Weather Changes Create Health and Crop Issues in Araria District देर शाम हुई हल्की बारिश, कहीं कोई नुकसान नहीं, मौसम हुआ सुहाना, Araria Hindi News - Hindustan
More

देर शाम हुई हल्की बारिश, कहीं कोई नुकसान नहीं, मौसम हुआ सुहाना

अररिया, निज प्रतिनिधि जिले में मौसम के बदले मिजाज से लोगों को राहत नहीं

Sat, 9 May 2026 10:14 PMNewswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share
देर शाम हुई हल्की बारिश, कहीं कोई नुकसान नहीं, मौसम हुआ सुहाना

अररिया, निज प्रतिनिधि जिले में मौसम के बदले मिजाज से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। कभी आसमान में छाए बादल के साथ बारिश शुरू हो जाती है तो कभी तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन जाता है। जिले में पिछले दिनों हुई तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब तक मौसम पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। शुक्रवार की देर शाम मौसम का मिजाज बदल गया। अचानक बारिश शुरू हो गयी हालांकि यह बारिश हल्की थी और हवा भी नहीं थी। इसलिए कहीं कोई नुकसान की खबर नहीं है।

सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। लेकिन कुछ ही देर बाद मौसम साफ होने लगा। कुछ घंटे के बाद धूप भी निकली लेकिन आसमान में मंडराते बादल को देख कर बारिश की संभावना बनी रही। मौसम में उमस बरकरार रही। मौसम विभाग के मुताबिक आनेवाले दिनों में भी मौसम में लगातार बदलाव होते रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की संभावना दिख रही है। शनिवार को जिले के अधिकतम तापमान का पारा 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई जबकि न्यूनतम पारा 23 डिग्री सेल्सियस रही। वहीं पिछले एक सप्ताह से रुक-रुक कर बारिश और तेज हवा से फसलों को काफी नुकसान पहुंच रहा है। खासकर खेतों में पक कर तैयार नगदी फसल मक्का के अलावे दलहन और तेलहन फसल को नुकसान पहुंच रहा है। खेतों में फसलों को बर्बाद होता देखकर किसान हलकान हैं। किसानों का कहना है कि जिस तरह जिले में लगातार प्राकृतिक आपदा कहर बनकर किसानों पर टूट रही है, इससे किसानों को काफी नुकसान होगा। इधर मौसम के बदले मिजाज का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। लोग सर्दी खांसी और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों के ओपीडी में इन दिनों मौसमी बीमारियों के मरीजों की तादात बढ़ गई है। ओपीडी में करीब 30 से 40 प्रतिशत मरीज मौसमी बीमारियों की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।