Beaten the woman after calling her a witch tied her to a pillar and cut her hair Humanity is ashamed in Bihar डायन बताकर महिला को पीटा, खंभे से बांधकर बाल काटे; बिहार में इंसानियत शर्मसार, Bihar Hindi News - Hindustan
More

डायन बताकर महिला को पीटा, खंभे से बांधकर बाल काटे; बिहार में इंसानियत शर्मसार

बिहार के सासाराम जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जब दबंगों ने एक महिला को डायन बताकर उसकी पिटाई की। और फिर खंभे से बांधकर आधे सिर के बाल मुंडा दिए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Mon, 21 Oct 2024 08:24 PMsandeep हिन्दुस्तान, सासाराम, संवाददाता
share
डायन बताकर महिला को पीटा, खंभे से बांधकर बाल काटे; बिहार में इंसानियत शर्मसार

सासाराम जिले के दावथ थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला को दबंगों ने डायन बताकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद बिजली के खंभे में बांध कर उसके सिर के आधे बाल मुड़ा दिए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

महिला ने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम वह अपने परिवार के साथ घर में थी। तभी पड़ोसी और उनके रिश्तेदार शेख मसूहुद्दीन और उनके चार पुत्रों शेख सड़न, शेख लड्डन, शेख शबान, शेख रबान और उनके रिश्तेदार बभनौल निवासी शिबू, शुगरी खातून व साहिन खातून घर में घुस आए। उसे डायन बताकर उसके और परिवार के साथ मारपीट करने लगे।

शेख सड़न और शिबू उसे पकड़ कर घर से बाहर ले गए और बिजली के खंभे में हाथ पीछे कर बांध दिया। आधे सिर के बाल मुड़ा दिया। धमकी दी कि पेशाब पिलाकर गांव में घुमाएंगे। तुझे गांव में नहीं रहने देंगे। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। थानाध्यक्ष कृपाल जी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। पीड़ित का इलाज कराया गया है।

पीड़ित महिला ने बताया कि शुक्रवार को पड़ोसी शेख मसूहुदीन की 22 वर्षीय पुत्री की किडनी खराब होने से मौत हो गई थी। उसकी मौत बाद उसे डायन बताकर प्रताड़ित किया गया। आठ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को एक आरोपित सुगरी खातून को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।