मोदी को गाली के खिलाफ बिहार बंद, BJP और NDA के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे, जाम में फंसे रिजिजू
महागठबंधन दलों की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में एक कांग्रेस नेता के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी गई मां की गाली के खिलाफ एनडीए के बिहार बंद में भाजपा और सहयोगी दलों के कार्यकर्ता हर जिले में सड़क पर उतर आए हैं।

महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में पीएम नरेंद्र मोदी को दी गई मां की गाली के खिलाफ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के बिहार बंद का राज्य में कहीं ज्यादा तो कहीं कम असर रहा। सड़क यात्रा सबसे ज्यादा प्रभावित हुई। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) समेत सहयोगी दलों के कार्यकर्ता सड़कों पर बड़ी संख्या में उतरे थे। बंद पांच घंटे का था। बिहार भाजपा के ज्यादातर बड़े नेता दिल्ली में थे, क्योंकि बुधवार को कोर कमिटी की मीटिंग थी। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और तीन वामपंथी दलों सीपीआई, सीपीएम व सीपीआई-माले ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ यात्रा निकाली थी। राजगीर जा रहे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी बंद के कुछ देर फंसे, हालांकि बाद में उन्हें जाने दिया गया।

पटना में डाकबंगला चौक और इनकम टैक्स गोलंबर पर सड़क पर बैठे एनडीए कार्यकर्ता
एनडीए के बिहार बंद में राजधानी पटना में जगह-जगह पर भाजपा और एनडीए दलों के कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए हैं। डाकबंगला चौक और आयकर गोलंबर पर सुबह से ही एनडीए कार्यकर्ता जमा हो गए हैं। इसका असर दफ्तर जाने वाले लोगों पर दिख रहा है।

सीवान में टेम्पो भी नहीं चल रहा, बिहार बंद का सड़क यातायात पर असर, दुकानें भी बंद
बिहार बंद के तहत एनडीए कार्यकर्ता सीवान की सड़कों पर उतरे। कार्यकर्ताओं ने वाहनों का परिचालन बंद कराया है। दुकानें बंद हैं। टेम्पो का भी परिचालन नहीं हो रहा है।

कटिहार में पूर्वी डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कराया बंद, कई रूट पर वाहनों की लंबी कतार से जाम
कटिहार में पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद के साथ-साथ नगर निगम की मेयर उषा देवी अग्रवाल और दर्जनों एनडीए कार्यकर्ताओं ने मिर्चाईबारी बजरंग बली चौक पर टायर जलाकर विरोध जगाया। इस दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सड़क जाम से लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। कटिहार-पूर्णिया, कटिहार-मनिहारी और कटिहार-गेड़ाबाड़ी रूट पर वाहनों की लंबी कतार देखी गई। भागलपुर जाने वाले बस यात्री भी परेशान दिखे। जिले के अन्य हिस्सों में भी बंद के दौरान प्रदर्शन और आंदोलन चल रहा है।

औरंगाबाद में बिहार बंद का असर, सुबह में नहीं खुली दुकान, कामकाज भी ठप, टंडवा में भी मार्केट बंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली देने के विरोध में आज बिहार बंद के दौरान औरंगाबाद में कई जगहों पर बाजार बंद है। सुबह में दुकानें नहीं खुलीं और कामकाज ठप है। जिला मुख्यालय के अलावा नवीनगर प्रखंड के टंडवा में भी मार्केट बंद है।

बांका में बिहार बंद; एनडीए कार्यकर्ताओं ने पंजवारा गोड्डा मुख्य मार्ग को जाम किया
बिहार बंद का बांका के पंजवारा में खासा असर देखा जा रहा है। सुबह से ही बाजार क्षेत्र की सभी दुकानें बंद हैं। एनडीए कार्यकर्ताओं ने पंजवारा-गोड्डा नेशनल हाईवे 333 ए मुख्य मार्ग पर पंजवारा बाजार में सड़क जाम कर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया है। सड़कों पर वाहनों का परिचालन नहीं हो रहा है।

गोपालगंज में बिहार बंद का गहरा असर, दुकानें बंद, एनएच 27 पर वाहनों का परिचालन नहीं
गोपालगंज में बिहार बंद का असर दिख रहा है। शहर की दुकानें बंद हैं। एनएच 27 पर वाहनों का परिचालन नहीं हो रहा है। सुबह में एनडीए कार्यकर्ताओं ने शहर में घूम कर दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कराया।

हाजीपुर में बिहार बंद के दौरान महिलाएं सड़क पर उतरीं, परिवहन पर कम असर
हाजीपुर शहर के गांधी चौक पर वाहनों की आवाजाही होती रही। भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और मां का अपमान नहीं सहेगा बिहार के नारे लगाए।

अररिया में बिहार बंद का मिला-जुला असर; कुर्साकांटा में सड़क जाम, बाजार बंद
एनडीए महिला मोर्चा के बिहार बंद का अररिया में मिला-जुला असर दिख रहा है। सुबह 9 बजे तक गाड़ियां चलती रही। बाजार में कुछ दुकानें बंद रहीं। बाजार में इक्के-दुक्के कार्यकर्ता ही नजर आए। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोवस्त किए हैं। कुर्साकांटा में एनडीए ने सड़क जाम कर विरोध जताया। वहां दुकानें भी बंद रही।

पूर्णिया में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे, दुकानें बंद, सड़क पर असर नहीं
पूर्णिया में एनडीए के पांच घंटे के बिहार बंद में शहर के चौक-चौराहों से लेकर नेशनल हाईवे तक भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। पीएम मोदी की मां का अपमान नहीं सहेगा बिहार के नारे लगाए जा रहे हैं। सुबह का समय है, इसलिए इस समय बाजार स्वाभाविक रूप से नहीं खुला है। सड़कों पर आम लोगों की आवाजाही पर कोई खास प्रभाव नहीं दिख रहा है।

मुंगेर के तारापुर में एनडीए का जोरदार प्रदर्शन, सड़क जाम, बाजार भी बंद
बिहार बंद के दौरान मुंगेर जिले के तारापुर में एनडीए ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। तारापुर के जदयू विधायक राजीव सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद चौक के पास सड़क जाम कर आवागमन ठप किया और दुकानों को भी बंद कराया।

भागलपुर में बिहार बंद का असर, मोदी को गाली के खिलाफ एनडीए का शक्ति प्रदर्शन
भागलपुर में भी बिहार बंद का असर दिख रहा है। सड़क से लेकर बाजार तक मिला-जुला प्रभाव नजर आ रहा है। पीएम मोदी को गाली देने के खिलाफ एनडीए दलों के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर शक्ति प्रदर्शन किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी चाक-चौबंद दिखी।

लखीसराय में बंद का गहरा असर, भाजपा और जदयू ने अलग-अलग रोड जाम किया
लखीसराय में बिहार बंद के दौरान जगह-जगह राजग कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सड़क जाम किया। नेताओं ने बाजार को बंद करने का आह्वान भी किया। विद्यापीठ चौक पर भाजपा के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम किया और जमकर नारेबाजी की। शहीद द्वार के पास जदयू जिलाध्यक्ष रामानंद मंडल के नेतृत्व में सड़क जाम किया गया।

बिहार बंद के दौरान सासाराम में एनएच 319 जाम, यातायात बाधित
सासाराम में भाजपा कार्यकर्ता बिहार बंद के दौरान सुबह में ही एनएच 319 पर बैठ गए जिससे काफी लंबा जाम लग गया। इस वजह से आवागमन बाधित हो गया।

बिहारशरीफ में बड़ी संख्या में उतरी महिलाएं, राजगीर जा रहे किरेन रिजिजू बंद में फंसे
बिहारशरीफ में एनडीए ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। सुबह से ही भाजपा और जदयू के लोग जगह-जगह नारेबाजी करते हुए बंद कराते दिखे। कई इलाकों में असर साफ दिखा। अपील का असर बाजार की दुकानों पर भी रहा। बंद में महिलाओं की भागीदारी बड़ी संख्या में रही, जिसका नेतृत्व विधान पार्षद रीना यादव, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष निशा रानी ने किया। अन्य प्रखंडों और कस्बों में भी बंद का व्यापक असर देखा गया। आम जनजीवन पर आंशिक असर पड़ा है लेकिन लोग आवाजाही में परेशानी झेलते नजर आए। वहीं, राजगीर जा रहे भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू पतासंग गांव के पास बंद के लिए किए गए सड़क जाम में फंस गए। मंत्री को देखने के उन्हें जाने दिया गया।

मोतिहारी में बिहार बंद के समर्थन में उतरे एनडीए के नेता और कार्यकर्ता
बिहार बंद के दौरान मोतिहारी जिले में जगह-जगह एनडीए के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। जिले के मोतिहारी, चकिया, रक्सौल, कोटवा आदि शहरो की अधिकतर दुकानें बंद हैं।मोतिहारी में विधायक प्रमोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज के नेतृत्व में जुलूस निकला है। अनंत चतुर्दशी की कांवर यात्रा को बंद से मुक्त रखा गया है। कोटवा में कोटवा-मोतिहारी रोड को जाम कर दिया गया है। रक्सौल और चकिया में भी भाजपा विधायकों के नेतृत्व में बंद चल रहा है। चिरैया प्रखंड में बंद का असर नहीं दिख रहा है।

मुजफ्फरपुर में असरदार बंद, बस-ऑटो कम निकले, दुकानें 12 बजे के बाद खुलीं
मुजफ्फरपुर में बिहार बंद के समर्थन में सुबह आठ बजे से भाजपा और एनडीए के घटक दलों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। बीबीगंज, कलमबाग चौक, टावर चौक और कल्याणी चौक को जाम कर दिया। बंद समर्थकों ने जुलूस निकाला और दुकानों को बंद रखने की अपील की। ट्रेन और आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया था। बैरिया और इमलीचट्टी बस स्टैंड से सात बजे के बाद बसें नहीं खुलीं। सड़क पर अन्य वाहनों और ऑटो का परिचालन भी कम रहा। दुकानें खुलीं, लेकिन दोपहर 12 बजे बंद खत्म होने का व्यवसायियों ने भी इंतजार किया।

बिहार बंद का मुंगेर में रहा असर, दोपहर 12 बजे तक बंद रहा बाजार
बिहार बंद का मुंगेर में व्यापक असर दिखा। विधायक प्रणव कुमार और भाजपा के जिलाध्यक्ष अरुण पोद्दार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर निकल कर बाजार बंद करा रहे थे। मुख्य बाजार, बेकापुर कौड़ा मैदान सहित तमाम चौक-चौराहों पर दोपहर 12 बजे तक दुकानें बंद रहीं।

समस्तीपुर में एनएच पर रस्सी लगाकर लगाया जाम, पैसेंजर के बीच त्राहिमाम
समस्तीपुर में बिहार बंद के दौरान शहर के मुख्य मार्ग को जाम कर दिया गया। एनडीए दलों के कार्यकर्ताओं ने जुलूस बाजार बंद कराया। कार्यकर्ता जगह-जगह चौक-चौराहों पर सड़क पर ही बैठ गए। एनएच-28 पर मुसरीघरारी के पास सड़क पर ही रस्सी लगाकर रास्ता बंद कर दिया। जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पूर्व सांसद अश्वमेघ देवी, अनंत कुशवाहा, नीलम सहनी जुलूस का नेतृत्व कर रहे थे।

सीतामढ़ी में महिला कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में एनडीए ने कराया बंद
सीतामढ़ी में बंद के समर्थन में जगह-जगह महिला कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में एनडीए के नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। शहर से लेकर प्रखंड मुख्यालयों में अधिकांश दुकानें बंद रहीं। एनएच और एसएच पर भी जाम किया गया। रुन्नीसैदपुर, बथनाहा, पुपरी आदि में सड़क पर बड़े वाहनों की संख्या न के बराबर रही। शहर में भाजपा विधायक मिथिलेश कुमार, बथनाहा में भाजपा विधायक अनिल राम, परिहार में गायत्री देवी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे।

दरभंगा में बिहार बंद का यातायात व्यवस्था पर असर, खूब हुई नारेबाजी
दरभंगा में बिहार बंद के दौरान एनडीए के कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जाम लगाया जिसका असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा। बाजार में जुलूस निकालकर दुकान बंद कराए गए और खूब नारेबाजी हुई।

मधुबनी में बिहार बंद असरदार, शहर की सड़कों पर लगा जाम
मधुबनी में एनडीए के बिहार बंद का व्यापक असर शहर में देखने को मिला। सुबह 7 बजे से ही थाना चौक, स्टेशन चौक और बाटा चौक के बीच सड़कों पर भारी जाम लग गया। बंद समर्थकों के जाम लगाने से मुख्य चौक-चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई कर्मचारी समय पर दफ्तर नहीं पहुंच सके। मरीजों और बुजुर्गों को भी असुविधा झेलनी पड़ी। जाम को नियंत्रित करने के लिए पुलिस-प्रशासन की टीम तैनात थी, लेकिन इसके बावजूद जाम की स्थिति बनी रही।

शिवहर में बंद के दौरान सड़क जाम से परिवहन सेवा पर गहरा असर
शिवहर में बंद के दौरान एनडीए के कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह सड़क जाम किया। शिवहर के जीरो माइल चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही धरना देकर जाम लगाया। महिलाओं के जत्थे ने भी सड़क पर प्रदर्शन किया।

चनपटिया में सड़क जाम, बाजार बंद, विधायक ने मार्च भी निकाला
चनपटिया में विधायक उमाकांत सिंह के नेतृत्व में प्रतिरोध मार्च निकला और बंद कराया गया।सरिसवा में बीच सड़क पर दरी बिछाकर कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दिया। कार्यकर्ताओं का हुजूम देखकर दुकानदारों ने खुद ही दुकानें बंद कर ली।




साइन इन