Water Crisis in Nilkothi Sahebganj Mohalla Residents Demand Immediate Solutions बोले भागलपुर : नीलकोठी साहेबगंज में जलापूर्ति और सड़क निर्माण की व्यवस्था हो, Bhagalpur Hindi News - Hindustan
More

बोले भागलपुर : नीलकोठी साहेबगंज में जलापूर्ति और सड़क निर्माण की व्यवस्था हो

नीलकठी साहेबगंज मोहल्ले में पानी की गंभीर समस्या है। प्याऊ पिछले डेढ़ साल से खराब है और जलापूर्ति नहीं हो रही। लोग दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। नगर निगम से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। लोग सड़क और नाले की स्थिति को लेकर भी परेशान हैं।

Wed, 29 April 2026 09:44 PMYogendra Rai हिन्दुस्तान, भागलपुर
share
बोले भागलपुर : नीलकोठी साहेबगंज में जलापूर्ति और सड़क निर्माण की व्यवस्था हो

शहर के महत्वपूर्ण मोहल्लों में वार्ड नौ का नीलकोठी साहेबगंज मोहल्ला शामिल है। मोहल्ले में पानी का गंभीर संकट बना हुआ है। प्याऊ करीब दो साल से खराब है। बुडको के पाइप से जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है। कई जगहों पर पाइप नहीं बिछा है। जलस्तर नीचे जाने से चापाकलों से पानी नहीं निकल रहा है। दूर से पानी ढोकर या खरीदकर लाना पड़ता है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में पानी संकट के चलते लोग परेशान हैं। शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।

चम्पानगर-सराय सड़क से सटे उत्तर में नीलकोठी मोहल्ला है। मोहल्ले में करीब तीन सौ परिवार रहते हैं। अधिकांश लोग मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बाढ़ प्रभावित यह क्षेत्र है। प्राय: हर साल बाढ़ का पानी मोहल्ले में घुस जाता है। लोगों को दूसरी जगह शरण लेनी पड़ती है। राजकीय प्रा.वि. रामतोलापुर में एक प्याऊ बनाया गया था। उसी से मोहल्ले में पानी की आपूर्ति होती है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि प्याऊ डेढ़ साल से बंद है। पानी दूर से ढोकर या खरीदकर लाना पड़ता है। नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद पानी संकट का समाधान नहीं हो रहा है। भीषण गर्मी में एक बाल्टी पानी भरने में लोग हांफने लगते हैं। पानी खरीदकर लोग प्यास बूझा रहे हैं। मोहल्ले के अधिकांश इलाके में पाइप भी नहीं बिछाया गया है। जर्जर सड़क पर चलने में लोगों को परेशानी होती है। कुछ जगहों पर सड़क और नाला का निर्माण नहीं कराया गया है। स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को रात में आने-जाने में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि मोहल्ले में प्याऊ या बोरिंग की व्यवस्था कर जलापूर्ति की व्यवस्था नगर निगम करे।

श्रीकांत कुमार यादव ने बताया कि मोहल्ले में प्याऊ से पानी की आपूर्ति की जाती थी। प्याऊ डेढ़ साल से खराब है। कोई देखने वाला नहीं है। नगर निगम में प्याऊ बंद होने की शिकायत कई बार की गयी। लेकिन अभी तक खराब प्याऊ की जगह दूसरे प्याऊ की व्यवस्था नहीं की गयी है। प्याऊ खराब होने से मोहल्ले में पानी का गंभीर संकट हो गया है। मोहल्ले में बुडको का पाइप नहीं बिछाया गया है। जलापूर्ति का कोई अन्य साधन नहीं है। भीषण गर्मी में चापाकल से पानी नहीं निकल रहा है। एक बाल्टी पानी भरने में काफी समय लग जाता है। लोग दूसरों से मांगकर या खरीदकर काम चला रहे हैं। मोहल्ले की सड़क जर्जर हो चुकी है। लोगों को चलने में परेशानी होती है। दो गलियों में सड़क और नाला का निर्माण नहीं कराया गया है। नाला नहीं रहने से घरों के पानी निकासी में दिक्कत होती है। स्ट्रीट लाइट नहीं रहने से रात में लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। लोगों को कई तरह की सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। प्राय: हर साल बाढ़ का पानी मोहल्ले में और लोगों के घरों में घुस जाता है। लोगों को दूसरी जगह शरण लेनी पड़ती है।

उगदेव यादव ने बताया कि मोहल्ले की कई गलियों में सड़क और नाला का निर्माण नहीं कराने से आने-जाने में काफी परेशानी होती है। नाला नहीं रहने से घरों के पानी निकासी में दिक्कत होती है। मोहल्ले में पानी का संकट बना हुआ है। बुडको द्वारा अभी तक पाइप नहीं बिछाया गया है। विंदटोली या अन्य जगहों से प्याऊ से पानी ढोकर लाना पड़ता है। पीने के लिए पानी खरीदना पड़ता है। सड़क कई जगहों पर टूट चुकी है। जलापूर्ति और सड़क निर्माण की व्यवस्था नगर निगम को करनी चाहिए।

अरुण महतो ने बताया कि पानी संकट का समाधान निकालने के लिए नगर निगम को तत्काल बोरिंग की व्यवस्था करनी चाहिए। गर्मी में लोग पानी संकट से परेशान हैं। मोहल्ले में बुडको का पाइप नहीं बिछाया गया है। निजी चापाकल या दूर से ढोकर लोगों को पानी लाना पड़ता है। खराब प्याऊ को ठीक कराने के लिए नगर निगम में लिखित शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। मोहल्ले के स्कूल का गेट टूटा हुआ है। बच्चों की सुरक्षा के लिए नया गेट लगवाने की जरूरत है। नाला और सड़क का भी निर्माण कराना चाहिए। स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हर पोल पर नहीं है।

संजय यादव ने बताया कि मोहल्ले की सड़क कच्ची है। नाला का निर्माण भी नहीं कराया गया है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। बारिश होने पर नाला का गंदा पानी सड़क पर जमा होता है। घरों का गंदा पानी दूसरों की जमीन पर जमा हो रहा है। पानी का गंभीर संकट मोहल्ले में बना हुआ है। राजकीय प्रा.वि. रामतोलापुर परिसर का प्याऊ डेढ़ साल से खराब है। शिकायत करने के बाद भी नगर निगम से कोई देखने नहीं आता है। कई बार नगर निगम में शिकायत की गयी है। रोशनी की व्यवस्था नहीं है। जलस्तर नीचे जाने से चापाकल भी काम नहीं कर रहा है। प्याऊ या बोरिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। बुडको द्वारा पानी का कनेक्शन नहीं दिया गया है। नाला के पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है।

पवन मंडल ने बताया कि प्यास बुझाने के लिए पानी ढोकर लाना पड़ता है। बाढ़ का पानी मोहल्ले में जमा हो जाता है। लोगों को दूसरी जगहों पर शरण लेनी पड़ती है। यमुनिया नदी पर तटबंध बनाकर बाढ़ से बचाव की व्यवस्था करनी चाहिए। सिकन्दर यादव ने बताया कि उनकी गली में बुडको द्वारा पाइप बिछाया गया है। लेकिन जलापूर्ति शुरू नहीं की गयी है। मोहल्ले में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लेकिन फॉगिंग और ब्लीचिंग का छिड़काव नहीं होता है। नाला की सफाई नहीं होती है। नाला का गंदा पानी सड़क पर जमा होता है। घर-घर कूड़े का उठाव नहीं होता है। बाढ़ का पानी मोहल्ले के घरों में घुस जाता है। इसकी रोकथाम की व्यवस्था होनी चाहिए। मोहल्ले में स्वास्थ्य केन्द्र नहीं रहने से इलाज कराने में परेशानी होती है।

बोले जिम्मेदार

वार्ड नौ के नीलकोठी मोहल्ले में प्याऊ खराब होने की जानकारी मिली है। शहरी क्षेत्र में जहां-जहां प्याऊ बंद है। वहां प्याऊ का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए नगर निगम के स्तर से टेंडर निकाला जाएगा। बुडको को भी बची जगहों पर जल्द पाइप बिछाने को कहा गया है। शहरी क्षेत्र में पानी संकट का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। जर्जर सड़क और नाला का निर्माण कराया जाएगा। स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था जल्द की जाएगी।

-डॉ. बसुंधरा लाल, मेयर, नगर निगम, भागलपुर।

इनकी भी सुनिए

मोहल्ले में प्याऊ से पानी की आपूर्ति की जाती थी। प्याऊ डेढ़ साल से खराब है। नगर निगम में प्याऊ बंद होने की शिकायत कई बार की गयी। लेकिन अभी तक खराब प्याऊ की जगह दूसरे प्याऊ की व्यवस्था नहीं की गयी है।

-श्रीकांत कुमार यादव

पानी संकट का समाधान निकालने के लिए नगर निगम को तत्काल बोरिंग की व्यवस्था करनी चाहिए। गर्मी में लोग पानी संकट से परेशान हैं। मोहल्ले में पाइप नहीं बिछाया गया है। निजी चापाकल या दूर से पानी लाना पड़ता है।

-अर्जुन प्रसाद

राजकीय प्रा.वि. रामतोलापुर स्थित प्याऊ से मोहल्ले में पानी की आपूर्ति होती थी। डेढ़ साल से प्याऊ खराब है। मोहल्ले के लोगों को पानी ढोकर लाना पड़ता है। भीषण गर्मी के चलते चापाकल से भी पानी कम निकल रहा है।

-भोला महतो

बुडको द्वारा मोहल्ले में अधिकांश जगहों पर पाइप नहीं बिछाया गया है। जहां पाइप बिछा है वहां भी जलापूर्ति शुरू नहीं की गयी है। एक प्याऊ से पानी का काम चलता था। वह भी लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है।

-श्रवण मंडल

मोहल्ले में पानी के साथ सड़क का भी संकट है। सड़क चलने लायक नहीं है। कई जगहों पर गड्ढा होने के चलते बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। कई गलियों में सड़क और नाला का निर्माण नहीं कराया गया है।

-मोहन पंडित

प्राय: हर साल बाढ़ का पानी मोहल्ले में और घरों में घुस जाता है। परिवार के साथ लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ता है। बाढ़ प्रभावित होने के बाद भी सरकार से किसी तरह की सहायता राशि नहीं मिलती है।

-सुखदेव यादव

मोहल्ले में सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। रात में जर्जर सड़क पर चलने में लोगों को परेशानी होती है। लोग गिरकर घायल हो जाते हैं। स्वास्थ्य केन्द्र नहीं रहने से रात में सदर अस्पताल या मायागंज जाने में परेशानी होती है।

-संजय कुमार चौधरी

प्याऊ खराब होने के चलते लोगों को दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। मोहल्ले के चापाकलों से पानी बहुत कम निकल रहा है। नगर निगम को नियमित रूप से पानी का टैंकर भेजना चाहिए। जर्जर सड़क का निर्माण कराया जाए।

-कारो महतो

खराब प्याऊ की जगह नया प्याऊ की व्यवस्था हो। लोगों को पानी खरीदकर पीना पड़ता है। घरेलू काम करने में भी परेशानी होती है। लोगों को दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी होती है।

-अजय कुमार

राजकीय प्रा.वि. रामतोलापुर में छोटे बच्चे पढ़ने आते हैं। लेकिन मुख्य गेट टूटा हुआ है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए नया गेट लगाने की व्यवस्था होनी चाहिए। मोहल्ले की जर्जर सड़क की जगह नई सड़क का निर्माण हो।

-बालेश्वर मंडल

प्याऊ खराब होने की शिकायत मोहल्ले के लोगों द्वारा नगर निगम में की गई। शिकायत करने के बाद भी डेढ़ साल से प्याऊ खराब पड़ा है। नगर निगम से पानी आपूर्ति की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गयी है।

-ज्योतिष पोद्दार

मोहल्ले में सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। रात में जर्जर सड़क पर महिलाओं और बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। बारिश होने पर सड़क पर पानी जमा हो जाता है। सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए।

-रामधारी महतो

मोहल्ले की सड़क कच्ची है। नाला का निर्माण भी नहीं कराया गया है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। बारिश होने पर नाला का गंदा पानी सड़क पर जमा होता है। घरों का गंदा पानी दूसरों की जमीन पर जमा हो रहा है।

-मनोज चौधरी

मोहल्ले की एक गली में बुडको द्वारा पाइप बिछाया गया है। लेकिन जलापूर्ति शुरू नहीं की गयी है। मोहल्ले में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। फॉगिंग और ब्लीचिंग का छिड़काव नहीं होता है। नाला की सफाई नहीं होती है।

-सिकन्दर यादव

मोहल्ले की कई गलियों में सड़क और नाला का निर्माण नहीं कराने से परेशानी होती है। नाला नहीं रहने से घरों के पानी की निकासी नहीं हो पाती है। मोहल्ले में पानी का संकट बना हुआ है। बुडको से पाइप नहीं बिछाया गया है।

-उगदेव यादव

प्यास बुझाने के लिए दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। बाढ़ का पानी मोहल्ले में जमा हो जाता है। लोगों को दूसरी जगहों पर शरण लेनी पड़ती है। जमुनिया नदी पर तटबंध बनाकर बाढ़ से बचाव की व्यवस्था करनी चाहिए।

-संजीव कुमार

समस्याएं

1. नीलकोठी साहेबगंज का प्याऊ करीब डेढ़ साल से खराब है। प्याऊ खराब होने से मोहल्ले में पानी का गंभीर संकट हो गया है। लोगों को दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है।

2. बुडको द्वारा मोहल्ले में कई जगहों पर पाइप नहीं बिछाया गया है। जहां पाइप बिछाया गया है वहां भी जलापूर्ति शुरू नहीं की गयी है। चापाकल से भी पानी कम निकल रहा है।

3. मोहल्ले की सड़क जर्जर हो चुकी है। बारिश होने पर पानी सड़क पर जमा हो जाता है। जर्जर सड़क पर चलने में लोगों को परेशानी होती है।

4. नाला की सफाई नहीं होने से जाम रहता है। नाला का गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है। कई गलियों में नाला का निर्माण नहीं होने से पानी निकासी में दिक्कत होती है।

5. मोहल्ले में सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। रात में आवागमन में दिक्कत होती है। स्वास्थ्य केन्द्र नहीं होने से लोगों को सदर अस्पताल या मायागंज अस्पताल जाना पड़ता है।

सुझाव

1. राजकीय प्रा.वि. रामतोलापुर परिसर स्थित प्याऊ को ठीक कराया जाए। अगर प्याऊ ठीक होने लायक नहीं है तो दूसरा प्याऊ या बोरिंग की व्यवस्था हो।

2. बुडको मोहल्ले की सभी गलियों में पाइप बिछाकर जलापूर्ति शुरू करे। जब तक बुडको द्वारा जलापूर्ति शुरू नहीं की जाती है। तब तक निगम टैंकर से पानी की आपूर्ति करे।

3. मोहल्ले की जर्जर सड़क का नये सिरे से निर्माण कराया जाए। जिस गली में सड़क नहीं है वहां सड़क बने। ताकि लोगों को आने-जाने में सुविधा हो।

4. नाला की नियमित सफाई की व्यवस्था हो। जिन गलियों में नाला नहीं बना है। वहां नाला का निर्माण कराया जाए। नाला के पानी की निकासी की भी व्यवस्था हो।

5. सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो। ताकि रात में लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। स्वास्थ्य केन्द्र की भी व्यवस्था हो।

प्रस्तुति: वीरेन्द्र कुमार, फोटोग्राफ: कान्तेश

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।