Horoscope March 2026: Surya- Shukra Rashi Parivartan, Sun- Venus Transit Rashifal Effects on Zodiac Signs मार्च में होगा सूर्य और शुक्र का राशि परिवर्तन, जानें मेष से लेकर मीन तक किसका साथ देगा भाग्य, एस्ट्रोलॉजी न्यूज़ - Hindustan
More

मार्च में होगा सूर्य और शुक्र का राशि परिवर्तन, जानें मेष से लेकर मीन तक किसका साथ देगा भाग्य

Horoscope March 2026: ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, मार्च 2026 का महीना ग्रहों की चाल के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इस महीने दो बड़े ग्रह- ऐश्वर्य, प्रेम और सुख-सुविधाओं के कारक शुक्र और ग्रहों के राजा कहे जाने वाले सूर्य अपनी राशि बदलने जा रहे हैं।

Thu, 26 Feb 2026 09:53 PMYogesh Joshi लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
मार्च में होगा सूर्य और शुक्र का राशि परिवर्तन, जानें मेष से लेकर मीन तक किसका साथ देगा भाग्य

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, मार्च 2026 का महीना ग्रहों की चाल के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इस महीने दो बड़े ग्रह- ऐश्वर्य, प्रेम और सुख-सुविधाओं के कारक शुक्र और ग्रहों के राजा कहे जाने वाले सूर्य अपनी राशि बदलने जा रहे हैं। जब भी शुक्र और सूर्य जैसे प्रभावशाली ग्रह गोचर करते हैं, तो इसका असर सिर्फ व्यक्तिगत जीवन पर ही नहीं, बल्कि रिश्तों, करियर, धन और सामाजिक जीवन पर भी साफ तौर पर देखने को मिलता है। मार्च 2026 में होने वाले ये गोचर कई राशियों के लिए नई शुरुआत, मौके और राहत लेकर आएंगे, वहीं कुछ राशियों को सोच-समझकर कदम रखने की जरूरत पड़ेगी। खास बात यह है कि इस महीने तीन राशियां ऐसी हैं जिनकी किस्मत में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इन लोगों के जीवन में पैसा, सम्मान और रिश्तों से जुड़े मामलों में सकारात्मक मोड़ आने के संकेत मिल रहे हैं।

मार्च 2026 के ग्रह गोचर

2 मार्च (सोमवार): शुक्र का मीन राशि में प्रवेश – रात 01:01 बजे

15 मार्च (रविवार): सूर्य का मीन राशि में प्रवेश – रात 01:08 बजे

26 मार्च (गुरुवार): शुक्र का मेष राशि में प्रवेश – सुबह 05:13 बजे

इन 3 राशियों की चमकेगी किस्मत

1. मीन राशि- मार्च की शुरुआत में ही शुक्र का आपकी राशि में प्रवेश होना आपके व्यक्तित्व में निखार लेकर आएगा। आकर्षण बढ़ेगा और लोग आपकी बातों से प्रभावित होंगे। 15 मार्च को सूर्य के आगमन से मान-सम्मान में बढ़ोतरी के योग बन रहे हैं। ऑफिस या समाज में पहचान मिल सकती है। हालांकि दो बड़े ग्रहों के एक साथ होने से स्वभाव में थोड़ी सख्ती या जल्दी गुस्सा आने की स्थिति बन सकती है। इसके बावजूद पैसों के मामले में यह समय मजबूत रहने वाला है। आमदनी के नए रास्ते खुल सकते हैं और पुराने रुके पैसे मिलने की उम्मीद रहेगी।

2. मेष राशि- महीने के अंत में 26 मार्च को शुक्र का आपकी राशि में प्रवेश आपके प्रेम जीवन और सुख-सुविधाओं में सुधार लाएगा। पार्टनर के साथ चल रही अनबन खत्म हो सकती है और रिश्तों में फिर से अपनापन आएगा। जो लोग व्यापार से जुड़े हैं, उनके लिए नई साझेदारी या डील फायदेमंद साबित हो सकती है। आत्मविश्वास बढ़ेगा और लोग आपकी ओर आकर्षित होंगे। इस दौरान अपनी इमेज और रिश्तों को बेहतर बनाने का अच्छा मौका मिलेगा।

3. कुंभ राशि- मीन राशि में होने वाले गोचर आपके दूसरे भाव यानी धन भाव को प्रभावित करेंगे। अटका हुआ पैसा वापस मिलने की संभावना बन रही है। वाणी में मधुरता आएगी, जिससे बातचीत के जरिए बिगड़े काम बन सकते हैं। परिवार और ऑफिस दोनों जगह आपकी बातों को महत्व मिलेगा। आर्थिक मामलों में स्थिरता आएगी और बचत पर भी ध्यान जा सकेगा।

इन 4 राशियों को रहना होगा सावधान

1. सिंह राशि- इस दौरान सिंह राशि वालों को सेहत पर खास ध्यान देने की जरूरत होगी। छोटी-मोटी दिक्कतों को नजरअंदाज करना बाद में परेशानी खड़ी कर सकता है। गुस्से और ईगो के कारण रिश्तों में टकराव की स्थिति बन सकती है। घर या ऑफिस में किसी से भी बेवजह बहस करने से बचना बेहतर रहेगा। बात-बात पर प्रतिक्रिया देने की बजाय शांत रहकर सोच-समझकर जवाब देना फायदेमंद रहेगा। अपने व्यवहार में नरमी लाने से कई बिगड़े काम संभल सकते हैं।

2. मिथुन राशि- मिथुन राशि वालों के लिए काम का दबाव बढ़ सकता है। जिम्मेदारियां बढ़ने से मन थोड़ा परेशान रह सकता है। जल्दबाजी में लिए गए फैसले नुकसान दे सकते हैं, खासकर करियर से जुड़े मामलों में। ऑफिस में बोलते समय शब्दों का चयन सोच-समझकर करें, ताकि कोई गलतफहमी न बने। सहकर्मियों से बातचीत में संयम रखें। अगर धैर्य के साथ काम करेंगे, तो धीरे-धीरे स्थितियां आपके पक्ष में भी आ सकती हैं।

3. कर्क राशि- कर्क राशि वालों को भावनाओं में बहकर फैसले लेने से बचना होगा। निजी जीवन या परिवार से जुड़े मामलों में जल्दबाजी परेशानी बढ़ा सकती है। किसी की बातों में आकर बड़ा कदम उठाना नुकसानदेह हो सकता है। परिवार के मामलों में सोच-समझकर कदम उठाना जरूरी रहेगा। अपने मन की बात कहने से पहले हालात को समझना और सभी पहलुओं पर गौर करना फायदेमंद रहेगा। शांत रहकर काम लेंगे तो उलझनें कम होंगी।

4. मकर राशि- मकर राशि वालों के लिए पैसों से जुड़े मामलों में सतर्कता जरूरी रहेगी। जल्दबाजी में किया गया निवेश या कोई बड़ा आर्थिक फैसला नुकसान पहुंचा सकता है। बिना प्लानिंग के खर्च बढ़ने से बजट बिगड़ सकता है। इस दौरान पैसों को लेकर सही योजना बनाना और उसी पर चलना फायदेमंद रहेगा। कामकाज में भी जल्दबाजी से बचें और हर फैसला सोच-समझकर लें।

इन 5 राशियों पर रहेगा मिला-जुला असर-

  1. वृषभ राशि- वृषभ राशि वालों के लिए आय के नए मौके बन सकते हैं। कामकाज में तरक्की या अतिरिक्त आमदनी के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि खर्चों पर कंट्रोल रखना जरूरी होगा, क्योंकि फालतू खर्च बजट बिगाड़ सकता है। परिवार से जुड़ी कुछ जिम्मेदारियां भी बढ़ सकती हैं, जिन पर ध्यान देना पड़ेगा। अगर कमाई और खर्च के बीच संतुलन बनाए रखेंगे, तो स्थिति संभली रहेगी।

2. कन्या राशि- कन्या राशि वालों के रिश्तों में सुधार के योग बन रहे हैं। पार्टनर के साथ तालमेल बेहतर हो सकता है और आपसी समझ बढ़ेगी। हालांकि पार्टनरशिप या किसी साझा काम में गलतफहमी की आशंका रहेगी। किसी भी समझौते या डील को फाइनल करने से पहले सभी बातों को साफ करना जरूरी होगा। सही संवाद से कई परेशानियां टल सकती हैं।

3. तुला राशि- तुला राशि वालों को पुराने कर्ज या अटके कामों से राहत मिलने की संभावना है। कुछ मामलों में स्थिति आपके पक्ष में जाती दिख रही है। हालांकि काम का दबाव बढ़ने से थकान महसूस हो सकती है। समय पर आराम न करने से सेहत पर असर पड़ सकता है। काम और आराम के बीच संतुलन बनाकर चलना इस दौरान जरूरी रहेगा।

4. वृश्चिक राशि- वृश्चिक राशि वालों को घर-परिवार से जुड़ी कोई अच्छी खबर मिल सकती है, जिससे मन खुश रहेगा। बच्चों या पढ़ाई से जुड़ा कोई सुखद समाचार मिल सकता है। हालांकि भावनाओं में बहकर लिए गए फैसले नुकसान पहुंचा सकते हैं। किसी भी बड़े निर्णय से पहले सोच-विचार करना जरूरी रहेगा। परिवार और करियर दोनों में संतुलन बनाकर चलना फायदेमंद रहेगा।

5. धनु राशि- धनु राशि वालों के लिए सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी के योग बन रहे हैं। घर में कुछ नया सामान आ सकता है या जीवनशैली में सुधार देखने को मिल सकता है। हालांकि घर के किसी बड़े सदस्य की सेहत को लेकर चिंता बनी रह सकती है। पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ने से निजी योजनाओं में बदलाव करना पड़ सकता है। अगर समझदारी से समय और जिम्मेदारियों को संभालेंगे, तो माह ठीक-ठाक बीतेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:3 मार्च को चंद्र ग्रहण: क्या होली की पूजा पर पड़ेगा असर? जानें सूतक में क्या करें
ये भी पढ़ें:2 या 3 मार्च, कब है होलिका दहन? जानें भद्रा के बीच दहन का सबसे शुभ मुहूर्त और सह
ये भी पढ़ें:कुंभ राशि में बुध की उलटी चाल, 21 मार्च तक इन राशियों की चमकेगी किस्मत

डिस्क्लेमर: इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य है और सटीक है। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

जानें लेटेस्ट Dharm News, Aaj ka Rashifal और सटीक Panchang की जानकारी। अपनी डेली पूजा के लिए यहाँ पढ़ें Shiv Chalisa, Hanuman Chalisa और Bajrang Baanहिंदू कैलेंडर 2026 की शुभ तिथियों के साथ अपने हर दिन को खास बनाएं!