bihar CM LIVE: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल पटना आ सकते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए नामांकन में शामिल होने का उनका संभावित कार्यक्रम बताया जा रहा है। बता दें कि नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन की भी चर्चा है। अगर नीतीश सीएम पद से हटते हैं तो बिहार में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, शाह इस पर भी एनडीए के नेताओं के साथ चर्चा कर सकते हैं।
4 Mar 2026, 08:27:27 PM IST
Bihar CM LIVE: कांग्रेस नेता बोले- भाजपा की नीतीश को हटाने की साजिश
Bihar CM LIVE: बिहार में चल रहे सियासी घटनाक्रम के बीच कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा की नीति पूरा पावर हथियाने की रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को पूरी सत्ता चाहिए। इसलिए किसी ना तरीके से नीतीश कुमार को सत्ता से बाहर करने की कोशिश हो रही है। उन्हें राज्यसभा के जरिए दिल्ली बुलाकर मोदी कैबिनेट का लालच दिया जा रहा है।
4 Mar 2026, 08:21:58 PM IST
Bihar CM LIVE: संजय झा के घर पहुंचे संजय गांधी
Bihar CM LIVE: बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की आहट के बीच पटना में हलचल तेज है। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर बैठकों का दौर चल रहा है। अब पार्टी के वरीय नेता एवं एमएलसी संजय गांधी उनके आवास पर पहुंचे हैं। इससे पहले संजय गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि नीतीश कुमार जो भी फैसला करेंगे, वो सभी को मान्य होगा।
4 Mar 2026, 08:03:51 PM IST
Bihar CM LIVE: कल सुबह साढ़े 11 बजे नामांकन कर सकते हैं नीतीश
Bihar CM LIVE: टीवी सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना तय हो गया है। कल सुबह करीब 11:30 बजे राज्यसभा के लिए जेडीयू प्रत्याशी के रूप में नामांकन करेंगे। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रालोमो चीफ उपेंद्र कुशवाहा समेत अन्य एनडीए उम्मीदवार भी अपना पर्चा भरेंगे।
4 Mar 2026, 08:12:22 PM IST
Bihar CM LIVE: आरजेडी बोली- भाजपा ने बिहार में चलाया साइलेंट ऑपरेशन लोटस
Bihar CM LIVE: बिहार में मुख्य विपक्षी दल लालू एवं तेजस्वी यादव की आरजेडी ने दावा किया है कि भाजपा ने बिहार में साइलेंट ऑपरेशन लोटस चला दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पूरी तरह नीतीश कुमार को घेर लिया। उन्हें डरा-धमकाकर जबरन राज्यसभा भेजा जा रहा है। आरजेडी ने यह भी दावा किया कि नीतीश पूरी तरह लाचार और बेबस हो चुके हैं।
4 Mar 2026, 07:46:34 PM IST
Bihar CM LIVE: संजय झा के आवास पहुंचे रामनाथ ठाकुर
Bihar CM LIVE: जेडीयू के राज्यसभा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर पटना में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पहुंचे हैं। बिहार की जिन पांच राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने जा रहा है, उसमें से एक रामनाथ की सीट भी है। अब तक की सूचना के अनुसार, रामनाथ ठाकुर को फिर से जेडीयू राज्यसभा उम्मीदवार बनाएगी। वे संसद में तीसरा टर्म करेंगे। हालांकि, औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
4 Mar 2026, 07:42:15 PM IST
Bihar CM LIVE: 16 मार्च तक सीएम पद पर बने रहेंगे नीतीश
Bihar CM LIVE: कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो वे 16 मार्च तक सीएम पद पर बने रहेंगे। 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव का मतदान होना है। राज्यसभा सांसद बनते ही वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे।
4 Mar 2026, 07:36:10 PM IST
Bihar CM LIVE: निशांत कुमार कल जेडीयू में शामिल होंगे
Bihar CM LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार गुरुवार 5 मार्च को जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता लेंगे। बिहार सरकार में मंत्री जमा खान ने यह बयान दिया है। नीतीश के सीएम पद छोड़ने पर बिहार सरकार में उन्हें बड़ा पद मिल सकता है। निशांत को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। निशांत के राजनीति में आने की अटकलें कई दिनों से लगाई जा रही थीं।
4 Mar 2026, 07:27:53 PM IST
Bihar CM LIVE: नीतीश जाएंगे राज्यसभा, औपचारिक ऐलान बाकी
Bihar CM LIVE: समाचार एजेंसी एएनआई ने जेडीयू सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे। इसका महज अब औपचारिक ऐलान बाकी रह गया है। माना जा रहा है कि सीएम नीतीश ने इस पर सहमति दे दी है। गुरुवार को वे राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे।
4 Mar 2026, 07:19:13 PM IST
Bihar CM LIVE: जेडीयू में हो गया मंथन, औपचारिक ऐलान बाकी
Bihar CM LIVE: सियासी गलियारों में चर्चा है कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे या नहीं, इस पर जेडीयू के अंदर मंथन हो गया है। संजय झा, विजय चौधरी समेत पार्टी के आला नेताओं ने सीएम आवास में नीतीश से लंबी मंत्रणा की। बताया जा रहा है कि नीतीश ने अपना जो भी निर्णय है, वो इन नेताओं को बता दिया है। अब जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के पटना स्थित घर पर मंथन चल रहा है। जेडीयू से राज्यसभा कौन जाएगा, इसका अब औपचारिक ऐलान बाकी है।
4 Mar 2026, 07:10:40 PM IST
Bihar CM LIVE: नीतीश हटे तो जेडीयू से बन सकते हैं दो डिप्टी सीएम
Bihar CM LIVE: चर्चा है कि नीतीश कुमार अगर राज्यसभा गए तो बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा। वहीं, कैबिनेट में भी भारी फेरबदल हो सकता है। भाजपा का मुख्यमंत्री बनता है, तो जेडीयू से दो डिप्टी सीएम बन सकते हैं। इसमें एक नाम नीतीश के बेटे निशांत कुमार का चल रहा है। अभी जेडीयू से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं और भाजपा से दो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा हैं।
4 Mar 2026, 06:57:57 PM IST
Bihar CM LIVE: संजय झा के घर पहुंचे विजय चौधरी, जेडीयू में मंथन का दौर
Bihar CM LIVE: बिहार में जेडीयू के वरीय नेता और मंत्री विजय चौधरी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के पटना स्थित आवास पर पहुंचे हैं। इससे पहले संजय झा ने सीएम आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। नीतीश से मीटिंग के बाद अब संजय झा के घर पर मंथन चल रहा है। अटकलें हैं कि नीतीश को मनाने का दौर जेडीयू में जारी है। उन्हें राज्यसभा जाने और निशांत को डिप्टी सीएम बनाने के लिए मनाया जा रहा है।
4 Mar 2026, 06:45:22 PM IST
Bihar CM LIVE: बिजेंद्र यादव और अशोक चौधरी भी पहुंचे सीएम आवास
Bihar CM LIVE: बिहार के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव और ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी भी सीएम आवास पहुंच गए हैं। वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे हैं। दोनों जेडीयू के वरीय नेता हैं और नीतीश के करीबी माने जाते हैं। नीतीश को राज्यसभा जाने के लिए मनाने का दौर चल रहा है।
4 Mar 2026, 06:35:38 PM IST
Bihar CM LIVE: भाजपा से कौन बन सकता है बिहार का मुख्यमंत्री?
Bihar CM LIVE: राजनीतिक अटकलों के अनुसार, अगर नीतीश राज्यसभा जाते हैं, तो बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बन सकता है। भाजपा से सबसे पहला नाम जो चर्चा में है, वो सम्राट चौधरी का है। सम्राट अभी गृह मंत्री और नीतीश के डिप्टी हैं। वह कुशवाहा (कोइरी) जाति से आते हैं। उनके अलावा यादव जाति से आने वाले नित्यानंद राय का नाम भी चर्चा में है। वह अभी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। चर्चा यह भी है कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, ओडिशा की तरह बिहार में भी भाजपा किसी नए चेहरे को सीएम बनाकर चौंका सकती है।
4 Mar 2026, 06:27:20 PM IST
Bihar CM LIVE: नीतीश हटे, तो बेटे निशांत सीधे डिप्टी सीएम बनेंगे
Bihar CM LIVE: अब तक चल रही सियासी अटकलबाजी के अनुसार अगर नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद छोड़ते हैं तो उनके बेटे निशांत का पॉलिटिकल डेब्यू सीधे डिप्टी सीएम पद से होगा। नीतीश हटते हैं तो बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा और डिप्टी सीएम का पद जेडीयू को चला जाएगा। निशांत कुमार जेडीयू ज्वाइन कर डिप्टी सीएम बन सकते हैं। वे अभी तक राजनीति से दूर ही रहते आए हैं।
4 Mar 2026, 06:23:05 PM IST
Bihar CM LIVE: नीतीश को मनाने का काम संजय और ललन के हवाले
Bihar CM LIVE: बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सीएम पद छोड़ राज्यसभा जाने के लिए जेडीयू के नेताओं द्वारा मनाया जा रहा है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह इस काम में जुटे हुए हैं। संजय झा अभी सीएम आवास में ही मौजूद हैं। मुख्यमंत्री के साथ उनकी बैठक चल रही है। आज देर रात या कल सुबह तक स्थिति साफ हो सकती है।
4 Mar 2026, 06:18:59 PM IST
Bihar CM LIVE: बिहार में नेतृत्व परिवर्तन पर जेडीयू में एकराय नहीं
Bihar CM LIVE: बिहार के सियासी गलियारों में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने की अटकले हैं। टीवी सूत्रों के अनुसार, इस पर नीतीश की पार्टी जेडीयू में अभी एकराय नहीं है। जेडीयू के आला नेताओं ने नीतीश को राज्यसभा जाने और निशांत को राजनीति में लाने का सुझाव दिया है। हालांकि, जदयू के कुछ पुराने नेता चाहते हैं कि नीतीश बिहार में ही रहकर पद पर बने रहें।
4 Mar 2026, 06:11:25 PM IST
Bihar CM LIVE: नीतीश को मनाने पहुंचे संजय झा
Bihar CM LIVE: जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पटना के एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास पहुंचे हैं। वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बातचीत कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें राज्यसभा भेजने के लिए मनाने की कोशिश की जा रही है।