Rang Panchami 2026: रंग पंचमी पर किस देवता को कौन सा रंग अर्पित करना होगा शुभ?
Rang Panchami 2026: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस पावन तिथि पर देवी-देवता भी पृथ्वी पर होली खेलने के लिए आते हैं। इसलिए इस दिन अलग-अलग देवताओं पर अलग-अलग रंग-गुलाल अर्पित किए जाते हैं। चलिए जानते हैं कि रंग पंचमी के दिन किस देवता को कौन सा रंग अर्पित करना चाहिए।

हिंदू धर्म में फाल्गुन मास की पूर्णिमा पर होलिका दहन होता है और फिर अगले दिन होली का पर्व मनाया जाता है। होली के ठीक 5वें दिन रंग पंचमी का पर्व मनाया जाता है। यानी होली का पर्व चैत्र मास के कृष्णपक्ष की पंचमी तिथि तक बना रहता है। रंग पंचमी को देवों की होली के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस पावन तिथि पर देवी-देवता भी पृथ्वी पर होली खेलने के लिए आते हैं। इसलिए इस दिन अलग-अलग देवताओं पर अलग-अलग रंग-गुलाल अर्पित किए जाते हैं। चलिए जानते हैं कि रंग पंचमी के दिन किस देवता को कौन सा रंग अर्पित करना चाहिए।
रंग पंचमी का महत्व
वैसे रंग पंचमी का पर्व उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में मुख्य रूप से मनाया जाता है। इस साल रंग पंचमी का पर्व 8 मार्च 2026 को मनाया जाएगा। रंग पंचमी से जुड़ी मान्यता यह भी है कि द्वापर युग में भगवान श्री कृष्ण ने राधा रानी के साथ होली खेली थी और इस होली में जहां देवी-देवताओं ने उन पर पुष्प की वर्षा की थी। इसलिए इस त्योहार का महत्व और भी बढ़ जाता है। इसी वजह से इस दिन भगवान श्री कृष्ण और राधा की विशेष रूप से पूजा करते हैं और देवी-देवताओं का ध्यान करते हुए हवा में अबीर और गुलाल फेंकते है।
रंगों का संबंध
ज्योतिषियों के मुताबिक रंगों का ग्रहों से गहरा संबंध होता है। लाल रंग ऊर्जा और उत्साह का प्रतीक है, पीला रंग गुरु ग्रह से जुड़ा है, जबकि गुलाबी रंग प्रेम और सौहार्द का संकेत देता है। रंग पंचमी पर इन रंगों से खेलना जीवन में सकारात्मकता लाने का प्रतीक माना जाता है। वहीं रंगों का देवी-देवताओं से भी संबंध होता है।
किस देवी-देवता को कौन सा रंग अर्पित करें
भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण
भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण को पीला रंग अत्यंत प्रिय माना जाता है। इसलिए रंग पंचमी के दिन उनकी पूजा में पीले रंग का गुलाल या पुष्प अर्पित करना शुभ माना जाता है।
भगवान शिव
भगवान शिव को नीला या भस्म जैसा हल्का रंग अर्पित करना शुभ माना जाता है। ऐसा करने से मन को शांति मिलती है और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।
मां लक्ष्मी
मां लक्ष्मी को लाल और गुलाबी रंग बेहद प्रिय माने जाते हैं। रंग पंचमी के दिन मां लक्ष्मी को लाल या गुलाबी रंग का गुलाल अर्पित करना शुभ होगा। इससे घर में धन-धान्य और समृद्धि आने की मान्यता है।
मां सरस्वती
मां सरस्वती को सफेद रंग प्रिय माना जाता है, इसलिए उनकी पूजा में सफेद रंग का प्रयोग करना ज्ञान और बुद्धि में वृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
हनुमान जी
हनुमान जी को नारंगी या सिंदूरी रंग का चोला चढ़ाना चाहिए। रंग पंचमी पर उनके चरणों में नारंगी गुलाल अर्पित करने से आत्मविश्वास बढ़ता है और शत्रुओं पर विजय प्राप्त होती है।
गणेश जी
प्रथम पूज्य गणेश जी को हरा या लाल रंग चढ़ाना शुभ माना जाता है। रंग पंचमी के दिन उन्हें हरा रंग चढ़ाने से बुद्धि और ज्ञान में वृद्धि होती है, जबकि लाल रंग कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर करता है।
सूर्यदेव
सूर्यदेव को लाल रंग का गुलाल अर्पित करें। इससे जीवन में आत्मविश्वास और आत्मबल में बढ़ोतरी होती है।
भैरव महाराज
रंग पंचमी के दिन भैरव महाराज को लाल रंग अर्पित करें। यह सभी तरह के भय से मुक्ति देगा।
शनिदेव
शनि देव को नीला रंग अर्पित करेंगे तो सभी तरह के विष दोष से मुक्ति मिलेगी।
डिस्क्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारियों के पूर्णतया सत्य एवं सटीक होने का हम दावा नहीं करते हैं। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।




साइन इन