Poor Condition of Key Road from Ramsar to Rikabganj Causes Daily Struggles for Thousands बोले भागलपुर: रामसर से रिकाबगंज जाने वाली सड़क और नाला का निर्माण हो, Bhagalpur Hindi News - Hindustan
More

बोले भागलपुर: रामसर से रिकाबगंज जाने वाली सड़क और नाला का निर्माण हो

रामसर से रिकाबगंज जाने वाली सड़क जर्जर हो चुकी है, जिससे हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गड्ढे और जलजमाव के कारण छात्र और अन्य यात्रियों को आने-जाने में कठिनाई होती है। स्थानीय लोगों ने समस्याओं के समाधान के लिए कई बार शिकायत की है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।

Thu, 9 April 2026 08:21 PMYogendra Rai हिन्दुस्तान, भागलपुर
share
बोले भागलपुर: रामसर से रिकाबगंज जाने वाली सड़क और नाला का निर्माण हो

शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल है रामसर से रिकाबगंज जाने वाली सड़क। तीन वार्ड होकर यह सड़क गुजरती है। हजारों लोगों का आवागमन इस होकर होता है। सड़क जर्जर हो चुकी है। कई जगहों पर गड्ढा होने के चलते सड़क पर चलने में लोगों को परेशानी हो रही है। बुडको से पाइप बिछाने के दौरान सड़क काटी गयी थी, लेकिन बाद में ठीक से मरम्मत नहीं होने से टोटो और ऑटो पलट जाता है। नाला की नियमित स‌फाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बहता है।

शहर की व्यस्त सड़कों में रामसर से रिकाबगंज जाने वाली सड़क शामिल है। तातारपुर से सराय जाने वाली सड़क और आसानंदपुर से टीएमबीयू के प्रशासनिक भवन जाने वाली सड़क को जोड़ती है। रामसर से रिकाबगंज के बीच कई बड़े-बड़े कोचिंग संस्थान हैं। आसपास में टीएमबीयू के प्रशासनिक भवन के अलावा कई बड़े-बड़े शिक्षण संस्थान हैं। हजारों छात्र आसपास के मोहल्लों में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करते हैं। सड़क वार्ड 14, 15 और 16 के बीच से गुजरती है। सड़क के दोनों तरफ करीब दो हजार परिवार रहते हैं। उसमें कारोबार, नौकरी और मजदूरी से जुड़े लोग शामिल हैं। रामसर से रिकाबगंज जाने वाली सड़क जर्जर हो चुकी है। कई जगहों पर सड़क टूटने के चलते लोगों का आवागमन बाधित होता है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होता है। बारिश होने पर स्थिति और नारकीय हो जाती है। हथिया नाला पर ढक्कन नहीं रहने से बच्चों के गिरने का डर बना रहता है। पोल पर रोशनी की व्यवस्था नहीं है। हजारों छात्रों को आने-जाने में परेशानी होती है। सड़क पर बनी पुलिया के धंसने से पानी की निकासी नहीं हो पाती है।

मो. जावेद खान ने बताया कि रामसर से उर्दू बाजार होते हुए सड़क रिकाबगंज जाती है। रिकाबगंज में यह सड़क आसानंदपुर से टीएमबीयू के प्रशासनिक भवन जाने वाली सड़क से जुड़ती है। हजारों छात्र इस इलाके में रहकर पढ़ाई करते हैं। लेकिन सड़क की स्थिति सबसे अधिक खराब है। सड़क के दोनों तरफ करीब दो हजार परिवार रहते हैं। जर्जर सड़क के चलते लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। गड्ढों में छोटे वाहन पलट जाते हैं। रामसर से रिकाबगंज के बीच चार-पांच पुलिया है। सभी पुलिया धंस चुकी है। इसके चलते नाला और बारिश के पानी की निकासी बाधित होती है। सड़क पर नाला का गंदा पानी जमा रहता है। लोगों के घरों में पानी घुस जाता है। बारिश होने पर सड़क पर ठेहुना भर पानी जमा हो जाता है। बुडको द्वारा पाइप बिछाने के लिए सड़क काटी गयी। लेकिन मरम्मत ठीक से नहीं होने के चलते जगह-जगह गड्ढे हो गये हैं। नाला की सफाई नहीं होती है। नाला अक्सर जाम रहता है। हथिया नाला का लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। सड़क की चौड़ाई कम हो गयी है। सड़क और नाला का निर्माण होना चाहिए। श्रवण यादव ने बताया कि बरसात के दिनों में नाला का पानी सड़क पर और लोगों के घरों में घुस जाता है। जलजमाव के चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। सड़क किनारे कूड़े का ढेर लगा रहता है। कूड़े का उठाव नहीं होता है। पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। मो. सैफ खान ने बताया कि सड़क जर्जर होने और जलजमाव के चलते छात्रों को शिक्षण संस्थानों में आने-जाने में परेशानी होती है। बाइक चालक गिरकर घायल हो जाते हैं। सड़क के दोनों तरफ कई शिक्षण संस्थान हैं। सड़क किनारे कूड़ा डंप किया जा रहा है। कूड़ेदान और डस्टबिन की व्यवस्था नहीं है। अधिकांश पोल पर रोशनी की व्यवस्था नहीं है। अमित शेखर ने बताया कि बुडको द्वारा पाइप बिछाने के दौरान सड़क काटी गयी थी। बाद में ठीक से मरम्मत नहीं कराने से सड़क सिकुड़ गई है। 20 साल पहले सड़क का निर्माण कराया गया था। मो. एहतेशाम ने बताया कि सड़क किनारे कूड़े का ढेर लगा रहता है। गंदगी के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। फॉगिंग या ब्लीचिंग का छिड़काव नहीं होता है। नाला का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर जमा होता है। सड़क किनारे तीन वार्ड की बड़ी आबादी रहती है। सड़क और नाला का निर्माण होना चाहिए।

जर्जर सड़क से लोगों को हो रही परेशानी

वार्ड 14 के वार्ड पार्षद अनिल कुमार पासवान ने कहा कि सड़क जर्जर रहने से लोगों को परेशानी हो रही है। नाला की स्थिति भी अच्छी नहीं है। सड़क किनारे कूड़ा डंपिंग प्वाइंट बन गया है। सड़क और नाला निर्माण के लिए प्रस्ताव दिया गया है। वार्ड 15 की वार्ड पार्षद एबुन निशा ने बताया कि रामसर मोहल्ले के सामने हथिया नाला बना है। लेकिन उस पर ढक्कन नहीं रहने से परेशानी हो रही है। ढक्कन लगाने के लिए नगर निगम में कई बार प्रस्ताव दिया गया है। वार्ड 16 की वार्ड पार्षद अमृता राज ने बताया कि जर्जर सड़क के चलते लोगों को परेशानी हो रही है। शहर की मुख्य सड़कों में यह शामिल है। सड़क और नाला की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। नगर निगम में सड़क मरम्मत का प्रस्ताव दिया गया है।

बोले जिम्मेदार

रामसर से रिकाबगंज जाने वाली सड़क की स्थिति अच्छी नहीं है। उस इलाके के लोगों के लिए यह महत्वपूर्ण सड़क है। तीन वार्डों से सड़क गुजर रही है। सड़क और नाला के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। बुडको द्वारा सड़क का निर्माण कराया जाएगा। हथिया नाला पर ढक्कन की व्यवस्था होगी। स्ट्रीट लाइट के लिए इसी सप्ताह टेंडर निकलने वाला है। पूरे शहरी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगायी जाएगी। कूड़ा उठाव नहीं करने की शिकायतें मिल रही हैं। सफाई पर विशेष फोकस दिया जाएगा।

-डॉ. बसुंधरा लाल, मेयर, नगर निगम, भागलपुर।

इनकी भी सुनिए

रामसर से रिकाबगंज जाने वाली सड़क व्यस्त सड़कों में शामिल है। सड़क जर्जर होने के चलते लोगों को चलने में काफी परेशानी होती है। बारिश होने पर सड़क पर जलजमाव हो जाता है।

-संजय कुमार यादव

पाइप बिछाने के लिए सड़क काटी, बाद में मरम्मत नहीं कराने के चलते कई जगहों पर गड्ढा हो गया है। गड्ढे में बाइक चालक गिरकर घायल होते हैं। सड़क-नाला का निर्माण कराया जाए।

-मोनू खान

सड़क किनारे पोल पर रोशनी की व्यवस्था नहीं है। मोहल्ले में कई कोचिंग संस्थान हैं। अंधेरे में लोगों को जर्जर सड़क पर चलने में परेशानी होती है। सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो।

-मो. शारूख

सड़क के दोनों तरफ बड़े-बड़े नाले हैं। नाला की नियमित सफाई नहीं होती है। फॉगिंग व ब्लीचिंग का छिड़काव नहीं होने से बीमारी फैलने का डर बना रहता है। नाला पर ढक्कन की व्यवस्था हो।

-मो. युनुस खान

सड़क किनारे कूड़े का ढेर लगा हुआ है। कूड़े का नियमित उठाव नहीं होता है। डोर टू डोर कूड़ा उठाव की व्यवस्था नगर निगम करे। ताकि लोगों को सड़क किनारे की गंदगी से राहत मिल सके।

-जुल्फिकार अली

सड़क जर्जर रहने के चलते टोटो और ऑटो पलट जाते हैं। रोज हजारों लोगों का आवागमन इस सड़क से होता है। नाला की स्थिति अच्छी नहीं है। सड़क टूट जाने से अक्सर जाम लगता रहता है।

-मो. सोहेल खान

रामसर से रिकाबगंज जाने वाली सड़क टूट गई है। बारिश में बड़े-बड़े गड्ढों में पानी जमा हो जाता है। वाहनों के आने पर गंदा पानी लोगों के शरीर पर पड़ता है। सड़क का निर्माण कराया जाए।

-मनोज कुमार यादव

हथिया नाला का निर्माण हुआ है। लेकिन ढक्कन नहीं लगाया गया है। इसके चलते बच्चों के गिरने का डर बना रहता है। नाला खुला रहने से लोग कूड़ा फेंक देते हैं। नाला जाम हो जाता है।

-मो. सैनूल खान

सड़क किनारे कूड़े का ढेर लगा रहता है। गंदगी के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। फॉगिंग या ब्लीचिंग का छिड़काव नहीं होता है। नाला का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर जमा होता है।

-मो. एहतेशाम

बुडको द्वारा पाइप बिछाने के दौरान काटी गयी सड़क की मरम्मत ठीक से नहीं की गयी है। सड़क की चौड़ाई कम हो गयी है। सड़क से अतिक्रमण हटाने की व्यवस्था निगम को करनी चाहिए।

-सैय्यद खान

सड़क किनारे कई जगहों पर कूड़े का ढेर लगा है। हजारों छात्रों का रोज इस सड़क होकर आना-जाना रहता है। सड़क किनारे कूड़ेदान और डस्टबिन की व्यवस्था नगर निगम को करनी चाहिए।

-मो. रेहान

सड़क जर्जर होने के चलते बारिश होने पर पानी जमा हो जाता है। ठेहुना भर पानी में लोगों को पैदल चलना पड़ता है। बच्चे गिरकर घायल हो जाते हैं। सड़क और नाला का निर्माण होना चाहिए।

-मो. ऐरम

बरसात के दिनों में नाला का पानी सड़क पर और लोगों के घरों में घुस जाता है। जलजमाव से लोगों को परेशानी होती है। सड़क की सफाई नहीं होती है। सड़क किनारे कूड़े का ढेर लगा रहता है।

-श्रवण यादव

सड़क जर्जर होने और जलजमाव के चलते छात्रों को शिक्षण संस्थानों में आने-जाने में परेशानी होती है। बाइक चालक गिरकर घायल हो जाते हैं। टोटो और ऑटो चलाने में दिक्कत होती है।

-मो. सैफ खान

रामसर से उर्दू बाजार होते हुए सड़क रिकाबगंज जाती है। हजारों छात्र इलाके में रहकर पढ़ाई करते हैं। सड़क की स्थिति खराब है। जर्जर सड़क के चलते लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है।

-मो. जावेद खान

बुडको द्वारा पाइप बिछाने के दौरान सड़क काटी गयी। बाद में ठीक से मरम्मत नहीं कराने से सड़क सिकुड़ गई है। 20 साल पहले सड़क का निर्माण कराया गया था। नाला पर कई जगहों पर ढक्कन नहीं है।

-अमित शेखर

समस्याएं

1. रामसर से रिकाबगंज जाने वाली सड़क जर्जर हो चुकी है। सड़क पर नाला का गंदा पानी जमा रहता है। जलजमाव के बीच लोगों को आना-जाना पड़ता है।

2. सड़क के दोनों तरफ नाला है। कुछ दूरी तक हथिया नाला है जिस पर ढक्कन नहीं है। अन्य जगहों पर भी नाला के पानी की निकासी नहीं होने से गंदगी फैल रही है।

3. सड़क किनारे कई जगहों पर कूड़े का ढेर लगा है। कूड़ा का उठाव नहीं होने से बीमारी फैलने का खतरा रहता है। कूड़ेदान और डस्टबिन की व्यवस्था नहीं है।

4. मोहल्ले में कई कोचिंग संस्थान हैं। हजारों छात्र आसपास में रहते हैं। सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। रोशनी नहीं रहने से रात में लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।

5. रामसर से रिकाबगंज के बीच चार-पांच पुलिया है। इसमें से कुछ पुलिया धंस गई है। इसके चलते पानी की निकासी बाधित हो रही है। अतिक्रमण से सड़क सिकुड़ गई है।

सुझाव

1. रामसर से रिकाबगंज जाने वाली जर्जर का मानक के अनुसार निर्माण कराया जाए। ताकि जर्जर सड़क से लोगों को राहत मिले और जलजमाव की समस्या नहीं हो।

2. सड़क के दोनों तरफ नाला की नियमित सफाई की व्यवस्था हो। हथिया नाला में सभी जगह ढक्कन लगे। ताकि नाला में बच्चों के गिरने का डर नहीं रहे।

3. सड़क की नियमित सफाई हो। सड़क किनारे डंप हो रहे कूड़े को हटाया जाए। डोर टू डोर कचरा उठाव की व्यवस्था हो। कूड़ेदान और डस्टबिन रखा जाए।

4. पोल पर स्ट्रीट लाइट लगायी जाए। जो लाइट बंद हो गयी है उसे बदला जाए। सड़क किनारे पोल को व्यवस्थित किया जाए। ताकि लोगों को आने-जाने में सुविधा हो।

5. रामसर से रिकाबगंज जाने वाली जर्जर सड़क पर क्षतिग्रस्त पुलिया तोड़कर निर्माण कराया जाए। ताकि सड़क के दोनों तरफ के नाला के पानी की निकासी हो सके।

प्रस्तुति: वीरेन्द्र कुमार, फोटोग्राफ: संजीव

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।