Barati and bride side people fight over dance on DJ in wedding groom head injured डीजे पर हम डांस करेंगे... शादी में भिड़ गए बाराती और लड़की वाले, दूल्हे का सिर फूट गया, Bihar Hindi News - Hindustan
More

डीजे पर हम डांस करेंगे... शादी में भिड़ गए बाराती और लड़की वाले, दूल्हे का सिर फूट गया

रोहतास जिले के कच्छावां में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच मारपीट हो गई। इसमें दूल्हे का सिर फूट गया। जख्मी हालत में ही उसने फेरे लेकर शादी की रस्में पूरी की।

Wed, 21 May 2025 08:44 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, नासरीगंज (रोहतास)
share
डीजे पर हम डांस करेंगे... शादी में भिड़ गए बाराती और लड़की वाले, दूल्हे का सिर फूट गया

बिहार के रोहतास जिले में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर लड़का और लड़की पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। बारातियों और घरातियों के बीच गाली-गलौज के बाद बात मारपीट तक पहुंच गई। इस झगड़े में दूल्हे का सिर फूट गया। यह वाकया नासरीगंज के कच्छवां थाना क्षेत्र में सवारी स्थित एक निजी मैरिज हॉल में हुआ। दूल्हा पक्ष के लोगों ने स्थानीय थाने में लड़की पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को इमादपुर थाना क्षेत्र के सहियारा गांव से बारात कच्छावां आई थी। मैरिज हॉल में धूमधाम से शादी समारोह चल रहा था। डीजे भी बज रहा था। इसी दौरान लड़की पक्ष के लोग आए और बोला कि डीजे पर सिर्फ हम लोग डांस करेंगे। इसके बाद लड़का पक्ष के लोगों से उनकी बहस हो गई। बारातियों ने कहा कि डीजे हमने किया इसलिए हम इस पर डांस करेंगे। इसी बात पर शादी समारोह में बवाल मच गया।

दूल्हा राहुल कुमार ने आरोप लगाया कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इसके बाद वे मारपीट करने लगे। दुल्हन पक्ष से अजीत कुमार ने हाथ में पत्थर लेकर दूल्हे के सिर पर मार दिया। इससे दूल्हे का सिर फूट गया। शोरगुल सुन दूल्हे की बहन वहां आई तो उसके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि लड़की वालों ने दूल्हे की बहन के गले से मंगलसूत्र, टीका और बाली छीन ली।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गर्लफ्रेंड की शादी में गया प्रेमी, सुबह मरा मिला; दुल्हन के घर वालों ने मारा?

इसके बाद किसी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। तब तक मारपीट कर रहे आरोपी वहां से भाग निकले। दूल्हे ने घायल अवस्था में ही फेरे लेकर शादी की रस्म पूरी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष मितेश कुमार ने बताया कि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, अन्य को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार लोगों में भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी इंदल कुमार और रुदल कुमार शामिल हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।