बिहार विधानसभा में बहस के लिए 1 विधायक पर 1 मिनट का समय; BJP, JDU, LJP को फिर भी घाटा
बिहार विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस के लिए स्पीकर ने चार घंटे की अवधि निर्धारित की है। सभी दलों को प्रति विधायक एक मिनट समय मिला है। लेकिन बीजेपी, जेडीयू और लोजपा को इसमें घाटा हो गया है।
बिहार में बजट सत्र की शुरुआत में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और बहस के लिए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने दो दिन 3 फरवरी और 5 फरवरी को 4 घंटे की अवधि निर्धारित की है। इस समय को स्पीकर ने प्रति विधायक एक मिनट के हिसाब से सदन में सदस्यों की संख्या के आधार पर राजनीतिक दलों को आवंटित किया है। 243 विधायकों की बिहार विधानसभा में बहस के लिए तय 240 मिनट में 3 मिनट की कमी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) और लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (एलजेपी-आर) के हिस्से से 1-1 मिनट समय की कटौती से पूरी हुई है। हालांकि स्पीकर प्रेम कुमार ने कहा कि अगर जरूरत हुई तो बहस की अवधि बढ़ाई जा सकती है।
विधानसभा सत्र के दूसरे दिन दोपहर में वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने पहले लगभग 3.47 लाख करोड़ का बजट पेश किया। उसके बाद स्पीकर ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और बहस की शुरुआत से पहले राजनीतिक दलों को उनकी विधायक संख्या के आधार पर समय आवंटित किया। इसी में सरकार का जवाब देना भी शामिल है।
स्पीकर ने भाजपा को 88 मिनट, जदयू को 84 मिनट और लोजपा-आर को 18 मिनट समय दिया है, जो उनकी सदस्य संख्या से 1-1 कम है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को 25 मिनट, कांग्रेस को 6 मिनट, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को 5 मिनट, एआईएमआईएम को 5 मिनट, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को 4 मिनट, भाकपा माले (सीपीआई-एमएल) को 2 मिनट, सीपीएम, बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) और आईआईपी को 1-1 मिनट समय मिला है।
इसके बाद बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी की तरफ से धन्यवाद प्रस्ताव पर भाषण शुरू किया। उनके बाद आज जेडीयू के नेता भगवान सिंह कुशवाहा, कांग्रेस के मनोहर प्रसाद सिंह, लोजपा-आर के राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता, एआईएमआईएम के तौसीफ आलम, सीपीआई-माले के अरुण सिंह, जेडीयू के बबलू कुमार, सीपीएम के अजय कुमार, बसपा के सतीश सिंह यादव, आईआईपी के आईपी गुप्ता, हम की ज्योति मांझी, लोजपा-आर की बेबी कुमारी और भाजपा के सचींद्र प्रसाद सिंह ने अपनी-अपनी पार्टी का पक्ष रखा। यह बहस आगे 5 फरवरी को होगी।




साइन इन