फारबिसगंज स्टेशन पर गेंहुमन सांप से मची अफरा-तफरी, यात्रियों में दहशत
रविवार को फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर एक गेंहुमन सांप आरपीएफ कार्यालय में घुस गया, जिससे हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। बिजली मिस्त्री मोहम्मद अनीस ने साहस दिखाते हुए सांप को बाहर निकाला। अंततः सांप प्लेटफार्म के नाले में चला गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

फारबिसगंज, निज संवाददाता। रविवार को फारबिसगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गेंहुमन सांप अचानक आरपीएफ कार्यालय में घुस गया। सांप के दिखाई देते ही कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी जान बचाकर बाहर की ओर भाग निकले। स्थिति इतनी भयावह थी कि कुछ समय के लिए पूरा प्लेटफार्म दहशत के माहौल में डूब गया। घटना के दौरान जोगबनी-कटिहार लोकल ट्रेन आने वाली थी, जिसके कारण प्लेटफार्म पर सैकड़ों यात्रियों की भीड़ मौजूद थी। सांप की खबर फैलते ही यात्रियों में भी पैनिक फैल गया। कई लोग डर के मारे दूर हट गए, जबकि कुछ लोग इस घटना को अपने मोबाइल में कैद करने लगे।
पूरे प्लेटफार्म पर भय और कौतूहल का मिला-जुला दृश्य देखने को मिला। इसी बीच बिजली मिस्त्री मोहम्मद अनीस ने साहस का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर सांप को बाहर निकालने का जिम्मा उठाया। अनीस ने बताया कि सांप बेहद जहरीला था और भीड़ को देखते हुए उसे तुरंत निकालना जरूरी था। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने सांप को कार्यालय से खींचकर बाहर निकाला, लेकिन सांप प्लेटफार्म पर गिर गया, जिससे एक बार फिर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि यह संयोग ही रहा कि सांप प्लेटफार्म के नाले में जाकर घुस गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। अनीस ने बताया कि उन्होंने पहले भी इस तरह के कई जोखिम भरे काम किए हैं और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही यह कदम उठाया। करीब आधे घंटे तक कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जहां टेबल, कुर्सी और अन्य सामान अस्त-व्यस्त हो गए। वहीं लगभग एक घंटे तक स्टेशन पर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। आरपीएफ कर्मियों और स्टेशन स्टाफ ने भी सांप के सुरक्षित निकल जाने के बाद राहत महसूस की। आरपीएफ कर्मियों ने बताया कि बारिश के कारण सांप ऊपर से गिरकर कार्यालय में आ गया था। घटना के शांत होने के बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन