गाली वाला वीडियो फर्जी, AI से बना; विवादित बयान पर घिरे RJD सांसद सुरेंद्र यादव की सफाई
विवादित बयान पर घिरने के बाद आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव ने सफाई देते हुए वायरल हो रहे वीडियो को फर्जी और एआई से बना हुआ बताया। उन्होने कहा कि कुछ लोग लालच में इस तरह का वीडियो बनाकर वायरल करते हैं।

राजद सांसद सुरेंद्र यादव का एक जाति विशेष के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। सांसद ने वीडियो को फर्जी बताते हुए दावा किया कि यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से बनाया गया है। सांसद ने इसका ठीकरा मीडियाकर्मियों पर फोड़ा।
उन्होने कहा कि कुछ लोग लालच में इस तरह का वीडियो बनाकर वायरल करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हम किसी से माफी नहीं मांगेंगे और ना ही किसी से डरने वाले हैं। उन्होंने कहा, ‘हम कहां कह रहे हैं कि हमको माफ कर दीजिए, हम कहां घिघिया रहे हैं। हमको भय नहीं है। मौत तो सत्य है। एक दिन हर इंसान को आनी है।’ उन्होंने कहा कि इन सबके लिए सरकार जिम्मेवार है। सरकार क्यों नहीं मीडिया कर्मियों को एक वेतनमान निर्धारित कर देती है।
आपको बता दें सांसद सुरेंद्र यादव का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे यादव समुदाय को कथित तौर पर अपशब्द कहते हुए नजर आ रहे थे। इस अमर्यादित बातचीत के वीडियो को लेकर उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था।




साइन इन