Bettiah Hooch Tragedy liquor pouch found in village another victim lost his eyesight जहरीली शराबकांड: गांव में मिला दारू का पाउच, एक और पीड़ित की आंखों की रोशनी गई, Bihar Hindi News - Hindustan
More

जहरीली शराबकांड: गांव में मिला दारू का पाउच, एक और पीड़ित की आंखों की रोशनी गई

पश्चिम चंपारण (बेतिया) के मठिया गांव में कथित जहरीली शराबकांड के बाद दारू के पाउच मिले, जिसे चौकीदार ने जलाने की कोशिश की। एक अन्य व्यक्ति के आंखों की रोशनी चली गई है। कथित रूप से शराब पीने के बाद गांव के 6 लोगों की मौत हो चुकी है।

Mon, 20 Jan 2025 05:11 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, लौरिया (पश्चिम चंपारण)
share
जहरीली शराबकांड: गांव में मिला दारू का पाउच, एक और पीड़ित की आंखों की रोशनी गई

Bihar Hooch Tragedy: बिहार के पश्चिम चंपारण (बेतिया) जिले में कथित जहरीली शराबकांड से अब तक आधा दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है। सभी लौरिया के मठिया गांव के रहने वाले थे। हालांकि, प्रशासन शराब पीने से इनकी मौत होने की पुष्टि नहीं कर रहा है। इस मामले की जांच जारी है। गांव में शराब के कुछ पाउच भी मिली है। सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार मठिया के एक और व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई है। उसे मोतिहारी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित का नाम कलाम देवान है, सूत्रों के अनुसार उसकी आंखों की रोशनी चली गई है। वहीं, मठिया गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मेडिकल टीम घर-घर जाकर सर्वे कर रही है।

मठिया गांव में दो दिनों के भीतर 6 लोगों की असामयिक मौत हो गई। इससे पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों की मानें तो वार्ड नंबर 6 के निवासी 32 वर्षीय कलाम देवान की रविवार को तबीयत बिगड़ गई। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे लेकर मोतिहारी में एक निजी क्लिनिक लेकर गए। कलाम की मां कमरूल निशा ने बताया कि बेटे की तबीयत बहुत ज्यादा खराब है। उससे बात नहीं हो पा रही है। मोबाइल फोन ऑफ है। ग्रामीणों का कहना है कि कलाम की आंखों की रोशनी चली गई है। हालांकि हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में फिर जहरीली शराबकांड, पश्चिम चंपारण में 6 लोगों की मौत से मचा हड़कंप

मठिया गांव में एक के बाद एक 6 लोगों की जान चली गई थी। सबसे पहले गुरुवार को एक व्यक्ति की मौत हुई। फिर शनिवार को पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। गांव में चर्चा है कि जितने भी लोगों की मौत हुई है, सभी शराब के आदी थे। ये दिन-रात दारू का सेवन करते थे। इनकी जिंदगी शराब में ही बीतती थी।

गांव में मिले शराब के पाउच

बिहार में शराबबंदी है, लेकिन लौरिया के मठिया गांव में जहां आधा दर्जन मौते हुई हैं। वहां शराब के दर्जनों पाउच फेंके हुए पाए गए। पुलिस और प्रशासन की नजर जब उन पाउच पर पड़ी तो आनन-फानन में चौकीदार उसे जलाने लगा। किसी ने जलाते हुए इसे कैमरे में कैद कर लिया। प्रशासन की ओर से चार लोगों की मौत स्वाभाविक बता रही है।

मठिया गांव पुलिस छावनी में तब्दील

कथित जहरीली शराबकांड के बाद मठिया गांव में सोमवार को भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। वार्ड नंबर 6 को छावनी में तब्दील कर दिया गया। मौके पर लौरिया बीडीओ संजीव कुमार, सीओ नितेश कुमार सेठ, प्रभारी एसडीपीओ रंजन कुमार सिंह, एसीएमओ, प्रभारी सिविल सर्जन मुर्तुजा अंसारी, थानाध्यक्ष रंजन कुमार शर्मा सहित दर्जनों पुलिस बल के साथ स्थानीय अस्पताल के चिकित्सक और एएनएम पहुंचे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पूर्वी चंपारण का पहला शराब मुक्त गांव बना लक्ष्मीपुर, हुई थी चार लोगों की मौत

ग्रामीण या तो घर में दुबके रहे या खेत खलिहान के काम में जुटे रहे। मेडिकल टीम डोर टू डोर जाकर घर के सभी सदस्यों की मेडिकल जांच कर रही है। वहीं किसी व्यक्ति को कोई परेशानी है तो उसे उसी समय उसके मर्ज के अनुसार दवा भी मुहैया करा रही है। दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि अभी बहुत लोग शराब के आदि हैं। यहां शराब मिलती और बिकती है, लेकिन पुलिस सब कुछ जानकर अनजान बनी बैठी थी। अब तरह की घटना से पुलिस और प्रशासन क्यों हरकत में आया है। इससे अधिक हास्यास्पद और क्या हो सकता है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।