Water Crisis and Infrastructure Issues in Ramratan Lane Adam Pur Residents Demand Solutions बोले भागलपुर: रामरतन लेन आदमपुर में जलापूर्ति शुरू हो और सड़क बने, Bhagalpur Hindi News - Hindustan
More

बोले भागलपुर: रामरतन लेन आदमपुर में जलापूर्ति शुरू हो और सड़क बने

रामरतन लेन आदमपुर में जलापूर्ति की बड़ी समस्या है। चार साल पहले बुडको ने पाइप बिछाए, लेकिन पानी की आपूर्ति अभी तक शुरू नहीं हुई है। मोहल्ले में सामुदायिक भवन और स्वास्थ्य केन्द्र की कमी है, जिससे लोग परेशान हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ गरीब परिवारों को नहीं मिल रहा है।

Sat, 28 March 2026 06:18 PMYogendra Rai हिन्दुस्तान, भागलपुर
share
बोले भागलपुर: रामरतन लेन आदमपुर में जलापूर्ति शुरू हो और सड़क बने

शहर के महत्वपूर्ण मोहल्लों में वार्ड 22 का रामरतन लेन आदमपुर शामिल है। स्मार्ट सिटी में शामिल होने के बावजूद मोहल्ले में समस्याओं की कमी नहीं है। सबसे बड़ी समस्या जलापूर्ति की है। बुडको द्वारा चार साल पहले पाइप बिछाया गया, लेकिन अभी तक जलापूर्ति शुरू नहीं की गयी। एक प्याऊ से बड़ी आबादी को पानी पर्याप्त नहीं मिल पा रहा है। प्याऊ खराब होने पर लोगों को आदमपुर चौक से पानी ढोकर लाना पड़ता है। कई गलियों में सड़क की समस्या है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि सरकारी योजना का लाभ भी गरीब परिवारों को नहीं मिल रहा है।

रामरतन लेन आदमपुर में 300 से अधिक परिवार रहते हैं। अधिकांश लोग मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। कुछ नौकरी तो कुछ कारोबार से जुड़े हुए हैं। शहर के बीच में यह मोहल्ला है। मोहल्ले के दक्षिण में ऐतिहासिक सीएमएस हाई स्कूल है तो उत्तर में जमुनिया नदी है। पूरब में आदमपुर चौक से आदमपुर घाट रोड गुजर रहा है। पश्चिम में बैंक कॉलोनी मोहल्ला है। मोहल्ले में बुडको द्वारा काफी पहले पाइप बिछाया गया, लेकिन अभी तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। एक प्याऊ से लोगों को पानी मिल रहा है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि प्याऊ खराब होने पर दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। मोहल्ले की मुख्य सड़क से जुड़े अन्य सड़कों की स्थिति अच्छी नहीं है। मुख्य सड़क से सटे नाला में कई जगहों पर ढक्कन नहीं रहने से लोगों के गिरने का डर बना रहता है। सामुदायिक भवन नहीं होने से शादी या अन्य समारोह करने में परेशानी होती है। आंगनबाड़ी केन्द्र बंद होने के बाद फिर से शुरू नहीं किया गया है। मोहल्ले में स्वास्थ्य केन्द्र नहीं होने से इलाज कराने में परेशानी होती है। लोगों की शिकायत है कि आवेदन देने के बाद भी वृद्धापेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी क्षेत्र) आदि का लाभ नहीं मिल रहा है। मोहल्ले में शिविर आयोजित कर गरीब परिवारों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए।

सुधांशु शेखर ने बताया कि रामरतन लेन आदमपुर में चार साल पहले बुडको द्वारा पाइप बिछाया गया, लेकिन अभी तक जलापूर्ति शुरू नहीं की गयी है। मोहल्ले में एक प्याऊ है। उसी से पूरे मोहल्ले में पानी की आपूर्ति की जा रही है। प्याऊ से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। प्याऊ में खराबी आने पर आदमपुर चौक से पानी ढोकर लाना पड़ता है। मोहल्ले में अधिकांश गरीब परिवार रहते हैं। सामुदायिक भवन नहीं रहने से शादी या अन्य समारोह करने में परेशानी होती है। किराया पर जगह लेनी पड़ती है। सामुदायिक शौचालय भी मोहल्ले में होना चाहिए। मोहल्ले में पहले एक आंगनबाड़ी केन्द्र था। लेकिन वह बंद होने से छोटे बच्चों को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। मरीज को इलाज कराने के लिए सदर अस्पताल या मायागंज अस्पताल जाना पड़ता है। मोहल्ले में स्वास्थ्य केन्द्र होने पर लोगों को प्राथमिक उपचार की सुविधा मिल सकती है। मोहल्ले में बाढ़ का पानी आता है। इसकी रोकथाम की व्यवस्था होनी चाहिए।

रंजीत कुमार मंडल ने बताया कि रामरतन लेन की मुख्य सड़क से गलियों में जाने के लिए कई सड़कें हैं। गलियों वाली सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। नाला का भी निर्माण नहीं कराने से पानी निकासी नहीं हो पाती है। पानी आपूर्ति की स्थिति भी अच्छी नहीं है। बुडको का पाइप कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। तार में कवर नहीं लगाया गया है। संगीता देवी ने बताया कि झोपड़ी में परिवार के साथ रहते हैं। अपनी जमीन होने के बाद भी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी क्षेत्र) का लाभ नहीं मिल रहा है। पति का निधन 16 नवम्बर 2017 में हो गया। अभी तक विधवा पेंशन नहीं मिलती है। करीब 10 बार विधवा पेंशन के लिए आवेदन दिया। लेकिन पेंशन अभी तक स्वीकृत नहीं हुई है। पानी का संकट बना हुआ है। तीन बेटा है। सभी मजदूरी करते हैं। लेकिन रोज काम नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण करने में परेशानी होती है। सरकार को रोजगार की व्यवस्था करनी चाहिए। परिवार में 11 सदस्य हैं। लेकिन राशन कार्ड में मात्र पांच लोगों का नाम है। इसके चलते अनाज कम मिलता है।

नवीन सिंह ने बताया कि मोहल्ले में सभी जगहों पर नाला पर ढक्कन नहीं है। इसके चलते नाला में बच्चों के गिरने का डर बना रहता है। सभी जगहों पर नाला पर ढक्कन की व्यवस्था होनी चाहिए। बुडको द्वारा जलापूर्ति शुरू नहीं करने से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। गर्मी में पानी का और संकट होगा। बुडको को जलापूर्ति जल्द शुरू करनी चाहिए। मोहल्ले में एक सामुदायिक भवन और स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्था होनी चाहिए। झकिया देवी ने बताया कि गली में सड़क और नाला का निर्माण नहीं हुआ है। पानी निकासी में दिक्कत होती है। परिवार में सात सदस्य हैं। लेकिन राशन कार्ड में चार लोगों का ही नाम है। इसके चलते अनाज कम मिलता है।

लोगों ने कहा, सरकारी योजनाओं का नहीं मिल रहा लाभ

प्रमिला देवी ने बताया कि वृद्धापेंशन नहीं मिलती है। पेंशन नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। सुनीता देवी ने बताया कि मोहल्ले में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था अच्छी नहीं है। सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। रात में चलने में परेशानी होती है। सोलर लाइट की भी व्यवस्था होनी चाहिए। पति को वृद्धापेंशन नहीं मिल रही है। पप्पू कुमार ने बताया कि राशन कार्ड नहीं बना है। राशन कार्ड के लिए पांच बार आवेदन दिया। परिवार में छह सदस्य हैं। अनाज नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। खपरैल का घर होने के बावजूद प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। बाढ़ का पानी घर में घुस जाता है। बाढ़ से बचाव की व्यवस्था होनी चाहिए। राधा देवी ने बताया कि झोपड़ी में परिवार के साथ रहती हूं। आवेदन देने के बाद भी आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। वृद्धापेंशन भी आवेदन देने के बाद स्वीकृत नहीं हो रहा है। मोहल्ले में सामुदायिक भवन और स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्था होनी चाहिए।

बोले जिम्मेदार

रामरतन लेन आदमपुर पानी संकट का समाधान किया जाएगा। जलापूर्ति शुरू करने के लिए बुडको को दिशा-निर्देश दिया गया है। हर हाल में मई तक बुडको को शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति शुरू करनी है। इसके अलावा प्याऊ की व्यवस्था भी हर वार्ड में की गयी है। स्ट्रीट लाइट लगाने की भी तैयारी चल रही है। विभाग को विपत्र भेजा गया है। वहां से आने के बाद टेंडर निकाला जाएगा। रामरतन लेन आदमपुर में बची सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। सभी जगहों पर नाला पर ढक्कन की व्यवस्था होगी। मोहल्ले में सफाई व्यवस्था को और बेहतर किया जाएगा।

-डॉ. बसुन्धरा लाल, मेयर, नगर निगम, भागलपुर

इनकी भी सुनिए

रामरतन लेन की मुख्य सड़क से गलियों में जाने के लिए कई सड़कें हैं। गलियों वाली सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। नाला का भी निर्माण नहीं होने से पानी निकासी नहीं हो पाती है। आने-जाने में लोगों को परेशानी होती है।

-रंजीत कुमार मंडल

राशन कार्ड नहीं बना है। राशन कार्ड के लिए पांच बार आवेदन दिया। परिवार में छह सदस्य हैं। अनाज नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। खपरैल का घर होने के बावजूद प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।

-पप्पू कुमार

मोहल्ले में पानी का संकट बना हुआ है। प्याऊ से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। प्याऊ खराब होने पर आदमपुर चौक से पानी ढोकर लाना पड़ता है। बच्चों और महिलाओं को पानी ढोकर लाने में परेशानी होती है।

-लालमुनी देवी

मोहल्ले में सभी जगहों पर नाला पर ढक्कन नहीं है। इसके चलते बच्चों के गिरने का डर बना रहता है। सभी जगहों पर नाला पर ढक्कन की व्यवस्था होनी चाहिए। जलापूर्ति शुरू नहीं होने से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।

-नवीन सिंह

प्याऊ से घर का काम नहीं चल पाता है। पानी का संकट बना हुआ है। प्याऊ खराब होने पर आपस में चंदा करके ठीक कराना पड़ता है। इस दौरान दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। पीने के लिए पानी खरीदना पड़ता है।

-कुमकुम देवी

रामरतन लेन आदमपुर में चार साल पहले बुडको द्वारा पाइप बिछाया गया, लेकिन जलापूर्ति शुरू नहीं की गयी है। मोहल्ले में एक प्याऊ है। उसी से पूरे मोहल्ले में पानी की आपूर्ति होती है। प्याऊ से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।

-सुधांशु शेखर

मोहल्ले में स्वास्थ्य केन्द्र नहीं है। मरीज को सदर अस्पताल या मायागंज अस्पताल जाना पड़ता है। मोहल्ले में स्वास्थ्य केन्द्र होने से लोगों को प्राथमिक उपचार की सुविधा मिल सकती है। गरीब परिवारों के लिए सामुदायिक शौचालय होना चाहिए।

-अजीत कुमार

प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ गरीब परिवारों को नहीं मिल रहा है। आवेदन देने के बाद भी सुनवाई नहीं होती है। प्रशासन को मोहल्ले में शिविर लगाकर लोगों की समस्या का समाधान करना चाहिए।

-श्यामा देवी

मोहल्ले में पानी का संकट बना हुआ है। प्याऊ से पानी पर्याप्त नहीं मिलता है। गरीब परिवारों के घर में निजी बोरिंग नहीं है। सबसे अधिक परेशानी प्याऊ खराब होने पर होती है। लोगों को आदमपुर चौक से पानी ढोकर लाना पड़ता है।

-उर्मिला देवी

झोपड़ी में परिवार के साथ रहते हैं। अपनी जमीन होने के बाद भी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी क्षेत्र) का लाभ नहीं मिल रहा है। पति का निधन हो गया है। विधवा पेंशन के लिए कई बार आवेदन दिया, लेकिन पेंशन नहीं मिलती है।

-संगीता देवी

मोहल्ले में अधिकांश गरीब परिवार रहते हैं। सामुदायिक भवन नहीं रहने से शादी या अन्य समारोह करने में परेशानी होती है। किराया पर जगह लेनी पड़ती है। मोहल्ले में सामुदायिक भवन और शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए।

-विनीता देवी

झोपड़ी में परिवार के साथ रहती हूं। आवेदन देने के बाद भी आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। वृद्धापेंशन भी आवेदन देने के बाद स्वीकृत नहीं हुआ है। मोहल्ले में आंगबाड़ी और स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्था होनी चाहिए।

-राधा देवी

मोहल्ले की गलियों में नाला और सड़क का निर्माण कराया जाए। सफाई की नियमित व्यवस्था नहीं होने से गंदगी फैल जाती है। कूड़ा उठाव संग कूड़ेदान व डस्टबिन की व्यवस्था हो। पानी संकट दूर करने के लिए जलापूर्ति जल्द शुरू हो।

-द्रोपदी देवी

मोहल्ले के नाला में ढक्कन की व्यवस्था हो। पानी निकासी के लिए सभी गली में नाला का निर्माण कराया जाए। सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो। ताकि रात में लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

-वीणा देवी

मोहल्ले में गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी क्षेत्र) का लाभ नहीं मिल रहा है। सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन को शिविर लगवाना चाहिए। प्याऊ से पर्याप्त पानी नहीं मिलने से परेशानी हो रही है।

-रेशम देवी

युवाओं को रोजागर नहीं मिल रहा है। इसके चलते युवा दूसरे शहरों में कमाने के लिए पलायन कर रहे हैं। सरकार को रोजगार की व्यवस्था करनी चाहिए। जिले में उद्योग लगाना चाहिए। ताकि गरीब लोगों को नियमित काम मिल सके।

-कोमल देवी

समस्याएं

1. रामरतन लेन आदमपुर में पाइप बिछाने के बाद भी बुडको द्वारा जलापूर्ति शुरू नहीं की गयी है। एक प्याऊ से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है।

2. मोहल्ले में सड़क और नाला का निर्माण नहीं हुआ है। नाला के पानी की निकासी नहीं होती है। नाला में ढक्कन नहीं रहने से बच्चों के गिरने का डर बना रहता है।

3. सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। इसके चलते रात में लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। सभी गलियों में तार पर कवर नहीं लगाया गया है।

4. मोहल्ले में अधिकांश गरीब परिवार रहते हैं। सामुदायिक भवन नहीं रहने से शादी या अन्य समारोह करने में परेशानी होती है। लोगों को किराये पर जगह लेनी पड़ती है।

5.रामरतन लेन आदमपुर में स्वास्थ्य केन्द्र नहीं है। मरीजों को सदर अस्पताल या मायागंज अस्पताल जाना पड़ता है। रात में मरीजों को अस्पताल जाने में परेशानी होती है।

सुझाव

1. रामरतन लेन आदमपुर में बुडको सभी घरों में जलापूर्ति जल्द शुरू करे। जब तक बुडको पानी की आपूर्ति शुरू नहीं करता है। तब तक अतिरिक्त प्याऊ की व्यवस्था हो।

2. मोहल्ले की सभी सड़कों और नाला का निर्माण कराया जाए। ताकि नाला के पानी की निकासी हो सके। मुख्य सड़क किनारे के नाला में सभी जगह ढक्कन लगाया जाए।

3. सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तत्काल की जाए। पोले पर खराब लाइट को बदला जाए। ताकि लोगों को रात में आने-जाने में सुविधा हो सके।

4. मोहल्ले में सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाए। ताकि गरीब परिवारों को शादी या अन्य समारोह करने में सुविधा मिल सके। आंगनबाड़ी केन्द्र की व्यवस्था हो।

5. रामरतन लेन आदमपुर में स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्था हो। ताकि रात में लोगों को प्राथमिक उपचार मिल सके। लोगों को सदर या मायागंज अस्पताल नहीं जाना पड़े।

प्रस्तुति: वीरेन्द्र कुमार, फोटोग्राफ: संजीव

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।