Jagatpur Village Faces Severe Drainage Issues and Neglected Infrastructure बोले भागलपुर: जगतपुर में नए सिरे से नाला का निर्माण और नियमित सफाई हो, Bhagalpur Hindi News - Hindustan
More

बोले भागलपुर: जगतपुर में नए सिरे से नाला का निर्माण और नियमित सफाई हो

लोदीपुर पंचायत के जगतपुर गांव में नाले की सफाई नहीं होने से जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। गांव में सफाईकर्मी नियमित नहीं आते, जिससे गंदगी फैलती है। लोग खुले में कचरा फेंकने को मजबूर हैं। नाले के निर्माण और मरम्मत की आवश्यकता है ताकि जलनिकासी की समस्या का समाधान हो सके।

Tue, 21 April 2026 06:38 PMYogendra Rai हिन्दुस्तान, भागलपुर
share
बोले भागलपुर: जगतपुर में नए सिरे से नाला का निर्माण और नियमित सफाई हो

लोदीपुर पंचायत के वार्ड संख्या 15 और 16 में जगतपुर गांव आता है। यहां लगभग 200 घर और करीब एक हजार परिवार की आबादी बसी हुई है, जिनका मुख्य पेशा खेती और मजदूरी है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की सबसे बड़ी समस्या नाले की सफाई का नहीं होना है। इस कारण सही से पानी का निकास नहीं हो पाता है। इसके अलावा गांव में सफाईकर्मी नियमित नहीं आते हैं, जिससे गांव में गंदगी फैली रहती है, जिससे लोगों को परेशानी होती है।

जगतपुर गांव में नाला की समस्या से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाले की नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण वह पूरी तरह जाम हो चुका है और उसका पानी गांव की सड़कों और बगीचे में बह रहा है, जिससे पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंच रहा है। इसके अलावा गांव की कई गलियों में अब तक सड़क और नाला का निर्माण नहीं हुआ है, जिससे लोगों को आने जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गांव में पहले डोर-टू-डोर कचरा उठाव होता था, लेकिन अब यह व्यवस्था लगभग खत्म हो चुकी है। सप्ताह में केवल एक दिन ही सफाई का कम मोहल्ले में होता है, जिससे लोग मजबूरी में खुले में कचरा फेंकने को विवश हैं। कई घरों तक जलापूर्ति नहीं पहुंची है। इसके अलावा गांव के कई परिवार अब भी राशन कार्ड जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।

राजीव कुमार ने बताया कि नाले की समस्या के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नाला जाम होने पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, हल्की बारिश भी नाला का पानी सड़कों पर बहने लगता है, जिसके कारण लोगों को आने जाने में काफी परेशानी होता है। नाले का निर्माण करीब 20 साल पहले हुआ था, लेकिन उसके बाद कभी मरम्मत तक नहीं की गई, जिससे उसकी स्थिति लगातार खराब होती चले गई। नाले का नए सिरे से निर्माण कराया जाना चाहिए और उस पर ढक्कन भी होना चाहिए। यह मार्ग बरहपुर बाईपास पथ के नाम से जाना जाता है, जिससे बाईपास के उस पार बसे गांवों के लोगों को शहर पहुंचने में आसानी होती है। इस मार्ग का निर्माण कुछ वर्ष पहले ही कराया गया था, लेकिन अब सड़क भी जर्जर हो चुकी है।

हृदय कुमार सिंह ने बताया कि नाले की समस्या वर्षों पुरानी है। बारिश होने पर नाला जाम रहने के कारण नाले का पानी सड़कों पर बहने लगता है और गांव के मंदिर परिसर तक पहुंच जाता है। उन्होंने बताया कि जगतपुर गांव से होकर गुजरने वाला नाला नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों के नाले को पानी इसी नाले से होकर निकासी होती है। बारिश के दिनों में या हल्की बारिश में भी गांव में जलजमाव की समस्या बन जाती है। नाले का नए सिरे से निर्माण कराया जाए और समय-समय पर उसकी साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। राजेश कुमार ने बताया कि वार्ड संख्या 16 में नाला सफाई को लेकर लगभग दो वर्ष पहले जेसीबी से कार्य कराया गया था। उस दौरान नाले की खुदाई तो की गई, लेकिन उसके बाद न तो मरम्मत का कार्य किया गया और न ही कोई स्थायी समाधान निकाला गया। मरम्मत के दौरान जो नाला बना है, वह भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे समस्या और बढ़ गई। आधे-अधूरे कार्यों के कारण लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। नए नाले का निर्माण होे।

बम-बम कुमार ने बताया कि गांव में विकास कार्य अब तक पूरी तरह नहीं हो पाया है। गांव की कुछ गलियों में सड़क का निर्माण कराया गया है, लेकिन की कई गलियों में अब तक न तो सड़क बनी है और न ही नाले का निर्माण हुआ है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। जनप्रतिनिधियों का इस ओर ध्यान ही नहीं है। विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विशेष रूप से नाले की समस्या का समाधान किया जाए, ताकि गंदगी और जलजमाव की समस्या कम हो सके। सड़क और नाला का निर्माण जल्द कराया जाए ताकि गांव के लोगों को आने जाने में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो।

बिजली के तारों को कवर कर सुरक्षित बनाया जाए

अमित सिंह ने बताया कि मोहल्ले में बिना कवर के बिजली के तार होने के कारण कई बार पक्षी उनमें फंस जाते हैं, जिससे उनकी मौत तक हो जाती है। यह स्थिति लोगों के लिए भी खतरा बनी सकती है। जगतपुर गांव में बिजली आपूर्ति करने वाला ट्रांसफार्मर भी झुका हुआ है, जो कभी भी गिर सकता है और बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। उन्होंने बताया कि बिजली तारों को कवर कर सुरक्षित बनाया जाए और ट्रांसफार्मर को ठीक किया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से लोगों को बचा जा सके और सुरक्षित बिजली आपूर्ति मिलती रहे।

इनकी भी सुनिए

हल्की बारिश में भी नाला जाम रहने के कारण सड़क पर नाले का पानी बहने लगता है। ये पानी गांव में सड़क किनारे बने हनुमान मंदिर में भर जाता है। लोगों को सुविधा के लिए नाले की सफाई हो या नए सिरे से नाला निर्माण हो।

- हृदय कुमार सिंह

गांव में नाला का निर्माण कार्य लगभग 20 साल पहले हुआ था, उसके बाद न तो मरम्मत हुई,और न तो नए नाला का निर्माण कराया गया। वहीं गांव में विकास कार्य को लेकर सरकारी से मिलने वाली लाभ सही से नहीं मिला है।

- सिनोद कुमार सिंह

नाला की साफ सफाई नहीं होती है। नाला का ढक्कन भी टूट चुका है। गांव के लोग कूड़ा नाले में ही फेंक देते हैं, जिससे नाला भर जाता है। नए नाला का निर्माण कराया जाए या तो इसी नाले का मरम्मत कर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित हो।

- मनोज मंडल

नाले की सही से सफाई नहीं होने से नाला का पानी बगीचा तक पहुंच चुका है। जिससे बगीचे में लगे फलदार पेड़ भी खत्म हो रही है। जगतपुर चौक पर बारिश होने पर घंटों पानी बहता रहता है, जिससे लोगों का आवागमन भी बाधित होती है।

- गिरीश मंडल

जगतपुर गांव में बिजली का ट्रांसफार्मर झुक चुका है, जो कभी भी गिर सकता है और बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। मोहल्ले में बिना कवर के बिजली के तार हैं। इससे हादसे की आशंका रहती है। इन समस्या का जल्द समाधान हो।

- अमित मंडल

जगतपुर गांव में कई गलियों में सड़क का निर्माण कार्य तो हुआ है, लेकिन आज भी गांव के कई ऐसे गली है जहां पर न तो नाला बना है और न ही सड़क का निर्माण कराया गया है। जिसे लोगों को आने जाने में काफी परेशानी होती है।

-बमबम कुमार

गांव में बने नाला की सही तरीके से सफाई नहीं होने से नाला भर गया है। इसकी नियमित रूप से सफाई होनी चाहिए। बारिश के दिनों में दिक्कत होती है। जगतपुर चौक के पास से बाईपास की ओर आने वाली सड़क जर्जर हो गई है।

- प्रभाकर कुमार

कई परिवार का राशन कार्ड नहीं बना है। लोगों को इसके लिए आवेदन करने की सही जानकारी ही नहीं है। जिसके कारण लोग योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। गांव में शिविर लगाकर राशन कार्ड सहित अन्य कार्ड बवाया जाए।

-अनुराधा कुमारी

नाला सफाई को लेकर लगभग दो वर्ष पहले जेसीबी से नाले की खुदाई हुई, लेकिन उसके बाद मरम्मत का कार्य नहीं किया गया। उस दौरान जो नाला बना है, वह भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया और लोगों की समस्या बनी ही रह गई।

- राजेश कुमार मंडल

गांव में ग्रामीणों को सरकार के तरफ से मिले वाले योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए समय-समय पर शिविर का आयोजन होना चाहिए। लोगों को सही तरीके से सरकार की ओर से मिलने वाले लाभ की जानकारी नहीं हो पाती है।

- चतुरी मंडल

जगतपुर गांव में सफाईकर्मी नहीं आने के कारण लोग घरों के कूड़े या तो नाले में फेंकते हैं, या तो खुले स्थान में, जिससे गंदगी फैलती है। बारिश होने पर कूड़ा से बदबू भी आती है। नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए।

-राजीव कुमार

नाला की साफ सफाई नहीं होने से बदबू आती है, जिससे घरों में रहना और बैठना भी मुश्किल हो जाता है। जगतपुर विद्यालय के सामने कूड़े का अंबार लगा हुआ है। बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ता है। नियमित साफ-सफाई हो।

- सुनील कुमार सिंह

जलापूर्ति को लेकर जलमीनार का निर्माण तो किया गया है, लेकिन नल का सभी के घरों में कनेक्शन नहीं दिया गया है। इससे सभी घरों में पानी की अपूर्ति नहीं होती है। लोगों को घरेलू कार्य करने में बड़ी परेशानी होती है।

-संजय कुमार सिंह

गांव में नाला के कारण जलजमाव की समस्या गंभीर बनती जा रही है। शादी विवाह के समय में जलजमाव से काफी परेशानी हो रही है। समस्या के निदान को लेकर जनप्रतिनिधि पहल नहीं कर रहे हैं। नाला की सफाई नियमित हो।

-उदय मंडल

जलमीनार से सभी घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। कई परिवारों को पानी के लिए काफी कठिनाई होती है। जल्द से गांव के सभी घरों तक पानी की आपूर्ति बहाल हो। वहीं जल-नल योजना में कई जगह पर टोंटी नहीं है, या टूट चुकी है।

- कैलाश मंडल

नाला जाम हो चुका है। घरों में भी नाले का पानी घुस जाता है। गांव में सप्ताह में एक दिन ही सफाई कर्मी आते है, अगर वह भी छुट्टी पर चला गया, तो उसके बाद तो उसका दर्शन तक नहीं होता है। नियमित रूप से सफाई की व्यवस्था हो।

-झालो देवी

शिकायतें

1. जगतपुर गांव के नाला का नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदगी जमा होकर जाम हो चुका है, जिसे जलनिकासी सही तरीके से नहीं हो पा रही है।

2. गांव में सफाई कर्मी नियमित रूप से नहीं आते हैं। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण नहीं होने के कारण आसपास के क्षेत्र में लोगों कूड़ा फेकने को मजबूर हैं।

3. नाला जाम होने के कारण हल्की बारिश में भी गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। कई बार नाला का गंदा पानी घरों और गांव के मंदिरों में भी भर जाता है।

4. नालियों की उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण नाला का गंदा पानी गांव के बगीचे में प्रवेश कर रहा है, जिससे फलदार पेड़ भी खत्म हो रहे हैं।

5. गांव में बिजली आपूर्ति के लिए लगा ट्रांसफार्मर झुक चुका है, जो किसी भी समय गिरकर बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।

सुझाव

1. नाले की नियमित सफाई और मरम्मत कार्य कराई जाए, साथ ही नाला का पुनर्निर्माण भी हो, जिससे जल निकासी की समस्या समाप्त हो सके।

2. गांव में सफाई कर्मियों की प्रति दिन उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को पुनः शुरू कराया जाए।

3. गांव के नाला की समय-समय पर सफाई कराई जाए ताकि बारिश के समय पानी का बहाव बनी रहे और घरों एवं मंदिरों में नाला का पानी प्रवेश न करे।

4. नालियों की निकासी के लिए उचित दिशा व्यवस्था की जाए, जिससे गंदा पानी बगीचे में न प्रवेश करे, और बगीचे के सभी पेड़-पौधे सुरक्षित रहें।

5. बिजली विभाग के द्वारा झुके हुए ट्रांसफार्मर की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।

प्रस्तुति: संतोष कुमार, पीतांबर शुक्ला, फोटोग्राफ: नीरज

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।