सुपौल: राघोपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रबुद्ध नागरिकों का किया सम्मान
राघोपुर में 12 वर्षों की केंद्र सरकार की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में भाजपा ने सिमराही बाजार में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर प्रबुद्ध नागरिकों को सम्मानित किया गया और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और कई वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया।

राघोपुर (सुपौल) से ब्रजेश कुमार की रिपोर्ट केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे 12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के जनसंपर्क अभियान के तहत रविवार को राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के सिमराही बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह निर्मली विधानसभा कार्यक्रम प्रमुख सचिन माधोगरिया के नेतृत्व में सिमराही नगर के प्रबुद्ध नागरिकों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया और उन्हें केंद्र सरकार की उपलब्धियों से संबंधित पत्रक वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित डॉ अभिजीत कुमार, डॉ अजय झा, डॉ उमेश कुमार, डॉ भरत चौधरी, संत अमरजीत तथा अधिवक्ता रामचंद्र चौधरी सहित कई अन्य प्रबुद्ध नागरिकों से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया।
इस दौरान उन्हें केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता एवं नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा भी उपस्थित रहे।इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह निर्मली विधानसभा कार्यक्रम प्रमुख सचिन माधोगरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी एवं यशस्वी नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने सुशासन, गरीब कल्याण और जनसेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना एवं मुफ्त राशन जैसी प्रमुख योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और नई आशा का संचार किया है। माधोगरिया ने जोर देकर कहा कि विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प आज नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों के साथ विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद भी हुआ, जिसमें राष्ट्र निर्माण में उनकी सहभागिता के संकल्प को दोहराया गया। यह आयोजन केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के प्रबुद्ध वर्ग को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन