बिहार में भ्रष्टाचार पर दनादन ऐक्शन, 3 घूसखोर पकड़े गए; इंजीनियर और डीएसपी के यहां रेड
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एसवीयू, ईओयू समेत अन्य एजेंसियों ने 3 घूसखोर कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि दो भ्रष्ट इंजीनियर एवं डीएसपी के ठिकानों पर छापेमारी की।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकारी एजेंसियों ने गुरुवार को दनादन कार्रवाई की। राज्य में तीन सरकारी कर्मचारी घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। वहीं, एक डीएसपी और एक इंजीनियर के यहां भ्रष्टाचार के मामले में छापेमारी की गई। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बीएसईआईडीसी के कार्यपालक अभियंता प्रमोद कुमार के सहरसा, सीतामढ़ी और पटना में 6 ठिकानों पर रेड मारी। वहीं, विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने मद्य निषेध विभाग के डीएसपी अभय कुमार यादव के पटना और खगड़िया स्थित आवास एवं कार्यालय पर छापेमारी की।
इनके अलावा पटना में शिक्षा विभाग का प्रधान लिपिक अशोक कुमार वर्मा 1 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। उसे एसवीयू ने गिरफ्तार किया। वहीं, किशनगंज में भू-अर्जन कार्यालय के अमीन निरंजन प्रसाद दांगी को एक लाख रुपये की घूस लेते निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पकड़ा। भोजपुर जिले में भी ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए पीरो अंचल के राजस्व कर्मचारी राजा कुमार दास को 20 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। राज्य में एक ही दिन में हुई इन ताबड़तोड़ कार्रवाई से सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया।
इंजीनियर के पास करोड़ों के जमीन के कागज मिले
ईओयू ने बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम (बीएसईआइडीसी) के कार्यपालक अभियंता प्रमोद कुमार के सहरसा, सीतामढ़ी और पटना स्थित छह ठिकानों पर गुरुवार को छापेमारी की। इंजीनियर के खिलाफ आय से 310 फीसदी अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करते हुए छानबीन शुरू की गई। देर शाम तक हुई जांच में ठिकानों से 5.29 लाख रुपये नकद व 3.55 करोड़ से अधिक मूल्य के जमीन के कागजात बरामद हुए हैं। इसके अतिरिक्त बैंक खातों में 18.85 लाख रुपये जमा और 11 लाख के वाहन की जानकारी मिली है।
जांच में ईओयू को जानकारी मिली है कि कार्यपालक अभियंता के द्वारा झारखंड व सीमावर्ती राज्यों में भी बेनामी संपत्ति बनाई गई है। भ्रष्टाचार को लेकर शिक्षा विभाग द्वारा पहले से निलंबित कार्यपालक अभियंता छापेमारी के दौरान फरार रहे। पटना में गोला रोड और राजीव नगर स्थित आवास, सीतामढ़ी स्थित पैतृक आवास और सहरसा के कार्यालय व आवास पर छापेमारी हुई।
मद्य निषेध डीएसपी के ठिकानों से जमीन के 9 दस्तावेज मिले
स्पेशल विजिलेंस यूनिट (एसवीयू) ने बिहार पुलिस अपराध अनुसंधान विभाग के मद्य निषेध प्रभाग में तैनात डीएसपी अभय कुमार यादव के पटना और खगड़िया स्थित आवास और कार्यालय परिसर में गुरुवार को छापेमारी की। उन पर एसवीयू थाने में 50.42 फीसदी आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन जांच के दौरान उससे कई गुना अधिक संपत्तियां मिली हैं।
एसवीयू के मुताबिक छापेमारी में इनके परिसरों से 1.05 लाख रुपये नकद और 12 लाख से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण मिले। जमीन की खरीद-बिक्री के कुल 09 सेल डीड मिले हैं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपये में हैं। इन्होंने खगड़िया में पांच कट्ठा से अधिक जमीन पर 15 कमरे का तीन मंजिला मकान बनाया है। इसके अतिरिक्त 25 से अधिक किसान विकास पत्र में लाखों रुपये का निवेश मिला है। 20 से अधिक बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनमें जमा राशि का पता लगाया जा रहा है। विभिन्न बैंकों के फिक्स्ड डिपॉजिट कागजात भी मिले हैं।
महिला कर्मी से 1 लाख रुपये घूस लेते पकड़ा गया क्लर्क
एसवीयू ने पटना के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय में तैनात प्रधान लिपिक अशोक कुमार वर्मा को एक लाख रुपये घूस लेते हुए गुरुवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। प्रधान लिपिक पर महिला कर्मी के मातृत्व अवकाश की स्वीकृति के लिए डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। महिला कर्मी के पति राकेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी उनकी पत्नी के मातृत्व अवकाश स्वीकृत किए जाने को लेकर प्रधान लिपिक द्वारा डेढ़ लाख रुपये दिए जाने का दबाव बनाया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद प्रधान लिपिक के आवास और कार्यालय में भी तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
1 लाख घूस लेते पकड़ा गया अमीन
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने किशनगंज जिला भू-अर्जन कार्यालय में तैनात अमीन निरंजन प्रसाद दांगी को एक लाख रुपये रिश्वते लेते जिला परिषद कार्यालय गेट के बाहर रंगे हाथ पकड़ा। स्थानीय निवासी अजमेर आलम ने निगरानी में दर्ज कराये शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपी अमीन के द्वारा सरकार द्वारा भू-अर्जन की गयी जमीन की 16 लाख रुपये मुआवजा राशि भुगतान को लेकर दो लाख रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे। निगरानी की टीम को मकान की तलाशी में 2.66 लाख रुपयेनकदमिलेहैं।
भोजपुर में राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार
जिले के पीरो अंचल में तैनात राजस्व कर्मचारी राजा कुमार दास को 20 हजार रुपये नकद घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। निगरानी ब्यूरो के मुख्यालय की टीम ने आरोपी राजस्व कर्मचारी को उनके पीरो गांधी चौक स्थित किराये के मकान में इनके निजी कार्यालय से गिरफ्तार किया। मामले में पीरो बैसडीह के महावीर ने आरोप लगाया था कि आरोपी राजस्व कर्मचारी के द्वारा चार जमीन का परिमार्जन करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। परिवादी की शिकायत के सत्यापन के बाद डीएसपी पवन कुमार 2 के नेतृत्व में गठित धावा दल ने ट्रैपकीकार्रवाईकी।




साइन इन