premanand ji maharaj how to identify true love vs lust प्रेमानंद महाराज: सच्चा प्रेम किसे कहते हैं? जानिए इसे पहचान करने का तरीका
More

प्रेमानंद महाराज: सच्चा प्रेम किसे कहते हैं? जानिए इसे पहचान करने का तरीका

राधारानी के परम भक्त संत श्री प्रेमानंद जी महाराज कहते हैं, 99 फीसदी रिलेशनशिप स्वार्थ पर टिकी होती हैं, सिर्फ 1 फीसदी में सच्चा प्रेम होता है। आजकल लोग शुरुआत में ही मीठी-मीठी बातें, गिफ्ट्स और ओवर अटेंशन देखकर सोच लेते हैं कि यह सबसे बड़ा प्यार है, लेकिन बाद में धोखा मिलता है और दिल टूट जाता है।

Mon, 1 Dec 2025 07:23 PMNavaneet Rathaur लाइव हिन्दुस्तान
share
प्रेमानंद महाराज: सच्चा प्रेम किसे कहते हैं? जानिए इसे पहचान करने का तरीका

राधारानी के परम भक्त संत श्री प्रेमानंद जी महाराज कहते हैं, 99 फीसदी रिलेशनशिप स्वार्थ पर टिकी होती हैं, सिर्फ 1 फीसदी में सच्चा प्रेम होता है। आजकल लोग शुरुआत में ही मीठी-मीठी बातें, गिफ्ट्स और ओवर अटेंशन देखकर सोच लेते हैं कि यह सबसे बड़ा प्यार है, लेकिन बाद में धोखा मिलता है और दिल टूट जाता है। महाराज जी ने बहुत सरल भाषा में सच्चे प्रेम की असली पहचान बताई है।

रोमांस और जल्दबाजी - सच्चा प्यार नहीं

महाराज जी कहते हैं, जो व्यक्ति रिलेशनशिप की शुरुआत में ही बहुत ज्यादा रोमांटिक दिखे, हर समय मैसेज करे, जल्दी-जल्दी मिलने की जिद करे, बहुत जल्दी शादी या कमिटमेंट की बात करे, समझ लो वह सच्चा प्रेमी नहीं है। वह सिर्फ अपनी इच्छाओं को पूरा करना चाहता है। सच्चा प्रेम कभी जल्दबाजी नहीं करता। वह धीरे-धीरे, सहजता से बढ़ता है। शुरुआत में जितना ज्यादा ड्रामा, उतना ही कम सच्चाई।

सच्चा प्रेमी कभी डर या दबाव में नहीं रखता

सच्चा प्रेम करने वाला आपको कभी डराएगा नहीं, धमकाएगा नहीं, ब्लैकमेल नहीं करेगा। वह आपकी भावनाओं को चोट नहीं पहुंचाएगा, आपकी चीजें नहीं तोड़ेगा, आपको किसी फैसले के लिए मजबूर नहीं करेगा। अगर कोई कहता है 'अगर तुमने ऐसा नहीं किया तो मैं मर जाऊंगा' या मैं कुछ कर लूंगा – यह प्रेम नहीं, भावनात्मक ब्लैकमेल है। सच्चा प्रेम हमेशा सहजता और सुरक्षा का एहसास देता है।

सच्चा प्रेमी सबसे अच्छा श्रोता

प्रेमानंद जी महाराज कहते हैं कि सुनना एक बहुत बड़ी कला है। सच्चा प्रेमी सिर्फ आपकी बातें नहीं सुनता, उन्हें दिल से समझता है। आपकी छोटी-छोटी पसंद-नापसंद याद रखता है। तुम्हारी हर बात पर ध्यान देता है। जो व्यक्ति सिर्फ अपनी बात करता हो, तुम्हारी बात को बीच में काट दे या तुम्हारे दर्द को हल्के में ले – वह सच्चा प्रेमी नहीं हो सकता। सच्चा साथी हमेशा पहले तुम्हारी बात सुनेगा, फिर समाधान ढूंढेगा।

सच्चा प्रेम राधा-कृष्ण की तरह निस्वार्थ

महाराज जी कहते हैं कि सच्चा प्रेम लेने नहीं, देने में विश्वास रखता है। वह कभी शर्तें नहीं लगाता, कभी हिसाब नहीं रखता। तुम सही हो या गलत, वह तुम्हें छोड़कर नहीं जाता। ऐसा प्रेम सिर्फ राधा-कृष्ण में पूरा-पूरा दिखता है। अगर दुनिया में कोई ऐसा मिल जाए जो बिना स्वार्थ के तुम्हारा भला चाहे, तो समझ लो राधा-कृष्ण ने अपना रूप भेजा है।

प्रेमानंद जी महाराज कहते हैं कि सच्चा प्रेम पाने की चाहत छोड़ दो। पहले राधा-कृष्ण से सच्चा प्रेम करिए। भगवान आपको ऐसा साथी जरूर देंगे, जो जीवन भर आपका साथ निभाएगा।

डिस्क्लेमर: यह खबर धर्म ग्रंथों, सामान्य जानकारियों और धर्म विशेषज्ञों के सलाह पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए धर्म विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।