Anant Singh announces to file nomination from Mokama Assembly seat on 14 October before NDA seat sharing or JDU list अनंत सिंह 14 अक्टूबर को मोकामा से नामांकन करेंगे, सीट बंटवारे और कैंडिडेट लिस्ट से पहले खुला ऐलान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

अनंत सिंह 14 अक्टूबर को मोकामा से नामांकन करेंगे, सीट बंटवारे और कैंडिडेट लिस्ट से पहले खुला ऐलान

बाढ़ के बाहुबली अनंत सिंह ने 14 अक्टूबर को मोकामा सीट से नॉमिनेशन करने करने का खुला ऐलान कर दिया है। अभी ना एनडीए में सीट बंटवारा हुआ है और ना ही जेडीयू कैंडिडेट की लिस्ट की घोषणा हुई है।

Fri, 10 Oct 2025 11:31 AMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान
share
अनंत सिंह 14 अक्टूबर को मोकामा से नामांकन करेंगे, सीट बंटवारे और कैंडिडेट लिस्ट से पहले खुला ऐलान

बाढ़ के बाहुबली नेता अनंत सिंह ने 14 अक्टूबर को मोकामा विधानसभा सीट से नामांकन करने का ऐलान कर दिया है। पांच बार विधायक रह चुके अनंत सिंह का यह छठा चुनाव होगा। अनंत सिंह ने सोशल मीडिया पर लोगों को 14 अक्टूबर को अपने नॉमिनेशन में आने का खुला न्योता दिया है। मोकामा सीट से उनकी पत्नी नीलम देवी मौजूदा विधायक हैं। 2022 में अनंत को सजा होने के बाद उप-चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के टिकट पर जीतीं नीलम देवी 2024 में नीतीश कुमार के साथ चली गई थीं। अनंत सिंह जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के टिकट पर लड़ सकते हैं लेकिन अभी कैंडिडेट की घोषणा नहीं हुई है।

अनंत सिंह ने जेल से रिहा होने के बाद ही कह दिया था कि अब पत्नी नहीं लड़ेगी, वो खुद लड़ेंगे। अनंत सिंह हाल के दिनों में जेडीयू नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और राज्य सरकार के मंत्री अशोक चौधरी के काफी करीब आ गए हैं। नीतीश कुमार के साथ उनकी पुरानी तस्वीर पहले से वायरल होती रही है। अनंत ने सोशल मीडिया पर नामांकन के आमंत्रण का जो पोस्टर छापा है, उसमें वो खुद को जेडीयू कैंडिडेट दिखा रहे हैं। माना जा रहा है कि मोकामा सीट पर अनंत का टिकट पक्का है, इसलिए सीट बंटवारे या कैंडिडेट लिस्ट की औपचारिक घोषणा से पहले अपने नामांकन का ऐलान कर दिया है।

बिहार चुनाव: अनंत सिंह से लेकर रीतलाल यादव तक, टिकट की कतार में बाहुबलियों के रिश्तेदार भी

अनंत सिंह मोकामा सीट से पहली बार 2005 में नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के टिकट पर ही जीते थे। तब से वो लगातार जीत रहे हैं। 2005 के दोनों चुनाव और 2010 का चुनाव वो जदयू से ही लड़े और जीते। 2015 में वो निर्दलीय लड़े और जीते। 2020 में अनंत सिंह ने लालू यादव और तेजस्वी यादव का नेतृत्व कबूल कर लिया और राजद के टिकट पर जीते। 2022 में एके 47 केस में सजा होने के बाद जब सीट खाली हुई तो पत्नी नीलम देवी को राजद से लड़ाकर जिताया।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।