Bihar State Transport Corporation Launches Special Bus Services for Festivals दिल्ली, कोलकाता और यूपी से बिहार के लिए बस सेवा शुरू, किराया और समय जान लीजिए, Bhagalpur Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली, कोलकाता और यूपी से बिहार के लिए बस सेवा शुरू, किराया और समय जान लीजिए

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने त्योहारी सीजन को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू करने की घोषणा की है। इस कदम से उन लाखों प्रवासी कामगारों और बिहारवासियों को राहत मिलेगी जो दुर्गापूजा, छठ और दिवाली पर सुरक्षित और कम किराये में अपने घर लौटना चाहते हैं। 

Sun, 28 Sep 2025 06:23 AMNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share
दिल्ली, कोलकाता और यूपी से बिहार के लिए बस सेवा शुरू, किराया और समय जान लीजिए

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने त्योहारी सीजन को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू करने की घोषणा की है। इस कदम से उन लाखों प्रवासी कामगारों और बिहारवासियों को राहत मिलेगी जो दुर्गापूजा, छठ और दिवाली पर सुरक्षित और कम किराये में अपने घर लौटना चाहते हैं। यह विशेष सेवा 20 सितंबर से शुरू हो गई है जो 30 नवंबर तक जारी रहेगी। निगम ने इस सेवा के लिए एक सितंबर से ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू कर दी थी, जिससे यात्री अपनी यात्रा की योजना समय पर बना सकें। इन बसों का संचालन दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, हरियाणा और पश्चिम बंगाल जैसे प्रमुख राज्यों के लिए रोजाना होगा।

भागलपुर से दिल्ली के लिए एसी का किराया 1487 रुपये है। यह बस प्रतिदिन दोपहर तीन बजे खुलेगी। इस बस में एसी स्लीपर के लिए 2200 रुपये चुकाने होंगे। दिल्ली रूट पर सर्वाधिक बसें और किराए में सब्सिडी दिल्ली रूट पर यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए बीएसआरटीसी ने इस मार्ग पर सबसे अधिक 65 बसों के संचालन का निर्णय लिया है। ये बसें पटना, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, गयाजी और दरभंगा जैसे शहरों से दिल्ली के आनंद विहार के लिए दोपहर दो बजे से रात आठ बजे के बीच रवाना होंगी। इसके अलावा बिहार-हरियाणा के लिए भी 30 एसी सीटर और स्लीपर बसों की विशेष व्यवस्था की गई है। ये बसें यात्रियों को आरामदायक सफर देगी।

पथ परिवहन निगम के अधीक्षक अमित कुमार श्यामला ने बताया कि बीएसआरटीसी की इस पहल का मुख्य मकसद त्योहारों के समय प्राइवेट बस ऑपरेटरों द्वारा मनमाना किराया वसूलने पर रोक लगाना है। निगम ने पहले ही किराया तय कर दिया है। इसके अलावा यात्रियों को आधुनिक सुविधा प्रदान करते हुए सभी बसों में डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध होगी। यात्री अपने टिकट का भुगतान यूपीआई, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसे माध्यमों से कर सकते हैं, जिससे कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा मिलेगा। अन्य रूटों का टाइम टेबल बीएसआरटीसी ने विभिन्न प्रमुख रूटों के लिए डिटेल्ड टाइम टेबल भी जारी कर दिया है।

कोलकाता-पटना रूट पर बसें शाम 6 बजे, रात 7:30 बजे और रात 8:30 बजे उपलब्ध होंगी। दिल्ली से बिहार के भागलपुर के लिए बसें दोपहर 1:30 बजे, शाम 4 बजे और रात नौ बजे रवाना होंगी, जबकि गयाजी से भागलपुर की बसें दोपहर 3:30 बजे और 4:30 बजे उपलब्ध होंगी। इसी तरह कोलकाता-भागलपुर रूट पर बसें शाम चार बजे से रात नौ बजे के बीच संचालित होंगी। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से पटना के लिए नॉन-एसी सीटर बस दोपहर दो बजे और पटना से गाजियाबाद के लिए बस शाम चार बजे रवाना होगी। दिल्ली-पूर्णिया के लिए बस दोपहर एक बजे और पूर्णिया से दिल्ली के लिए बस सुबह 11 बजे रवाना होगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।