Ashtami Navami 2026: 26 या 27 मार्च कब करें कन्या पूजन? जानें अष्टमी-नवमी की सही तारीख और रामनवमी डेट
चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च से हो गई थी। चैत्र नवरात्रि अब आखिरी दौर में है, लेकिन इस बार अष्टमी और नवमी की तिथियों को लेकर लोगों में कंफ्यूजन बना हुआ है। वजह है दोनों तिथियों का एक ही दिन में बदलना।

Ashtami Navami 2026: चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च से हो गई थी। चैत्र नवरात्रि अब आखिरी दौर में है, लेकिन इस बार अष्टमी और नवमी की तिथियों को लेकर लोगों में कंफ्यूजन बना हुआ है। वजह है दोनों तिथियों का एक ही दिन में बदलना। ऐसे में कन्या पूजन और रामनवमी को लेकर अलग-अलग राय सामने आ रही है।
आइए जानते हैं अष्टमी-नवमी कब है?
26 मार्च को अष्टमी, इसी दिन करें कन्या पूजन- पंचांग के अनुसार अष्टमी तिथि 25 मार्च दोपहर 1:50 बजे से शुरू होकर 26 मार्च सुबह 11:48 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के हिसाब से 26 मार्च को ही अष्टमी मानी जाएगी। यही कारण है कि 26 मार्च, गुरुवार को कन्या पूजन करना सबसे सही माना जा रहा है। सुबह 6:18 से 7:50 तक शुभ समय रहेगा। इसके अलावा 10:55 से दोपहर 3:31 बजे तक भी पूजन किया जा सकता है।
कन्या पूजन का विशेष महत्व- नवरात्रि में कन्या पूजन का खास महत्व होता है। मान्यता है कि छोटी कन्याओं में मां दुर्गा का स्वरूप माना जाता है। उन्हें भोजन कराकर और आशीर्वाद लेकर व्रत पूर्ण होता है।
नवमी 26 से शुरू, 27 मार्च तक रहेगी- नवमी तिथि 26 मार्च सुबह 11:48 बजे से शुरू होकर 27 मार्च सुबह 10:06 बजे तक रहेगी। यहीं से लोगों में कंफ्यूजन शुरू हो रहा है। दरअसल, भगवान राम का जन्म मध्याह्न काल में माना जाता है। इसलिए 26 मार्च को दोपहर में नवमी तिथि होने के कारण कई जगह इसी दिन रामनवमी मनाई जाएगी।
रामनवमी 26 या 27 मार्च? ऐसे समझें- पंचांग के अनुसार 26 मार्च को सुबह 11:13 से दोपहर 1:41 तक रामनवमी पूजा का शुभ समय रहेगा। करीब 12:27 बजे का समय भगवान राम के जन्म का माना जाता है। वहीं, कुछ जगहों पर उदया तिथि को ज्यादा महत्व दिया जाता है। इस वजह से 27 मार्च को भी रामनवमी मनाई जाएगी।
27 मार्च को नवमी पूजन और पारण- जो लोग नवमी के दिन कन्या पूजन करना चाहते हैं, वे 27 मार्च सुबह 10:06 बजे तक पूजन कर सकते हैं। इसी दिन नवरात्रि व्रत का पारण भी किया जाएगा।ज्योतिष के अनुसार 27 मार्च को सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग का संयोग रहेगा, जो पूजा के लिए शुभ माना जाता है। सुबह 7:50 से 9:22 तक लाभ मुहूर्त और दोपहर 12:02 से 12:51 तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा।
अयोध्या में 27 मार्च को रामनवमी- अयोध्या में इस बार रामनवमी 27 मार्च को मनाई जाएगी। राम मंदिर में खास आयोजन की तैयारी है। सुबह भगवान श्रीराम का वैदिक मंत्रों के बीच अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद 56 भोग का प्रसाद चढ़ाया जाएगा। दोपहर 12 बजे प्रभु श्रीराम का प्रकट उत्सव होगा। इसके बाद सूर्य की किरणों से ‘सूर्य तिलक’ किया जाएगा, जो इस बार का मुख्य आकर्षण रहेगा। पूरे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालु भी दर्शन कर सकेंगे।
डिस्क्लेमर: इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।




साइन इन